नहीं देखीं दिनभर की बड़ी खबरें, चंद मिनटों में पढ़ लीजिए सारी
भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज पाकिस्तान के इस्लामाबाद पहुंच चुकी हैं। कल यानि बुधवार को वह पीएम नवाज शरीफ और सरताज अजीज से मुलाकात करेंगी। इस मुलाकात में क्रिकेट सीरीज का ऐलान होने की भी संभावना है।
इस मुलाकात में कई द्विपक्षीय मुद्दों पर बात होने की संभावना जताई जा रही है। आपको बता दें कि सुषमा स्वराज पाकिस्तान में 'हार्ट ऑफ एशिया समिट' में हिस्सा लेने पहुंची हैं।
सुषमा स्वराज ने कहा कि हार्ट ऑफ एशिया कॉन्फ्रेंस भारत के लिए इसलिए भी बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह अफगानिस्तान से जुड़ा हुआ है।
EAM Sushma Swaraj in Islamabad (Pakistan), speaks on the message she has come with to Pakistan.
https://t.co/8CR8IL7RWj
— ANI (@ANI_news) December 8, 2015
बाढ़ पीड़ितों से मिले राहुल गांधी
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी मंगलवार को पुडुचेरी पहुंचे और बारिश से प्रभावित लोगों को सहायता की चीजें बांटीं। राहुल गांधी ने कहा कि वह यहां स्थिति का जायजा लेने और लोगों की मदद के लिए आए हैं।
पुडुचेरी में पहुंच कर राहुल गांधी ने यह भी कहा कि यह वक्त राजनीतिक करने का नहीं है। राहुल गांधी लोगों की मदद के लिए तत्पर नजर आए।
आपको बता दें कि तमिलनाडु के पुडुचेरी, चेन्नई, कुड्डालोर समेत कई जगहों पर भारी बारिश की वजह से बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं। यहां पर लोगों तक विभिन्न तरीकों से मदद पहुंचाने की कोशिश लागातार की जा रही है।
दिल्ली के लिए नया सम-विषम फॉर्मूला
दिल्ली के परिवहन मंत्री गोपाल राय ने राजधानी में प्रदूषण कम करने के लिए एक नए सम-विषम फॉर्मूले की घोषणा की है। इसके तहत गाड़ी दिन नहीं, बल्कि तारीख के हिसाब से चलेगी।
नए नियम के तहत सम तारीख (0,2,4,6,8) को सम नंबर की गाड़ियां, जबकि विषम तारीख (1,3,5,7,9) को विषम नंबर की गाड़ियां चलेंगी। वहीं रविवार को किसी भी नंबर की गाड़ी चलाने की छूट रहेगी।
सम-विषम कारों का नियम सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक रहेगा। स्कूटर, बाइक और बाहर की गाड़ियों पर अभी फैसला नहीं हो सका है। नया फॉर्मूला 1 जनवरी से लागू करके 15 जनवरी तक ट्रायल के तौर पर चलेगा।
टीम इंडिया को मिला 2 करोड़ का तोहफा
सोमवार को टीम इंडिया ने दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में आखिरी टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका को 337 रनों से हराकर चौथा टेस्ट मैच अपने नाम कर लिया है। इस मैच में इंडिया ने 3-0 से जीत हासिल की है।
भारत के इस शानदार प्रदर्शन के चलते बीसीसीआई अध्यक्ष शशांक मनोहर ने टीम इंडिया को बधाई के साथ 2 करोड़ रुपए का तोहफा दिया। इसके अलावा पत्रकारवार्ता में शशांक मनोहर ने कहा कि पाकिस्तान के साथ क्रिकेट सीरीज को लेकर फैसला पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को लेना है न कि बीसीसीआई को।
गौरतलब है कि बीसीसीआई और पीसीबी के बीच क्रिकेट सीरीज दिसंबर माह में होने वाली थी लेकिन फिलहाल इस माह सीरीज के होने की कोई संभावना नहीं है। उधर, श्रीलंका में भारत-पाक क्रिकेट सीरीज पर श्रीलंका राजी है।
19 दिसंबर को सोनिया-राहुल की पेशी
बहुचर्चित नेशनल हेराल्ड केस में निचली अदालत ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी को फिलहाल राहत देते हुए मामले की सुनवाई के लिए 19 दिसंबर की तारीख तय की है। इस मुद्दे पर संसद में भी जमकर हंगामा हुआ।
बता दें कि मामले में निचली अदालत ने सोनिया-राहुल को अदालत में पेश होने के लिए समन दिया था। जिसके विरोध में दोनों ने हाइकोर्ट की शरण ली थी, लेकिन वहां से भी उन्हें निराशा ही हाथ लगी थी।
कोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद कांग्रेस के दोनों दिग्गजों को आज यानी मंगलवार को पटियाला हाउस अदालत में पेश होना था, लेकिन अब सुनवाई को 19 तारीख तक बढ़ा दिया गया है।
'दाऊद इब्राहित से खतरनाक हैं आजम खान'
आजम खान की तरफ से पेरिस हमले पर दिए गए बयान पर शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना में उन्हें दाऊद इब्राहिम से भी खतरनाक बताया है। साथ ही आजम को एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी से सीख लेने को कहा है कि वह कभी देश के खिलाफ कुछ नहीं बोलते हैं।
