आज का न्यूज कैप्सूल: दिनभर की खबरों का डोज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश के तमाम बड़े अखबारों में आज सवेरे राहुल गांधी छाए हुए थे। आधे पन्ने के बड़े से विज्ञापन में 'मैं नहीं, हम' का नारा देते हुए यह बताने की कोशिश की गई थी कि कांग्रेस किस तरह से दूसरी पार्टियों से अलग है।
ब्रांड राहुल को मजबूत बनाने के लिए कांग्रेस ने यह विज्ञापन दिया, जिसमें बताया गया है कि किसी एक शख्स के पास जादू की छड़ी नहीं होती, जो तरक्की हो जाएगी। इसके लिए सभी को साथ मिलकर काम करना होता है। जाहिर है, निशाना मोदी पर था।
लेकिन शाम होते-होते भाजपा ने अपना तरकश खोलकर तीर निकाले और इल्जाम लगाया कि जिस विज्ञापन के जरिए नरेंद्र मोदी पर हमला बोला गया है, वह मोदी का ही आइडिया था, जिसे राहुल के लिए कांग्रेस ने चोरी कर लिया है।
वकील लड़ रहे थे और कानूनी मंत्री उड़ा रहे थे पतंग
दिल्ली सरकार की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। अपने कानून मंत्री सोमनाथ भारती को बचाने के लिए मजबूती से खड़ी केजरीवाल सरकार का सिरदर्द हर दिन गुजरने के साथ बढ़ता जा रहा है।
खिड़की एक्सटेंशन में कुछ विदेशी महिलाओं से बदतमीजी को लेकर आलोचना के घेरे में आए सोमनाथ भारती को शुक्रवार दोपहर दिल्ली महिला आयोग के सामने पेश होना था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
हालांकि, किस्सा सिर्फ यहीं तक नहीं है। हुआ यह है कि सोमनाथ भारती की तरफ से उनके वकील पक्ष रखने पहुंचे, लेकिन महिला आयोग ने उन्हें सुनने से इनकार कर दिया। मीडिया कैमरों के सामने बहस हुई, ऊंची आवाज में दलीलें दी गईं और झगड़ा भी हुआ। पूरा ड्रामा मच गया।
गुजरात में सलमान की 'जय हो' का विरोध
सलमान खान की फिल्म 'जय हो' के खिलाफ अहमदाबाद में विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने फिल्म के पोस्टर फाड़ दिए। फिल्म आज ही रिलीज हुई है।
प्रदर्शनकारी फिल्म का विरोध क्यों कर रहे हैं, ये अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। माना जा रहा है कि फिल्म का मुख्य किरदार आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल से प्रेरित है।
पिछले दिनों फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में सलमान खान ने नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की थी। प्रधानमंत्री पद के बारे में पूछे गए एक सवाल पर उन्होंन मोदी को गुडमैन बताया था, जिसके बाद एमआईएम नेता असदुद्दीन औवैसी ने सलमान की फिल्म न देखने की अपील की थी।
अरविंद केजरीवाल को लगाई सुप्रीम कोर्ट ने फटकार
दिल्ली सरकार का धरना खत्म बेशक हो गया है लेकिन इस पर विवाद खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। धरने के कारण दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल चारों ओर से घिरते नजर आ रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने नोटिस जारी करते हुए आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार को फटकार लगाई है। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली सरकार को इस मसले पर जवाब तलब किया है। इस मुद्दे पर दाखिल जनहित याचिका के आधार पर सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली और केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया है।
नोटिस जारी करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने पूछा कि कैसे पुलिस द्वारा लगाई धारा 144 का उल्लघंन हुआ और क्या एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को धरने पर अधिकार है।
करुणानिधि के बेटे को DMK से निकाला
डीएमके के अध्यक्ष एम. करूणानिधि के पुत्र और पार्टी के संगठन सचिव एम.के.अलागिरि को पार्टी हाईकमान ने आज अस्थाई रूप से पार्टी की सदस्यता और सभी पदों से हटा दिया गया है।
