10 मिनट में पढ़िए दिनभर की 10 बड़ी खबरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सीएम पद की शपथ लेते ही भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ अपना हमलावर रुख साफ कर दिया। दिल्ली के राजनीतिक इतिहास में पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने शपथ लेते ही जनता को संबोधित किया और इसका गवाह बना दिल्ली का रामलीला मैदान।
उप-राज्यपाल नजीब जंग ने केजरीवाल और उनके मंत्रियों को शपथ दिलाई, जिसके बाद आम आदमी पार्टी सुप्रीमो ने अपना भाषण किया। केजरीवाल ने कहा, "दोस्तों, कोई रिश्वत मांगे तो मना मत करना। हम एक फोन नंबर देंगे। उस पर फोन करके इस बात की जानकारी दे देना।
उसे पकड़वा देना। और आपका काम मैं करवाऊंगा। बीते दो साल से देश में कुछ अद्भुत हो रहा है। अन्नाजी अनशन पर बैठे, तो जनता सड़कों पर उतर आई। यह भगवान का चमत्कार है।"
जानिए किस को मिला कौन सा मंत्रालय
अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री की शपथ लेने के बाद मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया है। मनीष सिसोदिया को शिक्षा मंत्रालय के साथ-साथ पीडब्ल्यूडी विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। आईआईटी से पढ़ाई कर चुके सोमनाथ भारती को पर्यटन, कानून, प्रशासनिक सुधार मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है।
सत्येंद्र कुमार जैन को दिल्ली का स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया है। दिल्ली की शकूर बस्ती विधानसभा से जीत कर आए सत्येंद्र जैन पेशे से आर्किटेक्ट थे। खाद्य और आपूर्ति, पर्यावरण, परिवहन और विकास मंत्रालय सौरभ भारद्वाज को दिया गया है।
26 साल की राखी बिड़ला को महिला और शिशु समाज कल्याण और महिला सुरक्षा मंत्रालय दिया गया है। गिरीश सोनी को रोजगार, विकास और एससी-एसटी कल्याण मंत्रालय का प्रभार दिया गया है।
गृह, ऊर्जा, वित्त व टैक्स, जल बोर्ड, जैसे सभी महत्वपूर्ण मंत्रालय अरविंद केजरीवाल खुद अपने पास रखे हैं। इसकी वजह यह बताई जा रही है कि बिजली व पानी अरविंद की सरकार के कोर मुद्दे हैं।
मुख्यमंत्री बनते ही केजरीवाल ने कही ये 6 प्रमुख बातें
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कोई रिश्वत मांगे तो मना मत करना। उससे सेटिंग कर लेना। हम एक फोन नंबर देंगे। उस पर फोन करके इस बात की जानकारी दे देना। उसे पकड़वा देना।
दूसरा उन्होंने कहा कि कुछ लोग कह रहे हैं कि प्रस्ताव पास हो जाएगा, कोई कह रहा है कि गिर जाएगा। यह बहुत छोटी बात है। हम जनता की सेवा में लगे रहेंगे। दोबारा चुनाव हुए तो जनता आप को बहुमत देगी।
तीसरी बात केजरीवाल ने कही कि कोशिश रहे हैं कि दिल्ली की जीत उनकी पार्टी और कार्यकर्ताओं के सिर पर न चढ़ जाए। यही वजह है कि वह बार-बार याद दिलाते हैं कि हमें जीत को आखिर मानकर बैठना नहीं है, बल्कि यह सफर काफी लंबा है।
केजरीवाल ने कहा, "मुझे कोई गुमान नहीं है कि हमारे पास सारी दिक्कतों का समाधान नहीं है।" उन्होंने कहा, "हमारे पास कोई जादू की छड़ी नहीं है। आज सरकार बनेगी और कल सभी समाधान मिल जाएंगे, ऐसा नहीं है।
दिल्ली के नए सीएम ने कहा, "अन्ना ने 13 दिन यहीं अनशन किया था। लेकिन यह साफ हो गया कि जब तक राजनीति नहीं बदलेगी, देश में सुधार नहीं होगा। अन्ना समझाया करते थे कि राजनीति गंदी कीचड़ है और मैं कहा करता था कि राजनीति में उतरकर सफाई करनी होगी।"
ट्रेन में लगी आग, 23 लोगों की मौत
बंगलूरू से नांदेड़ जा रही ट्रेन नांदेड़ एक्सप्रेस की एसी बोगी में भीषण आग लगने से कम से कम 23 लोगों की झुलसकर मौत हो गई। इस हादसे में आठ यात्री गंभीर रूप से झुलस गए।
दुर्घटना शनिवार तड़के लगभग साढ़े तीन बजे आंध्रप्रदेश के अनंतपुरम के पास पुट्टापर्थी और धर्मावरम के बीच हुई। एक्सप्रेस की सेकेंड एसी बोगी बी-1 में सबसे पहले आग भड़की। जलकर खाक हुई इस बोगी में 72 यात्री सवार थे।
अरविंद केजरीवाल दिल्ली के CM, बदला यूपी!
