खबरें सुपरफास्ट: एक नजर में दिनभर की बड़ी सुर्खियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अपनी एक रैली में भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने चीन को चुनौती देते हुए कहा था कि उसे अपना रुख बदलना होगा, क्योंकि अरुणाचल प्रदेश, भारत का अभिन्न हिस्सा है और आगे भी रहेगा।
चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनचिंग से जब नरेंद्र मोदी की टिप्पणी के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा कि चीन अपने पड़ोसी मुल्कों से दोस्ताना संबंध चाहता है। और सभी विवादों को बातचीत के जरिए सुलझाना चाहता है।
उन्होंने न्यूज ब्रीफिंग में कहा, "चीन-भारत सीमा एक ऐसा मुद्दा है, जो इतिहास में पहले से चला आ रहा है। यह काफी जटिल और संवेदनशील मुद्दा है। इसे बातचीत के एक या दो दौर से नहीं सुलझाया जा सकता।"
बचे हुए विधायकों संग सड़कों पर उतरे लालू
पार्टी में बगावत के बीच लालू प्रसाद यादव ने अपने समर्थकों और गिने-चुने विधायकों के साथ पटना की सड़कों पर शक्ति प्रदर्शन किया।
बागी कहे जा रहे 13 विधायकों मे से 9 विधायकों के साथ लालू प्रसाद यादव राजभवन की तरफ पहुंचे। लालू प्रसाद ने बिहार के मुख्यमंत्री पर उनकी पार्टी में फूट की साजिश रचने का आरोप लगाया और उन्हें लोकतंत्र का हत्यारा करार दिया।
लालू ने विधानसभा के स्पीकर पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने सारी संवैधानिक मर्यादाओं को तार-तार कर दिया है। बागी विधायकों को अलग गुट के रूप में मान्यता देकर उन्होंने लोकतंत्र का गला घोंटने का काम किया है।
लालू प्रसाद ने हमलावर होते हुए दावा किया कि नीतीश सरकार अल्पमत में है और उन्हें अपनी सरकार के बहुमत को विधानसभा में साबित करना चाहिए। लालू प्रसाद ने कहा कि लालू ने उनकी पार्टी को हड़पने की कोशिश की थी जो नाकाम कर दी गई है।
शराब, सिगरेट के बदले महिला कैदियों से सेक्स
एक रिपोर्ट के मुताबिक़ इंग्लैंड और वेल्स की जेलों में महिला क़ैदियों को जेल के कर्मचारी शराब और सिगरेट जैसी चीज़ों के बदले सेक्स के लिए बाध्य करते हैं।
इस रिपोर्ट को जेल में सेक्स विषय पर बने आयोग ने प्रकाशित किया है। आयोग का गठन समाजसेवी संस्था हावर्ड लीग फ़ॉर पीनल रिफ़ार्म ने किया था।
रिपोर्ट में कहा गया है कि कुछ क़ैदी अपनी सुविधा और समर्थन के लिए इस तरह के संबंध स्थापित कर लेते हैं। लेकिन इनमें से कुछ संबंध शोषण की वजह बन जाते हैं। जेल विभाग ने कहा है कि वो जेल में सेक्स की अनदेखी नहीं करता है।
समाजसेवी ने किया आत्मदाह, मचा बवाल
अपनी मांगों को लेकर मंगलवार को असम में एक समाजसेवी ने आत्मदाह कर लिया। इससे इलाके में बवाल शुरू हो गया है।
असम के पहाड़ी इलाकों में रह रहे लोगों के लिए भूमि समझौते की मांग को लेकर बारो नामक समाजसेवी ने आत्मदाह कर लिया। तमाम कोशिशों के बावजूद कृषक मुक्ति संग्राम समिति के कार्यकर्ता बोरो जिंदा नहीं बच सके।
इस घटना के बाद राज्य के विभिन्न इलाकों में भारी विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गया। बोरो के आत्मदाह करने की घटना ने उसके परिजनों को सकते में डाल दिया। घटना के बाद परिजनों के आंसू थम नहीं रहे थे।
मुद्दों को लेकर केजरीवाल की पलटी!
