पढ़िए, एक नजर में टॉप 10 न्यूज
कांग्रेस के वरिष्ठ व दिग्गज जाट नेता परसराम मदेरणा की हालत नाजुक हो गई है। उन्हें दो दिन पहले जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उन्हें निमोनिया की शिकायत के बाद वेंटिलेटर पर ले लिया गया है।
इधर, भंवरी काण्ड में जेल में बंद उनके पुत्र पूर्व जल संसाधन मंत्री को जोधपुर हाईकोर्ट से अनुमति मिलने के बाद जेल से पिता की रेखरेख के लिए छुट्टी मिल गई है। वे भी सवाईमानसिंह अस्पताल में पहुंच चुके हैं।
आईसीयू के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी अस्पताल जाकर परसराम मदेरणा की कुशलक्षेम पूछी।
अखिलेश ने अफसरों को दिए आठ अल्टीमेटम
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को बड़े बाबुओं से कहा है कि गरीबों की सुनवाई और काम में लापरवाही ठीक नहीं है। विकास कार्यों, सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं और जनता दर्शन में आईएएस अफसरों की संवेदनशीलता नजर आनी चाहिए।
उन्होंने कहा, अफसरों को फाइलों को बेवजह अटकाने की आदत भी छोडऩी होगी। भ्रष्टाचार किसी हालत में सहन नहीं होगा। आईएएस वीक के उद्घाटन समारोह मे मुख्यमंत्री अखिलेश ने आठ बिन्दुओं का अपना एजेंडा अफसरों के सामने रखा।
वे बोले, कानून व्यवस्था और औद्योगिक वातावरण बनाना, सरकार की प्राथमिकताएं हैं, इनमें किसी तरह की ढिलाई नहीं चलेगी।
इस्तीफा दे सकते हैं सीएम केजरीवाल
दिल्ली विधानसभा में जनलोकपाल बिल पेश ना होने के बाद अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। जनलोकपाल बिल को लेकर दिल्ली विधानसभा में खूब सियासी ड्रामा चला। सदन में भारी हंगामा हुआ और स्पीकर की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए गए।
हालांकि विपक्ष के भारी हंगामे के बीच सदन में जनलोकपाल बिल पेश करने के लिए वोटिंग कराई गई। बिल पेश होने के दौरान 27 लोगों ने खड़े होकर इसका समर्थन किया तो वहीं 42 विधायक इस बिल को पेश करने के खिलाफ खड़े हुए।
ऐसे में 42 विधायकों के विरोध के कारण जनलोकपाल बिल सदन में नहीं पेश हो पाया। कांग्रेस और भाजपा ने बिल पेश करने के विरोध में मतदान दिया। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि अपने वादे के मुताबिक बिल पास न कराए जाने पर केजरीवाल इस्तीफा दे सकते हैं।
एक और सर्वे ने बढ़ाया कांग्रेस का सिरदर्द
लोकसभा चुनावों से पहले आ रहे सर्वे कांग्रेस का सिरदर्द बढ़ा रहे हैं और भाजपा को उत्साहित बना रहे हैं। गुरुवार को आया सीवोटर का नेशनल प्रोजेक्शन पोल भी इसी ओर इशारा कर रहा है कि आगामी चुनावों में भाजपा अब तक की सबसे ज्यादा सीटें जीतने में कामयाब रहेगी और कांग्रेस सीटों के मामले में अब तक का सबसे कमजोर प्रदर्शन करेगी।
पोल में कहा गया है कि अगर आज चुनाव होते हैं, तो भाजपा अपने दम पर 202 सीटें जीतने में कामयाब रहेगी और उसके सहयोगियों को 25 सीटें मिलेंगी। इस हिसाब से एनडीए को 543 सदस्यों वाली लोकसभा में एनडीए 227 सीट तक पहुंचेगा।
दूसरी तरफ देखें, तो कांग्रेस का जहाज डूबता दिख रहा है। सर्वे के मुताबिक उसके खाते में केवल 89 सीटें आएंगी और साथियों की 12 सीटों के साथ यूपीए जैसे-तैसे 100 का आंकड़ा पार कर पाएगा।
खराब प्रदर्शन, फिर भी तोड़ दिया 30 साल पुराना रिकॉर्ड
भले ही भारतीय गेंदबाजों को वनडे सीरीज में बेहद खराब प्रदर्शन के कारण आलोचना का सामना करना पड़ा हो, लेकिन टेस्ट सीरीज में उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर पिछली असफलता को धो दिया।
पहले टेस्ट में भारत के गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड की दूसरी पारी महज 105 रनों पर समेट दी। इसके बाद आज दूसरे टेस्ट के पहले दिन टीम इंडिया के सिर्फ दो गेंदबाजों ने आपस में विकेट बांटते हुए 192 रनों पर आउट कर दिया। इशांत शर्मा ने छह और मोहम्मद शमी ने चार विकेट लेकर किवी टीम की पारी समेट दी।
टेस्ट क्रिकेट में ऐसा कारनामा 30 साल बाद हुआ है जब भारत के दो तेज गेंदबाजों ने एक पारी के सभी 10 विकेट आपस में बांट लिए। इससे पहले 1983 में अहमदाबाद टेस्ट मैच में वेस्ट इंडीज के खिलाफ कपिल देव (9 विकेट) और बलविंदर संधु (1 विकेट) ने सभी 10 विकेट झटके थे। अब तक चार बार ही ऐसा हुआ है जब भारत के दो तेज गेंदबाजों ने सभी 10 विकेट निकाले।
अखिलेश लेकर आए मोदी की 'चाय' का तोड़
