चंद मिनटों में पढ़िए आज दिनभर में घटी हर बड़ी खबर
पाकिस्तान में हो रही हार्ट ऑफ एशिया समिट में गईं भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने आज यानी बुधवार की शाम को सरताज अजीज से मुलाकात की है।
मुलाकात के बाद सुषमा स्वराज ने कहा है कि भारत पाकिस्तान के बीच समग्र बातचीत होगी। उन्होंने कहा कि विदेश सचिव तय करेंगे कि कब-कब बातचीत होगी। इस बातचीत में शांति, आतंकवाद, जम्मू-कश्मीर और क्रिकेट पर भी बात होगी।
हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख शहरयार खान ने कहा है कि वह इस मुलाकात में भारत पाकिस्तान क्रिकेट सीरीज पर बात न होने से काफी निराश हैं। वे बोले कि यह एक तरह से भारत की तरफ से भारत-पाक क्रिकेट सीरीज के लिए इंकार है।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने बुधवार को कहा कि भारत पाकिस्तान और अफगानिस्तान के साथ व्यापार के लिए हाथ मिलाना चाहता है। उन्होंने कहा कि यह वो समय है जब भारत और पाकिस्तान को परिपक्वता और आत्मविश्वास दिखाने की जरूरत है, ताकि एक दूसरे के साथ व्यापार किया जा सके।
सुषमा स्वराज ने यह भी कहा कि अगले साल पीएम नरेंद्र मोदी पाकिस्तान का दौरा करेंगे। उन्होंने बताया कि मोदी साउथ एशियन एसोसिएशन फॉर रीजनल को-ऑपररेशन (सार्क) समिट में हिस्सा लेंगे, जिसमें सुषमा स्वराज भी उनके साथ आएंगी।
वहीं दूसरी ओर बुधवार को ही पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने हार्ट ऑफ एशिया समिट में कहा कि जो भी अफगानिस्तान का दुश्मन है, वह हमारा भी दुश्मन है। वे बोले कि पड़ोसी देशों से दोस्ताना रिश्ते रखना पाकिस्तान की विदेश नीति का अहम आधार है।
सलमान से जुड़ी हाईकोर्ट की 2 बड़ी बातें
सलमान खान के हिट एंड रन मामले में फैसला सुनाने से ठीक एक दिन पहले बांबे हाईकोर्ट ने दो बड़ी बातें कहीं हैं। बुधवार को हाईकोर्ट ने कहा जिस गवाह रवींद्र पाटिल के बयानों के आधार पर आरोप तय किए गए हैं, वह बिल्कुल भी भरोसे योग्य नहीं है।
दि इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक हाईकोर्ट ने कहा है कि घटना के वक्त एसयूवी कार जिसने लोगों को कुचला, उसे अभिनेता सलमान खान ही चला रहे थे, यह आरोप पूरी तरह विश्वसनीय नहीं है। सलमान पर इन आरोपों का आधार उस वक्त सलमान के बॉडीगार्ड रवींद्र पाटिल के बयान हैं। लेकिन अब हाईकोर्ट ने उनको अविश्वसनीय बताया है।
बांबे हाईकोर्ट के मामले के अवलोकन के दौरान यह भी पुष्ट नहीं हो पाया है कि घटना के वक्त सलमान गाड़ी चला रहे थे या नहीं, और उन्होंने शराब पी रख थी या नहीं। सलमान के शराब पीने के आरोप का आधार भी रवींद्र पाटिल ही थे। उन्होंने ही सलमान पर शराब के असर में होने का आरोप लगाया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने राहुल को पहनाई चप्पल
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को तमिलनाडु तथा पुडुचेरी के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया था। अगले ही दिन बुधवार को सामने आई तस्वीरों में पुडुच्चेरी में पूर्व केंद्रीय मंत्री वी नारायणसामी राहुल गांधी को चप्पल पहनाते दिखे।
नारायणसामी पुडुच्चेरी से सांसद हैं। तस्वीरों में वे चप्पल थामे हुए दिख रहे हैं, जबकि राहुल नंगे पांव हैं। वे ईंटों पर खड़े हैं, और आसपास पानी भरा है। राहुल नारायणसामी की ओर मुड़ते हैं और वे हाथ में ली हुई चप्पल उनके पैरों के आगे रख देते हैं।
मीडिया रिपोर्टों में कहा जा रहा है कि सामी ने राहुल के पैरों में चप्पल पहनाई थी। हालांकि सामी ने उन आरोपों को खारिज किया और कहा कि उन्होंने अपनी खुद की चप्पल राहुल को दी थी, न कि उनकी चप्पल उठाई।
खुद पर लग रहे चापलूसी के आरोपों को खारिज करते हुए सामी ने कहा कि कांग्रेस में ऐसी संस्कृति नहीं है। उन्होंने बताया कि पूरे रास्ते भर राहुल अपने जूते हाथ में लिए रहे। उन्होंने किसी सुरक्षाकर्मी तक को अपने जूते लेने तक नहीं दिए।
