न्यूज कैप्सूल: आज की दस बड़ी खबरों का डोज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को ऑटो चालकों की महासभा में भले ही बच्चों की कसम खिलाकर ईमानदारी से काम करने की नसीहत दी हो।
बिजली के मुद्दे पर अनिल अंबानी को ‘ईमानदारी से काम करने और जनता की सेवा करने को कहा हो लेकिन खुद केजरीवाल की ये महासभा सरकारी खर्च पर हुई।
अखबार इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की बुराड़ी रैली के सारे इंतजाम दिल्ली परिवहन विभाग ने किए।
मोदी के गढ़ में राहुल ने साधा निशाना
उन्होंने कहा कि आरएसएस एक जहरीली विचारधारा है। सरदार पटेल और गांधी जी ने जो कहा था वो ये लोग समझते तक नहीं बस मूर्ति बनाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने पूरी जिंदगी गरीबों के लिए काम किया लेकिन गुजरात में गरीबों की कोई सुनवाई नहीं होती।
नरेंद्र मोदी का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि जो भी उनके दिल में आता है, वो जो कहें वो सच है। बाकी सब कुछ झूठ है। राहुल ने कहा कांग्रेस पार्टी एक संगठन नहीं, एक सोच है।
LG के बहाने केंद्र से जा भिड़े केजरीवाल
दिल्ली जन लोकपाल बिल को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपराज्यपाल नजीब जंग के बीच ठन गई है। बिल को लेकर जंग के सॉलिसिटर जनरल से राय लेने से नाराज केजरीवाल ने उन्हें तल्ख लहजे में तीन पेज की चिट्ठी लिख डाली।
इसमें मुख्यमंत्री ने उपराज्यपाल को दो टूक नसीहत दी है कि उनका दायित्व देश के संविधान के प्रति निष्ठावान रहने का है, गृह मंत्रालय या किसी पार्टी (कांग्रेस) के प्रति नहीं।
चिट्ठी में केजरीवाल ने जंग से यह भी सवाल किया है कि विधानसभा में विधेयक को पास कराना किस लिहाज से असंवैधानिक है।
पूर्वोत्तर राज्यों से मोदी का कांग्रेस पर वार
लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए नरेंद्र मोदी ने कमर पूरी तरह कस ली है। पूर्वोत्तर भारत में बीजेपी की पैठ मजबूत करने के लिए कोलकाता के बाद अब इंफाल में मोदी ने गर्जना की।
शनिवार को इंफाल में रैली के दौरान नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर कांग्रेस और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर तीखा हमला बोला।
मोदी ने कहा, 'आपने कांग्रेस को 60 साल दिए, हमें केवल काम करने के लिए 60 महीने दीजिए। 100 दिन में अच्छे दिन आने वाले हैं।'
ऑकलैंड टेस्ट: तीसरे दिन गिरे कुल 17 विकेट
ऑकलैंड टेस्ट के तीसरे दिन भारत ने अपनी पहली पारी को आगे बढ़ाया लेकिन जल्द ही कल के नाबाद बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे चार रन और जोड़कर आउट हो गए। इसके बाद रोहित शर्मा भी 72 रन बनाकर आउट हो गए।
दोनों ने कल चौथे विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी कर टीम की उम्मीदों को जगा दिया था, लेकिन आज दोनों ही नाकाम रहे। इस दौरे में वनडे सीरीज में लगातार तीन अर्धशतक लगाने वाले भारतीय कप्तान धोनी भी जल्द आउट हो गए। वह महज 10 रन ही बना पाए।
धोनी के जाने के बाद क्रीज पर रवींद्र जडेजा और जहीर खान नए बल्लेबाज के रूप मे थे। निल वागनेर ने जहीर (14) को आउट कर भारत को आठवां झटका दिया। इसके बाद जडेजा ने तेजी से खेलते हुए भारत का स्कोर दो सौ के पार करा दिया।
लेकिन इशांत शर्मा (0) और मोहम्मद शमी (2) के आउट हो जाने से भारतीय पारी लंच से 202 रन बनाकर आउट हो गई।
ग्रामीण बैंक: 400 से अधिक पदों पर भर्ती