डीएमके महासचिव के. अनबाझगन ने यहां एक बयान में कहा कि उनके समर्थकों के खिलाफ की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई पर सवाल उठाने के कारण पूर्व केन्द्रीय मंत्री अलागिरि को पार्टी से निकाला गया है।
अनबाझगन ने कहा कि अलागिरि ने अपने कुछ समर्थकों के खिलाफ की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई की निंदा की है और खुद को अनुचित बहस में डाला तथा पार्टी कार्यकर्ताओं को काम करने से रोका।
'अरविंद केजरीवाल से अच्छी तो राखी सावंत है'
शिवसेना प्रमुख उद्घव ठाकरे ने अरविंद केजरीवाल की आलोचना करते हुए राखी सावंत को बदनाम आइटम गर्ल कहा तो वे नाराज हो गईं।
हालांकि केजरीवाल के साथ अपनी तुलना के लिए उन्होंने शिवसेना प्रमुख उद्घव ठाकरे को धन्यवाद दिया है और कहा है कि नरेंद मोदी चाय बेच के देश चला सकते हैं तो मैं आइटम गर्ल बनकर देश क्यों नहीं चला सकती? उन्होंने कहा है कि उन्हें बहुत बुरा लगता है, जब हर चीज में उनका नाम घसीटा जाता है।
गौरतलब है कि उद्धव ठाकरे शिवसेना के मुखपत्र 'सामना' में आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखे वार किए हैं। उन्होंने कहा है कि केजरीवाल येड़ा (पागल) है, राखी सांवत उससे बेहतर प्रशासक साबित हो सकती हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को फिर बनाया नंबर वन
न्यूजीलैंड से दो मैचों में हार के बाद नंबर वन की रैंकिंग गंवाने वाली टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया की इंग्लैंड के हाथों मिली हार के बाद एक बार फिर शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया।
इंग्लैंड की जीत ने जहां भारतीय टीम को नंबर वन बना दिया है वहीं उसके लिए भी यह जीत बेहद खास साबित हुई। दौरे पर पहले एशेज टेस्ट सीरीज के लगातार पांचों मैच और फिर पांच मैचों की वनडे सीरीज के शुरुआती तीन मैचों में हारने के बाद आखिरकार इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत मिल ही गई।
सीरीज पहले ही गंवा चुकी इंग्लैंड ने चौथे वनडे में बेन स्टोक्स के 70 रन और चार विकेट की बेहतरीन पारी से ऑस्ट्रेलिया को 57 रन से हराकर लगातार आठ हार के अपने सिलसिले को तोड़ा।
प्रेमी जोड़ा टहलते-टहलते पटरी पर लेटा, ट्रेन आई और
उत्तर प्रदेश के सिकंदराबाद से गायब प्रेमी जोड़े ने पुलिस और परिवार के भय से बृहस्पतिवार सुबह शताब्दी एक्सप्रेस के सामने लेटकर जान दे दी।
दोनों आलिंगन होकर ट्रैक पर टहलते-टहलते ट्रेन के आगे लेट गए और पब्लिक शोर मचाती रह गई। ट्रेन की रफ्तार तेज होने के कारण काफी दूर तक दोनों के शव घिसटते गए। खबर पर आनन-फानन में पुलिस दौड़ी चली आई।
युवक अलीगढ़ में गभाना के एक इंजीनियरिंग कॉलेज का प्रथम वर्ष का छात्र था। सूचना पर दोनों के परिजन मौके पर पहुंचे और शव को अपने साथ ले गए।
आईबी में भर्ती, दसवीं पास करें आवेदन
इंटेलीजेंस ब्यूरो में सुरक्षा सहायक के 532 पदों को भरने के लिए रिक्तियां जारी की गई हैं। यह भर्ती राष्ट्रीय स्तर पर निकाली गई हैं।
कुल भर्ती को परीक्षा केंद्रों के आधार पर और विभिन्न श्रेणीयों में बांटा गया है। चयनित उम्मीदवार की नियुक्ति आवेदित स्थान पर किए जाने के बाद देश में कहीं भी सेवा देने के लिए भेजा जा सकता है।
काहिरा में धमाके, पाँच की मौत
मिस्र की राजधानी काहिरा में हुए तीन धमाकों में पाँच लोगों की मौत हो गई है और 70 लोग घायल हुए हैं। माना जा रहा है कि ये हमला पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर किया गया।
काहिरा में पुलिस मुख्यालय के बाहर कार बम धमाके के साथ हमले की शुरुआत हुई। इस धमाके में चार लोग मारे गए और 51 घायल हुए।
इसके कुछ घंटों के अंदर ही शहर में दो और धमाके हुए, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और 15 घायल हुए।