आजम खान ने कहा था कि मस्जिद नहीं गिराई जाती तो मुंबई धमाके नहीं होते। पेरिस हमले पर वह बोले थे कि वह हमला यूरोपियन नेशन की तरफ से सीरिया पर किए हमलों की प्रतिक्रिया है।
शिवसेना ने अपने मुखपत्र में आजम की तुलना सांप और बिच्छू से की है और कहा है कि जब तक देश में ऐसे लोग मौजूद हैं, तब तक किसी बाहरी दुश्मन की क्या जरूरत है।
लोकमान्य एक्सप्रेस और ईएमयू में टक्कर
हरियाणा के पलवल में एक ही पटरी पर चल रही लोकमान्य एक्सप्रेस को ईएमयू ने पीछे से जोरदार टक्कर मारी। इस हादसे में ईएमयू के ड्राइवर यशपाल सिंह की मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार घना कोहरा होने के कारण ये हादसा हुआ। दोनों ही ट्रेनें दिल्ली की ओर जा रही थी। घटना में लोकमान्य एक्सप्रेस के बैकयार्ड में खड़ा गार्ड वीवी गुप्ता घायल हो गया।
हादसे के बाद सबसे पहले स्थानीय लोग व ट्रेन यात्री ही राहत व बचाव कार्य के लिए आए थे। रेलवे ने हादसे के बाद हेल्पलाइन भी जारी किया है। हेल्पलाइन नंबर है- 011 23459748 और 011 23341074. यह हादसा असावती स्टेशन पर हुआ।
बाढ़ पीड़ितों को शाहरुख खान ने दिए 1 करोड़ रुपए
चेन्नई में आई बाढ़ के बाद पूरा देश अपनी तरफ से मदद भेज रहा है। इसी बीच चेन्नई वासियों के लिए बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ने 1 करोड़ रुपए का दान दिया है, ताकि चेन्नई के लोग बाढ़ के संकट से निपट सकें।
शाहरुख की कंपनी रेड चिलीज ने मुख्यमंत्री राहतकोष के नाम पर 1 करोड़ रुपये की धनराशि दान की है। इस पर सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा हो रही है।
इससे पहले ही दक्षिण भारत के सितारे रजनीकांत दस लाख रुपये, अभिनेता विजय ने पांच करोड़ रुपये, धनुष ने पांच लाख रुपये, अल्लू अर्जुन ने 25 लाख रुपये, जूनियर एनटीआर ने 10 लाख रुपये, महेश बाबू 10 लाख रुपये, रवि तेजा ने 5 लाख रुपये बाढ़ पीडितों के लिए दान कर चुके हैं।
'अमेरिका में मुसलमानों के आने पर लगे रोक'
कैलिफोर्निया में हुई गोलीबारी के बाद अमेरिका में रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी हासिल करने की दौड़ में शामिल डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका में मुसलमानों के आने पर पूरी तरह से रोक लगा देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अमेरिका के प्रति मुसलमानों की नफरत देश को खतरे में डाल सकती है। अमेरिकी राष्ट्रपति के कार्यालय व्हाइट हाउस ने ट्रंप के बयान को 'गैर अमेरिकी' बताते हुए कड़ी आलोचना की है।
व्हाइट हाउस ने एक बयान में कहा है कि ट्रंप का बयान अमेरिकी मूल्यों और उसके राष्ट्रीय सुरक्षा हितों के विपरीत है। आपको बता दें कि पिछले दिनों कैलिफोर्निया के सैन बर्नारडिनो एक मुसलमान दंपति की गोलीबारी में 14 लोग मारे गए थे।
आईपीएल की दो नई टीमों की घोषणा
आईपीएल में आगामी दो साल के लिए चेन्नई सुपरकिंग्स और राजस्थान रॉयल्स की जगह दो नई टीमों की घोषणा हो गई, जिनमें पहली है टीम है पुणे की और दूसरी है राजकोट की।
ये दोनों टीमें आईपीएल में दो साल वर्ष 2016 और 2017 का हिस्सा रहेंगी। नामी बिजनेसमैन आरपीजी संजीव गोयनका ने पुणे जबकि इंटेक्स मोबाइल ने राजकोट की टीम खरीदी है।
बीसीसीआई के अध्यक्ष शशांक मनोहर ने आईपीएल 2016 के टूर्नामेंट की घोषणा भी कर दी है। मैच 9 अप्रैल से 19 मई तक खेले जाएंगे। इसी माह 15 दिसंबर को नई दिल्ली में क्रिकेटरों की बोली लगेगी।
आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित जस्टिस लोढ़ा कमेटी द्वारा आईपीएल-2013 में स्पॉट फिक्सिंग में दोषी पाए जाने के बाद चेन्नई सुपरकिंग्स और राजस्थान रॉयल्स पर दो साल का प्रतिबंध लगा दिया था।
पाकिस्तान भारत के खिलाफ करेगा एफ-16 का इस्तेमाल
अमेरिका पाकिस्तान को एफ-16 लड़ाकू विमान बेचने की तैयारी कर रहा है। इसी बीच देश के पूर्व राजनयिक ने कांग्रेस को चेताया है कि यह लड़ाकू विमान पाकिस्तान भारत के खिलाफ इस्तेमाल करेगा, न कि आतंकवाद के खिलाफ।
पूर्व राजनयिक हुसैन हक्कानी ने ऐसे सैन्य उपकरणों के बेचे जाने और कथित सिविल न्यूक्लियर डील को पाकिस्तान की सेना के प्रति तुष्टीकरण की नीति बताया है।
उन्होंने अमेरिका से कहा है कि वह पाकिस्तानी नेताओं को कहे कि भारत से प्रतिद्वंद्विता की चाहत वैसी ही है जैसे बेल्जियम फ्रांस और जर्मनी के साथ प्रतिद्वंद्विता करने की कोशिश कर रहा है।