खबरें फटाफटः पढ़िए दिनभर की दस बड़ी सुर्खियां
सुप्रीम कोर्ट ने सहारा प्रमुख सुब्रत रॉय की रिहाई की याचिका खारिज कर दी है। कोर्ट के इस फैसले के बाद अब सुब्रत रॉय सहारा को जेल में ही रहना पड़ेगा।
सुप्रीम कोर्ट में दायर याविका में सहारा प्रमुख ने सेबी के पास निवेशकों का लगभग 20,000 करोड़ रुपये जमा न कराने पर जेल भेजे जाने के फैसले को चुनौती देते हुए रिहाई की मांग की थी।
इस मामले में जस्टिस केएस राधाकृष्णन और जस्टिस जेएस केहर की पीठ ने 21 अप्रैल को सुनवाई करते हुए फैसला सुरक्षित रख लिया था।
काशी की जंग पर 110 करोड़ का की सट्टेबाजी
वाराणसी लोकसभा सीट पर जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, सट्टा बाजार में गर्मी बढ़ती जा रही है। दिल्ली, मुंबई और कोलकाता के सटोरियों ने भी शहर में डेरा जमा लिया है।
सटोरिए नरेंद्र मोदी, अजय राय और अरविंद केजरीवाल की जीत पर सट्टा लगा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक तीनों प्रत्याशियों पर अब तक 110 करोड़ का सट्टा लगाया जा चुका है।
इसमें नरेंद्र मोदी की जीत पर एक रुपए पर सत्तर पैसे के हिसाब से लगभग सौ करोड़ और अजय राय पर एक पर दस रुपए और अरविंद केजरीवाल की जीत पर एक पर बारह रुपए के भाव से लगभग दस करोड़ की बुकिंग की जा चुकी है।
रामदेव की आफत, सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की याचिका
दलित महिलाओं और कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में फंसे बाबा रामदेव को सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को अंतरिम राहत प्रदान करने से इनकार कर दिया।
सर्वोच्च अदालत ने कहा कि अभी इस मामले में निचली अदालत की ओर से समन भी जारी नहीं हुआ है। ऐसे में सुप्रीम कोर्ट की ओर से हस्तक्षेप उचित नहीं। योग गुरु ने अपने खिलाफ विभिन्न स्थानों पर दर्ज एफआईआर को रद्द कराने के लिए शीर्षस्थ अदालत का दरवाजा खटखटाया है।
चीफ जस्टिस आरएम लोढ़ा की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने रामदेव से कहा कि उनका मसला अभी परिपक्व नहीं है, क्योंकि किसी भी अदालत ने उन्हें अब तक समन नहीं जारी किया है।
मुलायम ने भी माना मोदी का लोहा!
सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने पहली बार जहां भाजपा के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी की काबिलियत का लोहा माना तो वहीं अपनी पार्टी से निकाले गए नेता अमर सिंह के प्रति नरम रुख भी अपनाते नजर आए।
एक टीवी न्यूज चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा बिल्कुल मरी पड़ी थी, मगर मोदी साहब ने उसमें जान फूंक दी और भाजपा के लोग सक्रिय हो गए। मोदी के आने से भाजपा को 20 तक सीटें आ सकती हैं।
सपा सुप्रीमों ने कहा कि कांग्रेस की तो फिलहाल हालत खराब है और भाजपा चाहे जितनी भी मेहनत कर ले 272 सीटें नहीं जीतने वाली है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा को मोदी की वजह से ही ज्यादा सीटें मिलेंगी।
बीएसएफ में तकनीकी पदों पर नौकरी का अवसर
विज्ञापित पदों में कैप्टन, वरिष्ठ संचालन अधिकारी, कमांडेंट, डिप्टी कमांडेंट, मुख्य इंजीनियर, उप मुख्य इंजीनियर, वरिष्ठ एयरक्राफ्ट मेंटीनेंस इंजीनियर, कनिष्ठ एयरक्राफ्ट इंजीनियर, औजार अधिकारी, लॉजिस्टिक्स अधिकारी और सहायक कमांडेंट आदि के पद शामिल हैं।
इन पदों पर नियुक्ति प्रतिनियुक्ति या रिइम्पलॉयमेंट के आधार पर की जाएगी। इन पदों के लिए पर्याप्त अनुभव रखने वाले अथवा संबंधित क्षेत्र से सेवानिवृत उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