'हम भांड हैं, भांडगीरी करनी चाहिए'
कुछ वक्त से देशभर में 'असहिष्णुता' के मुद्दे को लेकर बहस का माहौल है। इसकी आंच में अभिनेता आमिर खान और शाहरुख खान भी आ चुके हैं। शाहरुख खान ने फैसला किया है कि वह अब किसी मुद्दे पर बोलेंगे ही नहीं।
शाहरुख खान ने कहा कि हम एक्टर भांड होते हैं और हमें सिर्फ भांडगिरी करनी चाहिए, उसके अलावा कुछ नहीं। वे बोले कि अब वह अपना मुंह ही नहीं खोलेंगे। उन्हें डर है कि कुछ कहने से फिर कॉन्ट्रोवर्सी न हो जाए।
शाहरुख कहते हैं कि अगर कोई सिर्फ अपनी बात रख रहा है पर आप उसे सुनने को भी तैयार नहीं और कहें कि यह आदमी ऐसा कैसे कह सकता है तो ये सोचना मूर्खता है।
शाहरुख ने माना कि वह बहुत सोचने के बाद इस फैसले पर पहुंचे हैं कि कई ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर उन्हें बोलना ही नहीं चाहिए। उन्होंने फिर कहा, "मैं सिर्फ फिल्मों के बारे में बता सकता हूं। बाकी सभी बातों पर बोलने की मेरी औकात नहीं है लेकिन मैं जानता हूं मैंने ऐसी कोई गलत बात नहीं की थी।"
बेटी के साथ जुकरबर्ग की एक और तस्वीर
भले ही आज से करीब 12 साल पहले मार्क जुकरबर्ग ने फेसबुक को शुरू किया था, लेकिन अब वह खुद भी इसका इस्तेमाल एक आम आदमी की तरह करने लगे हैं। हाल ही में जुकरबर्ग ने अपनी बेटी मैक्स के साथ एक तस्वीर शेयर की है और लिखा है 'छोटी मैक्स के साथ खूब मस्ती करते हुए (Full of joy with little Max)'।
इस तस्वीर के बाद मार्क जुकरबर्ग के एक चाहने वाले ने इस तस्वीर को एक पेंटिंग में बदलकर शेयर किया। दोनों ही तस्वीरें एक ही हैं, बस फर्क सिर्फ यही है कि दूसरी वाली तस्वीर को पेंटिंग में बदला गया है, पहली वाली तस्वीर का इस्तेमाल करके।
पिछले ही हफ्ते मार्क जुकरबर्ग को एक बेटी हुई है, जिसका नाम उन्होंने मैक्स रखा है। बेटी के जन्म पर मार्क ने अपनी पूरी जिंदगी में अपने 99 फीसदी शेयर यानी करीब 3 लाख करोड़ रुपए दान करने की भी घोषणा की थी। इस मौके पर उन्होंने पत्नी प्रिसिला चैंग और बेटी मैक्स के साथ अपनी एक तस्वीर भी शेयर की थी।
'संसद के जरिए कोर्ट को धमका रही कांग्रेस'
नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी का नाम आने के बाद से संसद में बवाल हो रहा है। मंगलवार के बाद बुधवार को भी संसद के दोनों सदनों में इसको लेकर जमकर हंगामा हुआ।
शुरूआत में इसी अवरोध के साथ लोकसभा की कार्यवाही चलती रही। कांग्रेस सदस्यों की इस हरकत पर लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने नाराजगी भी जताई लेकिन कांग्रेसी अड़े रहे।
जिसके चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। प्रश्नकाल के दौरान इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस के सदस्य वेल में आकर केन्द्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
दूसरी ओर भाजपा ने इस मुद्दे पर कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि कोर्ट के आदेश पर जबरन इस मुद्दे का राजनीतिकरण किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री वैंकया नायडू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस संसद के बहाने कोर्ट को धमकी देने का प्रयास कर रही है।
'राजनीतिक बदला ले रहा है पीएमओ'
नेशनल हेराल्ड पर भाजपा और कांग्रेस के बीच मची खींचतान के बीच राहुल गांधी ने पीएमओ पर राजनीतिक बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया है।
राहुल ने कहा कि पीएमओ पूरी तरह से प्रतिशोध की भावना से काम कर रहा है। हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि कौन सा प्रतिरोध तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
