काले शॉल ओढ़कर संसद पहुंचे टीएमसी सांसद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
काले धन के मुद्दे पर गुरुवार को भी संसद में सरकार का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। टीएमसी के सांसद विरोध के तौर पर काले शॉल ओढ़कर संसद भवन पहुंचे। इससे पहले मंगलवार को भी टीएमसी सांसदों ने प्रदर्शन किया था। मंगलवार को टीएमसी सांसदों ने काले छाते ले जाकर सरकार का विरोध किया था। कालेधन के मुद्दे पर मोदी सरकार विपक्ष के तीखे तेवरों का सामना कर रही है।
विपक्षी सांसदों का आरोप है कि बीजेपी ने चुनाव के दौरान लोगों से वादा किया था कि सौ दिनों के भीतर वो विदेश में जमा काला धन वापस ले आएगी लेकिन ऐसा नहीं किया। विपक्षी सांसदों ने सरकार पर अपने वादे से मुकरने का आरोप लगाया है। कांग्रेस के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कालेधन के मुद्दे पर जो जवाब दिया है वो संतोषजनक नही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कई मुद्दों पर यू-टर्न लिया है।
सरकार ने दिया जवाब
संसदीय कार्य मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा कि विपक्ष को हंगामा मचाने के बजाय सार्थक चर्चा करनी चाहिए। नियम कायदों के मुताबिक सरकार किसी भी मसले पर किसी भी हद तक चर्चा करने को तैयार है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने इस मसले पर पहले ही एक एसआईटी का गठन कर दिया है और प्रधानमंत्री मोदी इस मसले को जी-20 देशों तक ले गए हैं। हमारी सरकार इस मसले पर कुछ भी नहीं छिपा रही है।
वेंकैया नायडू ने कहा कि कालाधन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जमा हुआ और तब की सरकार ने इस मसले पर एसआईटी तक का गठन नहीं किया। बीजेपी नेता जीवीएल नरसिंह राव ने कहा कि सरकार कालेधन के मसले पर पूरी ईमानदारी के साथ काम कर रही है और इस मसले पर सरकार की साख और ईमानदारी पर कोई सवाल नहीं उठा सकता।
जेटली ने दी थी सफाई
काला धन वापस लाने के चुनावी वादे पर घिरी मोदी सरकार ने संसद को बुधवार को पहली बार बताया है कि ढाई सौ लोगों ने विदेशी बैंकों में अपने खाते होने की बात कबूल की है। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बुधवार को राज्यसभा में काले धन पर हुई गरमागरम बहस का जवाब देते हुए यह भी कहा कि सरकार जांच के बाद विदेशी बैंकों में पैसा रखने वाले 427 लोगों की पहचान कर उन्हें नोटिस भी भेज चुकी है।
हालांकि जेटली ने खाताधारकों के नाम सार्वजनिक नहीं कर सकने की मजबूरी बताते हुए कहा कि जांच के इस स्तर पर नाम सार्वजनिक करने से संबंधित देश या बैंक आगे सबूत देने से इनकार कर देगा। उन सबूतों के अभाव में सभी काला धन रखने वाले बच निकलेंगे। जेटली के मुताबिक सरकार सौ दिन के भीतर भले ही काला धन वापस नहीं ला सकी है, लेकिन इतना काम कर लिया है कि आने वाले दिनों में इसके ठोस नतीजे निकलेंगे।