दिल्ली में आम आदमी पार्टी की जीत के बाद कौशांबी की तस्वीर भी बदलनी शुरू हो गई है। कई साल से जारी सीवर की समस्या से लोगों को निजात मिलने वाली है।
अरविंद केजरीवाल का निवास होने के चलते निगम ने कौशांबी के लोगों की शिकायतों पर तत्काल प्रभाव से काम करना शुरू कर दिया है। नगर निगम ने सीवर समस्या के निस्तारण के लिए सुपर सकर मशीन से सीवर लाइन की सफाई शुरू कर दी है।
दुबई में अभिनेता फारुख शेख का निधन
दुबई में दिल का दौरा पड़ने से बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता फारुख शेख का निधन हो गया। वह 65 साल के थे। दुबई में दिल का दौरा पड़ने के बाद फारुख को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। लेकिन, उनको बचाया नहीं जा सका।
फारुख ने बॉलीवुड को कई बेहतरीन फिल्में दीं। उन्होंने बाजार, उमराव जान, कथा, गरम हवा और चश्मेबद्दूर जैसी फिल्मों में काम करके अपने बेमिसाल अभिनय की छाप छोड़ी।
दूसरी पारी में अफ्रीका 250 के पार
डरबन टेस्ट के तीसरे दिन टीम इंडिया ने लंच तक दक्षिण अफ्रीका के तीन विकेट झटक लिए हैं। लंच के बाद समाचार लिखे जाने दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट के नुकसान पर 250 रन बना लिए हैं।
जैक्स कैलिस (54) और जेपी डुमनी (4) क्रीज पर खेल रहे हैं। कैलिस और कप्तान एबी डीविलियर्स (74) के बीच चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हुई।
एशेज :इंग्लैंड के 4 बल्लेबाज शून्य पर आउट
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज का चौथा टेस्ट भी बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है।
इंग्लैंड के बल्लेबाजों का खराब प्रदर्शन जारी है और मेलबर्न में खेले जा रहे टेस्ट मैच के तीसरे दिन भी उनकी बल्लेबाजी बुरी तरह से फ्लॉप रही। उसके चार बल्लेबाज तो खाता ही नहीं खोल सके।
मेहमान टीम ने ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 231 रनों की चुनौती दी है और तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक कंगारू टीम ने बिना किसी नुकसान के 30 रन बना लिए हैं।
बिग बॉस' विनर के लिए करोडों का सट्टा
'बिग बॉस' में विनर कौन होगा इस बात के लिए देश और दुनिया में करोडों का सट्टा लगा हुआ है। 'बिग बॉस 7' का विजेता कौन होगा इसका फैसला कुछ घंटों में ही हो जाएगा। गौहर खान और तनीषा मुखर्जी के बीच जीत-हार के आकलन लग रहे हैं।
सुनने में आया है कि बिग बॉस का विजेता कौन होगा इस बारे में सट्टा बाजार भी सक्रिय हो उठा है। सबसे ज्यादा सट्टा गौहर खान और तनिषा मुखर्जी को लेकर है। मुंबई और के अलावा मुल्क के दूसरे कुछ देशों में भी इन पर सट्टे लगाए जा रहे हैं।
एफडीआई नीति में बदलाव
मल्टी ब्रांड रिटेल में प्रत्यक्ष विदेश निवेश (एफडीआई) जुटाने के लिए सरकार ने इसकी शर्तों में गुपचुप तरीके से ढील दे दी है। ऐसा संभवत: ब्रिटेन की दिग्गज रिटेल कंपनी टेस्को की राह आसान बनाने के लिए किया गया है।
नीति में हुए इस बदलाव के बाद मल्टी ब्रांड रिटेल के मौजूदा स्टोर में निवेश का रास्ता खुल गया है। इससे पहले एफडीआई के जरिए सिर्फ नए स्टोर खोलने की अनुमति थी, इससे मौजूदा स्टोर का अधिग्रहण नहीं किया जा सकता था।
मल्टी ब्रांड रिटेल की एफडीआई नीति में हुए इन बदलावों का खुलासा आगामी 30 दिसंबर को होने वाली विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड (एफआईपीबी) की बैठक में हो सकता है।