जब उनसे वैंकया नायडू द्वारा कांग्रेस पर संसद के जरिए कोर्ट को धमकी देने के आरोपों पर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि यह सब जानते हैं कौन किसे धमकी दे रहा है। साफ है कि उनका सीधा सीधा इशारा भाजपा और केन्द्र सरकार की ओर था।
इससे पहले सोनिया गांधी भी केन्द्र सरकार पर बदले की भावना से काम करने का आरोप लगा चुकी हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर सीधे सीधे भाजपा को चुनौती देते हुए कहा था कि मैं इंदिरा गांधी की बहू हूं, मैं क्यों डरूं।
धूमधाम से मना सोनिया गांधी का जन्मदिन
आज यानी बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का जन्मदिन मनाया गया। पीएम मोदी ने ट्वीट के जरिए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। साथ ही सोनिया गांधी के लंबे जीवन और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
सोनिया गांधी के घर के बाहर उन्हें जन्मदिन की बधाई देने वालों की भीड़-भीड़ जमा रही। कांग्रेस समर्थकों ने ढोल बजाकर सोनिया गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
भीड़-भाड़ अधिक होने के चलते सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी दिखी। बधाई देने वाले समर्थक अलग अलग तरह की पोशाकों में उनके घर के बाहर जमा हुए थे और शुभकामनाएं दे रहे थे।
सोनिया गांधी के घर के बाहर का महौल किसी उत्सव से कम नहीं था। वहां लोग खूब नाच गा रहे थे। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के घर के बाहर लोग ऐसे नाच गा रहे थे कि उनकी खुशी का कोई ठिकाना ही नहीं था। सोनिया गांधी ने लोगों को उनके जन्मदिन को इतना खास बनाने के लिए धन्यवाद कहा।
ऑड-इवन फॉर्मूले को हाईकोर्ट की हरी झंडी
केजरीवाल सरकार के सम-विषम फॉर्मूले पर रोक लगाने की याचिका को दिल्ली हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि ये याचिका काफी जल्दबाजी में डाली गई है जिसपर फैसला देना अभी संभव नहीं है।
याचिका पर रोक लगाने से इंकार करते हुए कोर्ट ने कहा कि अदालत का मानना है कि सरकार ने इस विषय में अभी तक कोई अधिसूचना जारी नहीं की है इसलिए उसने इस याचिका को अपरिपक्व माना है।
बता दें कि दिल्ली में प्रदूषण की रोकथाम के लिए दिल्ली सरकार एक पहल कर रही है। इसके तहत सरकार ने जनवरी 2016 से प्रयोग के तौर पर दो हफ्तों के लिए सम-विषम संख्या की गाड़ियों को चलाने की योजना बनाई है।
बीते सोमवार को केजरीवाल सरकार की इसी ऑड-ईवन नंबर की गाड़ियों को चलाने वाले फॉर्मूले के विरोध में दिल्ली हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई थी। सरकार ने ये याचिका खारिज कर दी है। इस मामले की अगली सुनवाई 23 दिसंबर को होगी।
तीन लोगों की हत्या में सांसद दोषी
बिहार के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन को तीन लोगों की हत्या में दोषी ठहराया गया है, जिसके तहत 11 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट शहाबुद्दीन को सजा सुनाएगी।
बिहार के सिवान से लगातार चार बार सांसद रहे शहराबुद्दीन ने अपने प्रतिद्वंदी प्रत्याशी ओम प्रकाश यादव के तीन समर्थकों को 2004 में अगवा कर लिया था। इनमें से दो लोगों की उसने 2007 में तेजाब से जलाकर हत्या कर दी थी, जबकि तीसरे शख्स की हत्या 2014 में कर दी गई थी।
बिहार के लोकप्रिय नेता लालू प्रसाद यादव की पार्टी से सांसद रहे शहाबुद्दीन दो बार विधायक भी रहे चुके हैं। लेकिन जब उन पर मामला दर्ज हुआ तो अदालत ने 2009 के लोकसभा चुनावों में शहाबुद्दीन के चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया था।
इसके बाद शहाबुद्दीन ने अपनी पत्नी हिना शहाब को चुनाव में उतारा, लेकिन वह चुनाव नहीं जीत सकी थीं। 2007 से जेल में बंद शहाबुद्दीन को हत्या के इरादे से तीन लोगों को अगवा करने का दोषी पाया गया था। इस मामले में शहाबुद्दीन आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।