दस मिनट में पढ़िए दिनभर की दस बड़ी खबरें
कांग्रेस की ओर से 17 तारीख को होने वाली महत्वपूर्ण घोषणा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रियंका गांधी ने राहुल गांधी के घर कांग्रेस के आलानेताओं के साथ बैठक की।
गौर करने वाली बात है कि इस बैठक में न तो कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी मौजूद थीं और न ही राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी। उम्मीद जताई जा रही है कि एआईसीसी की 17 तारीख को मीटिंग के बाद राहुल की ताजपोशी की औपचारिक घोषणा हो जाएगी।
इसी के मद्देनजर प्रियंका ने ये बैठक बुलाई थी।इस बैठक में कांग्रेस की पहली पंक्ति के नेता अहमद पटेल, जनार्दन द्विवेदी, अजय माकन, मधुसूदन मिस्त्री, जयराम रमेश जैसे नेता शामिल थे।
सैफई महोत्सव में उत्पात, जमकर भांजी लाठीचार्ज
उत्तर प्रदेश के इटावा में सैफई महोत्सव के दौरान रविवार की रात नौटंकी में जमकर उत्पात हुआ।
गुस्साए युवकों पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया तो पंडाल में भगदड़ मच गई। इस बीच कई युवक घायल हो गए।
पुलिस के आला अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से हालात को संभाल लिया अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी। बवाल की शुरुआत सीओ द्वारा युवक को थप्पड़ मारने के बाद हुई।
सैफई महोत्सव पंडाल में रविवार रात नौटंकी हो रही थी। अनीस भाई एंड कंपनी के कलाकार कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहे थे। रात करीब 10 बजे मंच पर महिला कलाकार डांस करने लगी तो जसवंतनगर निवासी एक युवक नाचने लगा। सीओ श्रीपाल यादव ने उसको थप्पड़ जड़ दिया।
राहुल की ताजपोशी से पहले 500 करोड़ खर्च करेगी कांग्रेस!
कांग्रेस भले खुली जुबान से न कह रही हो कि आगामी चुनाव में उसका चेहरा कौन होगा, लेकिन यह लगभग साफ हो गया है कि उसकी लाज बचाने का जिम्मा राहुल गांधी के हाथों में होगा।
लेकिन चुनौती कम नहीं है। नरेंद्र मोदी पहले से मजबूत दिख रहे थे और अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने मुश्किल दोगुनी कर दी है। ऐसे में राहुल गांधी का लाव-लश्कर मजबूत करने की कोशिश शुरू हो गई है।
कभी-कभी एंग्री यंग मैन बनने वाले राहुल गांधी की इमेज को लेकर करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं। आइए जानें कि कांग्रेस ने अपने युवराज को शहंशाह बनाने के लिए क्या तैयारियां की हैं?
अगर अगले महीने से आपको कांग्रेस उपाध्यक्ष और दूसरे नंबर के नेता राहुल गांधी प्रिंट, डिजिटल और टेलीविजन मीडिया में कुछ ज्यादा दिखाई देने लगे, तो हैरानी नहीं होनी चाहिए।
केजरीवाल ने किए 800 के तबादले, तीन सस्पेंड
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली जल बोर्ड की तस्वीर बदलने की कवायद शुरू कर दी है।
जल बोर्ड से जुड़ा टैंकर घोटाला सामने आने के एक दिन बाद ही मुख्यमंत्री के निर्देश पर बोर्ड ने सोमवार को आठ सौ कर्मचारियों के रिकॉर्ड तबादले कर दिए।
25 कंट्रोल रूम और जलाशयों में तैनात ये कर्मचारी तीन साल से अधिक समय से एक ही स्थान पर जमे हुए थे। वहीं एक निजी चैनल के स्टिंग ऑपरेशन में रिश्वत तय करते दिखाए गए तीन कर्मचारियों को भी सरकार ने सस्पेंड कर दिया है।
5 राज्यों में बीजेपी-कांग्रेस का बैंड बजाएगी 'आप'?
