{"_id":"9c0844cb9be2587f0e5aec9e90600ca8","slug":"to-take-power-medicine-and-run-for-army-hindi-news-sy","type":"story","status":"publish","title_hn":"सेना भर्ती में शक्तिवर्धक दवाएं लेकर लगाई दौड़","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
सेना भर्ती में शक्तिवर्धक दवाएं लेकर लगाई दौड़
ब्यूरो/अमर उजाला, जयपुर
Updated Tue, 09 Dec 2014 08:21 PM IST
विज्ञापन
जयपुर में मंगलवार को आयोजित सेना भर्ती दौड़ में कई युवा शक्तिवर्धक दवाएं खाकर दौड़े। सेना के अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से सौ से अधिक ऐसी दवाओं के पैकेट बरामद किए। यही नहीं, सेना को जांच में अभ्यर्थियों के पास से डॉक्टरों की फर्जी सील भी मिली।
विज्ञापन
अब सेना के अधिकारी दौड़ में सफल अभ्यार्थियों का मेडिकल बोर्ड से स्वास्थ्य परीक्षण करा रही है। सेना को आशंका है कि सफल अभ्यर्थियों में से भी कुछ ने ऐसी दवाओं का इस्तेमाल किया है।
विज्ञापन
जयपुर के नजदीक आमेर में सेना ने भर्ती दौड़ आयोजित की थी। सेना की इंटेलीजेंस विंग ने सैन्य अधिकारियों को पहले ही चेता दिया था कि दौड़ में शामिल अभ्यर्थियों के शक्तिवर्धक दवाओं के इस्तेमाल की आशंका है।
विज्ञापन
सेना की इंटेलीजेंस विंग से मिली जानकारी के आधार पर आयोजन स्थल पर मौजूद सेना के अधिकारियों ने भर्ती में आए अभ्यर्थियों की जांच की। जांच में कई अभ्यर्थियों से ऐसी दवाओं के सौ से अधिक पैकेट भी बरामद किए गए। चिकित्सा विभाग की टीम ने भर्ती स्थल पर जाकर उन दवाइयों की जांच की। चिकित्सकों के अनुसार बरामद हुई शक्तिवर्धक दवाइयों का सेवन दौड़ से तीन घंटे पहले किया जाता है।
इधर, जांच के दौरान सैन्य अधिकारियों को जांच में अभ्यार्थियों के पास डाक्टरों की फर्जी सील भी मिली है। इस सीलों का इस्तेमाल अभ्यर्थियों ने अपने फिटनेस प्रमाण पत्र पर किया है। सेना ने अभ्यर्थियों से मिली इस तरह की सील भी जब्त कर ली है।