दुनिया में बदनाम उबर की 10 शर्मनाक करतूतें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हाल ही में दिल्ली में एक महिला से टैक्सी में हुए कथित बलात्कार का मामला सामने आया है, जिसके बाद से टैक्सी कंपनियों पर और ऐसे सफर में यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने रविवार को टैक्सी ड्राइवर को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को 27 वर्षीय इस महिला ने देर रात वसंत विहार से अपने घर सराय रोहिल्ला जाने के लिए टैक्सी ली थी, जिसके ड्राइवर ने उनके साथ कथित रूप से बलात्कार किया था। ये टैक्सी अंतरराष्ट्रीय कंपनी उबर टैक्सी सर्विस की थी।
उबर के खिलाफ यह पहला मामला नहीं है, जब उस पर कोई आरोप लगा है। आइए आपको बताते हैं दुनिया भर में उबर टैक्सी के ड्राइवरों की 10 करतूतों के बारे में-
6 साल की बच्ची को मार डाला: जनवरी 2014 में सैनफ्रैन्सिस्को में उबर कंपनी की टैक्सी के ड्राइवर सैयद मुजफ्फर ने 6 साल की लड़की की हत्या कर दी थी। उबर ने दावा किया था कि घटना के समय मुजफ्फर ने उबर एप में लॉगिन नहीं किया था, इसलिए कंपनी वारदात के लिए जिम्मेदार नहीं है।
उस बच्ची के परिवार वालों ने कंपनी पर 6 साल की मासूम की हत्या का केस भी किया। आरोप के जवाब में उबर के अधिवक्ता का कहना था कि इस दुर्घटना के लिए कंपनी जिम्मेदार नहीं है।
मामले में ये जानकारी भी सामने आई कि मुजफ्फर को ड्राइविंग के लिए रखने से पहले उसकी पिछली जिन्दगी के बारे में छानबीन तक नहीं की गई थी।
एक यात्री पर हमला किया
उबर कंपनी के टैक्सी ड्राइवर दाविया विटमायर (Daveea Whitmire) ने एक यात्री के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद जून 2014 में उस पर खराब आचरण और मारपीट का आरोप लगा था। ड्राइवर ने यात्री से बदतमीजी करते हुए उसे गाड़ी से उतर जाने के लिए कहा।
जब यात्री ने गाड़ी की फोटो खींचनी चाही तो ड्राइवर ने उसके हाथ पर जोरदार वार किया और फिर उसके सीने पर कोहनी से मारा। बाद में इस बात का भी खुलासा हुआ कि विटमायर कई सारे ड्रग्स से जुड़े मुकदमों के तहत दोषी है।
उबर कंपनी ने वेबसाइट डेली बीस्ट से कहा था कि कंपनी की तरफ से ड्राइवर की पिछली जिन्दगी के बारे में पूरी छानबीन की गई थी, जिसमें उस पर कोई भी आरोप नहीं पाया गया।
यात्री का गला दबाया
लेखिका और एक्टिविस्ट ब्रिज टोड (Bridget Todd) ने उबर पर एक ट्वीट किया था, जिसमें लिखा था कि उनके ड्राइवर ने रंगभेद से भड़क कर वॉशिंगटन में उन पर हमला किया और गला दबाने की कोशिश की।
कंपनी ने इसके जवाब में कहा था कि यह यात्री ने ड्राइवर को इसके लिए भड़काया था।
कंपनी के सीईओ ट्राविस कैलेनिक ने अपनी प्रेस टीम को ईमेल के जरिए यह भी कहा था कि वह मीडिया की आलोचना करे, क्योंकि मीडिया उबर को इस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ठहरा रही थी।
यात्री के मुंह पर थूका और मारा
मार्च 2013 में वॉशिंगटन में सेठ बेंडर एक उबर टैक्सी में बैठे और उसे थोड़ी ही देर बाद डकार मार दी। इससे ड्राइवर बहुत ही गुस्सा हो गया और फिर उबर के ड्राइवर हामजा अबु शरिया ने कथित रूप से अमेरिका और गे लोगों के नफरत करने की बात कही।
उसने अमेरिका के कुछ बड़े लोगों की भी आलोचना की।
बेंडर ने शरिया के खिलाफ एक रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि जब वे टैक्सी से उतरे तो शरिया ने उनके मुंह पर थूक दिया और थप्पड़ भी मारा।
किडनैपिंग को बताया रास्ता भटकना
जब एक महिला ने अक्टूबर 2014 को एक पार्टी से घर जाने के लिए उबर टैक्सी ली तो ड्राइवर उसे करीब 20 मील दूर सुनसान इलाके में ले गया।
पूरे रास्ते महिला गलत रास्ते के बारे में सवाल करती रही, लेकिन ड्राइवर ने इसका कोई जवाब नहीं दिया। वह महिला को एक सुनसान पार्किंग में ले गया। जब महिला ने बाहर निकलने की कोशिश की तो ड्राइवर ने सभी दरवाजे लॉक कर दिए।