आम आदमी पार्टी ने अभी रणनीति बनाना ही शुरू किया है लेकिन इसकी धमक अभी से राज्य में सुनाई देने लगी है। कांग्रेस सांसद संजय निरुपम ने अपने ही सरकार को चिट्ठी लिखकर कहा है कि वह बिजली के दामों को कम करे।
घोटालों का दंश झेल रही कांग्रेस के लिए आने वाला चुनाव कठिन हो सकता है। एनसीपी नेता अजित पवार अपने बयानों के कारण बदनाम हैं। तो शिवसेना और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना का एक ही हथियार है मराठी कार्ड।
मीरा सान्याल के रूप में आप को सशक्त दावेदार मिला है। मीरा पार्टी से कह भी चुकी हैं कि वह दक्षिण मुंबई सीट से चुनाव लड़ना चाहती हैं। 48 सीटों वाले महाराष्ट्र में 17 सीट कांग्रेस के पास, शिव सेना के पास 11, बीजेपी के पास 9, एनसीपी के पास 8 सीटें हैं।
आदित्य जोशी बने बैडमिंटन चैंपियन
भारतीय खेल जगत के लिए नए साल के शुरुआत में ही एक बड़ी खबर है। 17 साल के एक युवा खिलाड़ी ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए वर्ल्ड नंबर वन का तमगा हासिल कर लिया है।
मध्य प्रदेश के 17 साल के आदित्य जोशी ने बैडमिंटन जगत में भारत के लिए इतिहास रच दिया है। वह जूनियर बैडमिंटन में वर्ल्ड नंबर वन खिलाड़ी बनने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
धार जिले के रहने वाले आदित्य ने 10 पायदान की लंबी छलांग लगाते हुए 18,776 रेटिंग अंकों के साथ 11वें से पहले स्थान पर पहुंच गए। उनकी रैंकिंग में यह सुधार पिछले महीने चंडीगढ़ में राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में जीत हासिल करने के बाद आई है।
धोनी की धमकी, मेरे सिवा नहीं बन सकता कोई कप्तान
कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का कहना है कि 2015 वर्ल्ड कप तक के लिए भारतीय टीम में ऐसा कोई भी खिलाड़ी नहीं है जो कप्तान बनने में सक्षम हो।
साथ ही धोनी ने यह संकेत भी दिया है कि वह क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में टीम की कप्तानी करते रहेंगे। उनके अनुसार 2015 में वर्ल्ड कप शुरू होने में एक साल का समय रह गया है, ऐसे में किसी नए खिलाड़ी को कप्तानी का भार सौंपना व्यावाहारिक नहीं होगा।
दिल्ली में एक कार्यक्रम में भारतीय कप्तान धोनी ने कहा कि वर्ल्ड कप शुरू होने में अब एक साल का समय रह गया है और यहां से वापसी के लिए कोई मौका नहीं है।
सबकुछ लुटाने के बाद भी शादी को नहीं हुई तैयार
एक युवक को सेक्स वर्कर से मोहब्बत हो गई थी। वह उससे शादी करना चाहता था लेकिन सेक्स वर्कर तैयार नहीं थी। लाखों का कर्ज होने का हवाला देकर उसने शादी से इनकार कर दिया।
युवक ने उसका कर्ज चुकाने के लिए अपना मकान और दुकान तक बेच दिया। पर वह शादी के लिए तैयार नहीं हुई। और फिर अंत में जिसने शादी के लिए अपना सबकुछ लुटा दिया था उसने ही उसका कत्ल कर दिया।
पुलिस ने आरोपी युवक और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला दिल्ली का है।
सोना हुआ और सस्ता, चांदी के बढ़े दाम
कमजोर मांग के बावजूद थोक बाजार में बिकवाली रहने से दिल्ली सराफा बाजार में सोने-चांदी में दोतरफा रुख रहा।
सोने
के भाव 200 रुपए गिरकर 30,160 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गए। जबकि, चांदी
120 रुपए की रिकवरी के साथ 45,350 रुपए प्रति किलो पर रही। चांदी में पिछले
दो कारोबारी सत्रों में 270 रुपए की गिरावट आई थी।
कारोबारियों का कहना है कि कमजोर मांग रहने के बावजूद थोक बाजार में बिक्री बढ़ने का दबाव सोने की कीमतों पर पड़ा। हालांकि, सोने की आठग्रामी गिन्नी 25,100 रुपए प्रति पर स्थिर रही। दूसरी
ओर, चांदी पिछली गिरावट से उबरकर बढ़त बनाने में कामयाब रही।
यहां हिंदू न शव जला सकते हैं, न दफना सकते हैं!
पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों की हालत कितनी खराब है, इसका अंदाजा भले हो, लेकिन यह खबर पढ़कर दिल दहल जाएगा। यहां बसे हिंदू और सिख परिवारों को अपने मृत संबंधियों का दाह-संस्कार करने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
हालात यह हैं कि हिंदू-सिख परिवार अपने संबंधी की मौत पर दाह संस्कार की रस्म अदायगी करने को मजबूर हैं। मृतक की दायीं हथेली पर गर्म सिक्का रखकर दाह संस्कार की रस्म पूरी करने के बाद शव को दफना दिया जाता है।
35 हजार की हिंदू-सिख आबादी वाले खैबर पख्तूनख्वा राज्य में भी कोई श्मशान घाट नहीं है। मजबूरन लोगों के पास अंतिम संस्कार के लिए दो ही रास्ते बचते हैं।
यहां पढ़ें खबरें विस्तार से..