दिल्ली विधानसभा चुनावों के बाद लोकसभा चुनाव की तरफ बढ़ रहे अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि भ्रष्टाचार सबसे बड़ा मुद्दा नहीं है। इससे भी बड़ा मुद्दा कुछ और है।
केजरीवाल ने कहा कि देश के सामने खड़ा सबसे बड़ा मुद्दा सांप्रदायिकता है, जो भ्रष्टाचार से भी ज्यादा अहम है। जाहिर है, आम आदमी पार्टी का मुख्य मुद्दा और राजनीति का केंद्र अब तक करप्शन रहा है।
इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर में केजरीवाल ने यह बयान दिया। दर्शकों में मुस्लिम अकादमियों और जानकार मौजूद थे, तो जाहिर है मौका ही ऐसा था कि कुछ कहा जाए।
मुलायम का दामन छोड़ कहीं और चले बुखारी
दिल्ली की जामा मस्जिद के शाही इमाम सय्यद अहमद बुखारी चुनावों से पहले हर बार सक्रिय हो जाते हैं और दावा करते हैं कि मुस्लिम वोटों का रुख मोड़ने का वो माद्दा भी रखते हैं।
समाजसेवी अन्ना हजारे के बाद जामा मस्जिद के शाही इमाम ने भावी प्रधानमंत्री के रूप में ममता बनर्जी को चुनने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, "वह दूसरों की तुलना में धर्मनिरपेक्ष भारत के लिए बेहतर प्रधानमंत्री बन सकती हैं।"
अन्ना हजारे की तरह शाही इमाम बुखारी ने 30 जनवरी को सभी गैर-भाजपा मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर सच्चर आयोग की सिफारिशें लागू करने के बारे में कुछ सवाल पूछे थे।
इनमें से केवल ममता बनर्जी ने जवाब दिया। 19 फरवरी को दिए इस चिट्ठी के जवाब में ममता बनर्जी ने वे तमाम काम गिनाए, जो उन्होंने अल्पसंख्यकों की भलाई के लिए किए हैं।
भटकल की हिट लिस्ट में अक्षरधाम मंदिर
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने अदालत में दाखिल आरोपपत्र में कहा कि इंडियन मुजाहिदीन के संस्थापक भटकल से बरामद दस्तावेजों में दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर की तस्वीरें मिली हैं।
अदालत ने इस आतंकी साजिश व देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने के मामले में इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) के संस्थापक यासीन भटकल उसके सहयोगी असदुल्ला अख्तर व दो अन्य के खिलाफ आईएनए की ओर से दायर आरोपपत्र पर संज्ञान भी ले लिया है।
भटकल वही शख्स है जो लादेन के वीडियो दिखाकर युवाओं को जिहाद के नाम पर गुमराह करता था। इसकी हिट लिस्ट में अक्षरधाम मंदिर व पुणे स्थित आर्मी का इलाका भी शामिल था।
भाजपा का केजरीवाल पर बड़ा हमला
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष डॉ हर्षवर्धन ने सोमवार को सवाल उठाया कि क्या अरविंद केजरीवाल के विदेशी एजेंसियों से कोई ताल्लुक हैं, जो देश में अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रही हैं।
डॉ. हर्षवर्धन ने कहा, "क्या वह सीआईए एजेंट हैं या सीआईए समेत दूसरी विदेशी एजेंसियों के लिए काम कर रहे हैं? राजनीतिक दल बनाने से पहले अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को एनजीओ के नाम पर फोर्ड फाउंडेशन की तरफ से लाखों डॉलर मिल रहे थे।"
उन्होंने कहा, "पूरी दुनिया जानती है कि वह अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के इशारे पर काम करते हैं। फोर्ड फाउंडेशन विकासशील मुल्कों में अस्थिरता फैलाने के लिए काम कर रहे हैं और उन मुल्कों में एनजीओ की मदद से अराजकता फैला रहे हैं।"
थाने में सपा नेता की चप्पलों से पिटाई
आपसी विवाद में एक महिला ने सपा नेता पर थाने में ही जमकर चप्पलें बरसा दीं। महिला ने नेता की पत्नी पर भी हमला करते हुए दांत से काट लिया। हालांकि पुलिसकर्मियों ने महिला को काबू में किया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
सपा की जिला कार्यकारिणी में पदाधिकारी वसुंधरा सेक्टर-2बी में रहते हैं। उनका पड़ोस में रहने वाली एक महिला से विवाद चल रहा है। आरोप है कि सोमवार सुबह पड़ोसी महिला जिला सचिव के घर पहुंच गई और वहां जमकर हंगामा किया। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस भी आ गई।
पुलिस महिला और सपा नेता को थाने ले आई। इंस्पेक्टर इंदिरापुरम महिला से पूरे मामले की जानकारी ही ले रहे थे तभी महिला ने सामने से आए सपा नेता और उनकी पत्नी पर हमला बोलते हुए चप्पलें बरसा दीं। एसएचओ के सामने ही हुई इस घटना से थाने में हड़कंप मच गया।
'लड़कियों को मेरे घर भेजो वरना जेल भेज दूंगा'
बिहार के गया में एक एसडीएम को जांच के बाद सस्पेंड कर दिया गया है। उनके खिलाफ एक अस्पताल के उप संचालक डॉ राजेंद्र प्रसाद सिंह ने शिकायत दर्ज की थी कि आरोपी जज राम साजन ने उन्हें यह धमकी दी है कि अगर वे अस्पताल की नर्सों को उनके यहां नहीं भेजेंगे तो वे डॉक्टर को जेल भेज देंगे।
दरअसल डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद सिंह जिस अस्पताल में उप संचालक हैं वहां उनके खिलाफ एक केस दर्ज किया गया। वह केस एसडीएम राम राजन के पास पहुंचा। इस केस के सिलसिले में राम साजन अक्सर अस्पताल जाने लगे। और बाद में उन्होंने डॉक्टर राजेंद्र से कहा कि वे उनके यहां अस्पताल की नर्सों और हेल्थ वर्कर्स को भेज दिया करें।
डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद के मुतबिक जब उन्होंने इस बात का विरोध किया तो एसडीएम राम साजन उन्हें ब्लैकमेल करने लगे। उन्हें यह धमकी देने लगे कि अगर उन्होंने नर्सें नहीं भेजी तो वे उन्हें जेल भिजवा देंगे।