महिला के बहुत अधिक चिल्लाने और शोर मचाने के बाद वह अपने घर पहुंच सकी। इस पूरे घटनाक्रम में करीब 2 घंटे का समय लग गया, जो महिला के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं था।
महिला ने जब यह पूरी बात उबर को बताई तो कंपनी ने इसके लिए महिला से माफी मांगी और रास्ता भटक जाने की बात कह कर पल्ला झाड़ लिया।
बदतमीजी और गंदे शब्दों का इस्तेमाल
जब उबर के एक ड्राइवर ने अल्वा जेम्स नाम की एक महिला को गालियां देना शुरू किया तो महिला को ड्राइवर पर शक हुआ। महिला ने उसका नाम वैरिफाई कराने को कहा।
आपको बता दें कि आप उबर के ऐप में आप अपने ड्राइवर का नाम देख सकते हैं और आपका ड्राइवर आपका नाम देख सकता है। महिला ने पैन्डो डेली की कार्मेल डीमिसिस को बताया कि उसने अपना नाम बताने से मना कर दिया।
उल्टा ड्राइवर ने महिला से पूछा कि क्या वह मैक्सिकन है और फिर महिला को एक 'गंदी मैक्सिकन समलैंगिक' कहा। अल्वा ने इसकी शिकायत उबर से की और कंपनी के सैनफ्रैन्सिस्को कम्युनिटी के मैनेजर मैथ्यू हर्न्स ने इस पर कोई भी कार्रवाई नहीं कि। इतना ही नहीं, इसके लिए उबर ने महिला से माफी भी नहीं मांगी।
महिला के साथ किया रेप
दिसंबर 2012 में एक 20 वर्षीय महिला ने बार से घर जाने के लिए उबर टैक्सी हायर की। ड्राइवर ने महिला से एडवांस पैसे मांगे, जिसके लिए महिला ने मना कर दिया।
महिला ने बताया कि जब वह गाड़ी से उतरी तो ड्राइवर ने उसे पीछे से पकड़ लिया और जमीन पर गिरा दिया।
गिरने से महिला का सिर कंकरीट से लगा, जिससे उन्हें चोट भी लग गई। महिला के अनुसार इसके बाद ड्राइवर ने उसके साथ रेप किया। इसकी शिकायत के बाद भी उबर के खिलाफ कोई चार्ज नहीं लगाया गया।
महिला यात्री के साथ छेड़छाड़
मार्च 2014 में शिकागो की एक महिला ने उबर के खिलाफ शिकायत की थी। महिला ने कहा था कि जब उन्होंने ड्राइवर को उनके घर छोड़ने के लिए कहा तो वह गलत दिशा में चलने लगा।
महिला को लगा कि ड्राइवर को रास्ता पता नहीं है तो वह ड्राइवर के साथ वाली सीट पर आकर बैठ गईं और रास्ता बताने लगी, लेकिन इस बीच ड्राइवर महिला से रोमांटिक बातें करनी शुरू कर दीं।
इतना ही नहीं, ड्राइवर ने महिला के पैरों, छाती और अन्य अंगों से छेड़छाड़ भी की। जब महिला ने इसका विरोध किया और पुलिस को बुलाने की धमकी दी तो ड्राइवर ने महिला को कार से नीचे उतार दिया।
इसकी शिकायत महिला ने उबर से की, लेकिन उबर ने ड्राइवर के खिलाफ कोई ठोस कदम उठाने के बजाए उसका अकाउंट डीएक्टिवेट कर दिया।
अधिक स्पीड में गाड़ी चलाना
जब वॉशिंगटन में रियान सिमोनेटी (Ryan Simonetti) और उसके दो दोस्तों ने उबर टैक्सी हायर की तो ड्राइवर ने स्पीड लिमिट से तेज गाड़ी चलाकर उनकी जान खतरे में डाली। सिमोनेटी का कहना है कि एक टैक्सी इंस्पेक्टर उनके ड्राइवर से कुछ देर पहले बात कर रहा था, वह उसका पीछा करने लगा।
पहले तो ड्राइवर ने कहा कि वह असली पुलिस नहीं है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन बाद वह गाड़ी हाइवे पर ले गया और सीमा से अधिक तेज गाड़ी चलाने लगा।
जब ड्राइवर से गाड़ी की रफ्तार धीरे करने को कही गई तो वह नहीं माना और तेज स्पीड से गाड़ी चलाता रहा। रास्ते में ड्राइवर ने उन्हें टैक्सी से उतारा और वह टैक्सी लेकर वर्जीनिया की ओर भाग गया।
यात्री से बदतमीजी, कंपनी ने बोला झूठ
सितंबर 2013 में उबर के ड्राइवर ने यात्री के साथ बदतमीजी की। ड्राइवर ने पूछा कि वह एक घंटे पहले लिंकन सेंटर पर थीं या नहीं। इसके बाद उसने एक आईपैड निकाला और वहां की कुछ तस्वीरें दिखाईं, जिसमें यात्री की क्लोज-अप तस्वीरें भी थीं।
इसकी शिकायत जब कंपनी में की गई तो उन्होंने पहले तो 20 डॉलर देने चाहे और फिर उस ड्राइवर को कंपनी से निकाल दिया। इसके बाद ड्राइवर ने उन्हें ईमेल करना शुरू किया और धमकाना शुरू किया कि उसे वापस नौकरी पर लगवाया जाए।
जब कंपनी से पूछा गया कि उस ड्राइवर के पास पूरा नाम और अन्य जानकारियां कैसे गईं तो कंपनी ने पल्ला झाड़ लिया। उबर का कहना था कि वह ऐसा नहीं करते। किसी ड्राइवर को जानकारी देना कंपनी की पॉलिसी के खिलाफ है।