छत्तीसगढ राज्य ग्रामीण बैंक में विभिन्न पदों को भरने के लिए कुल 458 रिक्तियां जारी की गई हैं।
इन पदों में ऑफिसर स्केल-III के 4 पद, ऑफिसर स्केल-II (जेनरल बैंकिंग ऑफिसर) के 17 पद, ऑफिसर स्केल-II (आईटी) के 9 पद, ऑफिसर स्केल-II (लॉ) का 1 पद, ऑफिसर स्केल-II (ट्रेजरी मैनेजर) के 2 पद, ऑफिसर स्केल-I के 150 पद और ऑफिसर असिस्टैंट (बहुउद्देश्य) के 275 पद शामिल हैं।
वेतनमान के तौर पर ऑफिस असिस्टैंट (बहुउद्देश्य) के लिए 7200-19300 रुपये स्केल-I के लिए 14500-25700 रुपये, स्केल-II के लिए 19400-28100 रुपये तथा स्केल-III के लिए 25700-31500 रुपये निर्धारित है।
प्रारंभ में ऑफिस असिस्टैंट (बहुउद्देश्य) के उम्मीदवार को 14663 रुपये प्रतिमाह, स्केल-I के उम्मीदवार को 29,384 रुपये प्रतिमाह, स्केल-II के उम्मीदवार को 39,314 रुपये तथा स्केल-III के उम्मीदवार को 52,081 रपये प्रति माह दिया जाएगा।
पुलिसवाले के बेटे ने गैंगरेप कर बनाया MMS
नई दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में डीयू की 26 वर्षीय लॉ स्टूडेंट के साथ गैंगरेप कर उसका एमएमएस बनाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़िता को अपने भाई के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए होटल रॉयल मिराज में बुलाया था।
वहां उसने नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर अपने ममेरे भाई के साथ मिलकर युवती से दुष्कर्म किया। मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद रानीबाग थाना पुलिस ने गैंगरेप का मामला दर्ज कर दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बोनट पर बैठने के कितने लिए प्रियंका, करीना ने?
बॉलीवुड के सितारों और तारिकाओं का महंगी गाड़ियों का शौक काफी पुराना है और अब यही गाड़ियां उन्हें मोटा पैसा कमाने का मौका दे रही हैं। ऑटो एक्सपो में कुछ ऐसा ही जलवा देखने को मिल रहा है।
दिल्ली एनसीआर में शबाब पर आए ऑटो एक्सपो में हर रोज फिल्मी दुनिया के चमकते सितारे पहुंच रहे हैं। वे ऑटो ब्रांड को एंडोर्स करने के लिए पहुंच रहे हैं और इसके बदले मोटा पैसा कमा रहे हैं।
करीना कपूर ने हाल में एक टॉप-लाइन एसयूवी से परदा हटाया, वहीं प्रियंका चोपड़ा ने गाड़ी के बोनट पर बैठकर खूब तस्वीरें खिंचवाईं। इसके अलावा भीड़ रणबीर कपूर को लेकर भी दीवाना हुई, जो एक दोपहिया कंपनी के प्रोडक्ट लॉन्च करने पहुंचे थे। शुक्रवार को बाइक-बॉय जॉन अब्राहम ऑटो एक्सपो में पहुंचे।
बंद हुई मारुति की बहुत ही लोकप्रिय 800 कार
मारुति की नई छोटी कार ऑटो एक्सपो 2014 में सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
घरेलू कारों में मारुति की नई कार सेलेरियो भीड़ खींचने में सफल रही। कम कीमत की कारों की ओर लोगों का ज्यादा आकर्षण दिखाई दिया। इनमें सेलेरियो नंबर-वन पर थी।
कंपनी ने इस नई कार की इंट्री के साथ अपनी सबसे लोकप्रिय कार मारुति 800 को अलविदा भी कह दिया है।
क्या आपने ऊंटनी के दूध की काफी पी है?
मशहूर कॉफ़ी चेन बरिस्ता में एक ग्राहक ने कहा, "एक कैमलेट प्लीज।" किसी भी तरह से कैमलचीनो सुनने में थोड़ा कम मज़ेदार लगता है।
पश्चिम में ज्यादातर लोगों ने शायद ही कभी जानते हुए भी इस ऊंचे कूबड़ वाले जानवर के दूध से बने उत्पाद का स्वाद चखा होगा।
लेकिन फ़रवरी की एक सर्द सुबह में यह पेय रेगिस्तान में किसी प्यासे इंसान की मनमांगी मुराद की तरह है।
आपको जानकर ख़ुशी होगी कि यह कॉफ़ी आश्चर्यजनक ढंग से अखरोट के स्वाद और झाग वाली है।