पाकिस्तान ने की अटल का दौर वापस लाने की बात
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ ने कहा है कि भारत में चुनावों के बाद कोई भी सरकार आए, वह उससे बातचीत के लिए तैयार हैं।
बीबीसी उर्दू से हुई बातचीत में उन्होंने कहा, "हिंदुस्तान में चुनाव हो रहे हैं। जिसको भी हिंदुस्तान की अवाम अपना नुमाइंदा चुनती है, यक़ीनन हम उनके साथ बैठकर बात करेंगे।"
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गठबंधन एनडीए के शासनकाल का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा, "1999 में वाजपेयी साहब को हमने आमंत्रित किया। कितना अच्छा वक़्त था वो, कितना अच्छा पीरियड था वो। हम लोग कोशिश करेंगे कि वापस लाएं उसी दौर को। ट्रेन को भी चलना चाहिए। वीजा नियमों को भी नरम करना चाहिए।"
राहुल से शादी को लेकर सवाल
राहुल गांधी की शादी को लेकर काफी समय से सस्पेंस कायम है। हर कोई जानना चाहता है कि आखिर कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी शादी कब करेंगे। इसको लेकर कई बार उनसे सवाल पूछा गया लेकिन अब तक राहुल गांधी या फिर गांधी परिवार की ओर से इसको लेकर साफ तौर से कुछ नहीं कहा गया।
जब राहुल गांधी इलाहाबाद के एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज ग्राउंड में आयोजित पार्टी की रैली को संबोधित करने के लिए पहुंचे थे। अभी उन्होंने सभा को संबोधित करना शुरू ही किया था। विपक्ष पर जमकर निशाना साध रहे थे।
अभी राहुल गांधी ये सारी बातें इलाहाबाद की जनता के बीच रख ही रहे थे कि तभी भीड़ से सवाल आया, "आप देश को भाभी कब दोगे?"
शरद यादव ने केजरीवाल को बताया बाहुबली
जनता दल (यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव सोमवार को नागरिक मंच के संयोजन में डाफी स्थित गुरु कृपा लान में आयोजित पार्टी की सभा को संबोधित कर रहे थे।
इस मौके उन्होंने नरेंद्र मोदी पर जमकर तीर छोड़े। उन्होंने कहा कि मोदी वाराणसी से हारेंगे, क्योंकि कमल पोखरे या तालाब में खिलता है गंगा में नहीं। साथ कांग्रेस के बड़े नेताओं पर भी भृष्टाचार में डूबे होने के आरोप लगाए।
जद (यू) अध्यक्ष ने कहा कि मोदी तथा कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय बाहुबली नहीं हैं बल्कि बाहुबली अरविंद केजरीवाल हैं, क्योंकि उन्हें अच्छा खासा जन समर्थन मिल रहा है।
हिमाचल बोर्ड, 12वीं का रिजल्ट घोषित
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से ली गई 12वीं परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है।
आर्ट्स, कामर्स, सांइस और वोकेशनल संकाय के करीब एक लाख बच्चों ने परीक्षा परीक्षा दी थी। विद्यार्थी बोर्ड की बेवसाइट पर अपना परीक्षा परिणाम देख सकते है।
इसके अलावा छात्र बोर्ड की ओर से दिए गए नंबरों पर भी मैसेज कर अपना रिजल्ट हासिल कर सकते हैं। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही बोर्ड ने जमा एक का रिजल्ट भी घोषित किया था।
उत्तराखंड में 4 माओवादी समर्थक गिरफ्तार
अलमोड़ा नगर सहित कई स्थानों पर जनयुद्ध तेज करने तथा चुनाव बहिष्कार के नारे लिखे पोस्टर चिपकाने के मामले में पुलिस ने 3 मई (शनिवार) की रात चार लोगों को देशद्रोह तथा अन्य धाराओं में गिरफ्तार कर लिया।
इन चारों को सोमवार को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस को मामले में कुछ अन्य की भी तलाश है।
आरोपियों में से तीन पाटिया के निकट एक घर से पोस्टर तथा अन्य सामग्री के साथ दबोचे गए जबकि एक अन्य को माल गांव जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया गया।