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की तर्ज पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी इस दौड़ में शामिल होने जा रहे हैं। लोगों से सीधे जुड़कर प्रदेश में बदलाव लाने के लिए वह फेसबुक पर अभियान शुरू करने जा रहे हैं।
‘टॉक टू योर सीएम’ नाम के इस अभियान में वह नागरिकों से सीधा संवाद करेंगे। उनसे सुझाव मांगेंगे। इसके लिए वह अपने वैरिफाइड फेसबुक पेज का सहारा लेंगे, जिसे 4.04 लाख से अधिक लोग लाइक कर चुके हैं।
इस अभियान की पंच लाइन होगी, ‘आप भी उत्तर प्रदेश में बदलाव ला सकते हैं।’ माना जा रहा है कि इस अभियान के जरिये सपा सोशल नेटवर्किंग साइट पर सक्रिय युवाओं तक पहुंचने का प्रयास करेगी।
घर में घुसकर बसपा नेता की पत्नी और ससुर की हत्या
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बहुजन समाज पार्टी के नेता अमीर चन्द पटेल के घर में घुसकर उनकी पत्नी और ससुर की हत्या कर दी गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कल रात कैंट थाना क्षेत्र के गायत्री नगर कॉलोनी में जेल में बन्द बसपा नेता अमीर चन्द्र पटेल की पत्नी खाना बना रही थी। इसी दौरान उनका ड्राइवर रहा अजीत वर्मा उर्फ पिंटू घर में घुस आया और उसने चापड़ से बसपा की पत्नी हिरावती और ससुर खरपत्तू लाल को गम्भीर रूप से घायल कर दिया है।
इस हमले में बचाव करने के लिए आए हिरावती के भतीजे को भी चापड़ से घायल कर दिया। परिवार वालों ने गंभीर रूप से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने हिरावती और खरपत्तू लाल को मृत घोषित कर दिया।
अमेरिका में बर्फीले तूफान से भारी तबाही
अमेरिका के दक्षिणी हिस्से में तबाही मचाने के बाद विनाशकारी बर्फ़ीले तूफ़ान ने अब घनी आबादी वाले उत्तर-पूर्वी इलाक़े को अपनी गिरफ़्त में ले लिया है।
मौसम विभाग के अनुसार, यह वर्ष 1973 के बाद आया सबसे विनाशकारी तूफ़ान है और दो सप्ताह पहले अटलांटा में आए तूफ़ान से भी ज़्यादा तबाही मचाने वाला है। इस तूफान के कारण दक्षिणी अमेरिका में में क़रीब पांच लाख से ज़्यादा घरों में बिजली नहीं आ रही है और हज़ारों उड़ानें रद्द हो गई हैं।
इस भीषण तूफान से अमेरिका के कुल 22 राज्य प्रभावित हुए हैं और अब तक कम से कम 12 मौतें हो चुकी हैं। अमेरिका की सबसे घनी आबादी वाले क्षेत्र (वाशिंगटन डीसी से बोस्टन के बीच का इलाक़ा) में आठ इंच तक बर्फ़ की परत जम गई है।
कांग्रेस-भाजपा ने दिल्ली के स्पीकर को बनाया मामू!
दिल्ली विधानसभा में अध्यक्ष (स्पीकर) और मुख्यमंत्री की टेबल के माइक तोड़ने और फाइलें फाड़ने वाले सदस्यों पर फिलवक्त कोई कार्रवाई नहीं हो सकेगी। सदस्यों ने दिल्ली विधानसभा की प्रक्रिया एवं कार्य संचालन नियम 277, 278 और 293 को निलंबित कराने का प्रस्ताव सदन में पेश कर बहुमत से पास करा लिया है। प्रस्ताव पास होने के बाद अध्यक्ष को इसका आभास हुआ।
दिल्ली में बहुत कुछ अद्भुत हो रहा है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल केंद्र सरकार और उपराज्यपाल से अनुमति के बिना बिल पेश करना चाहते हैं तो भाजपा, कांग्रेस, जेडीयू व निर्दलीय विधायकों ने मिलकर एक प्रस्ताव के जरिए कई नियम निलंबित करा लिए और विस अध्यक्ष की कुछ शक्तियां ही छीन ली।
जिन नियमों को निलंबित किया गया है, उसके तहत अध्यक्ष, सदस्यों को कार्यवाही में बाधा पहुंचाने के लिए नामित कर सकते हैं, अध्यक्ष या सदन के टेबल पर रखे कागज फाड़ने के लिए निलंबित कर सकते हैं और किसी संदर्भ में अध्यक्ष के निर्णय पर आपत्ति नहीं की जाएगी। प्रस्ताव पास होने के कारण अब ये तीनों नियम पूरे सत्र के लिए निलंबित माने जाएंगे।
एक बार फिर मुलायम से रूठे शाही इमाम
जामा मस्जिद दिल्ली के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी एक बार फिर समाजवादी पार्टी से नाराज हैं।
उन्होंने आरोप लगाया है कि सपा ने मुसलमानों से चुनाव पूर्व किए गए वादे पूरे नहीं किए। सपा सरकार के कामकाज से मुसलमान मायूस हैं। उन्होंने 22 फरवरी को दिल्ली में प्रतिनिधि सम्मेलन बुलाया है।
इससे पहले उन्होंने मुलायम सिंह यादव से चुनाव पूर्व किए गए वादों पर जवाब मांगा है। सैयद अहमद बुखारी ने सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को खत भेजा है। इसमें उन्होंने उन मुद्दों का उल्लेख किया है जिन पर सरकार ने चुनाव से पहले वादे किए थे।