दीदी के राज्य में भुखमरी से तीन बागान मजदूरों ने तोड़ा दम
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के बागराकोट चाय बागान में भुखमरी के चलते तीन और मजदूरों की मौत हो गई है।
इसके साथ ही बीते सात हफ्तों में इस बागान में मरने वालों की तादाद बढ़कर 11 हो गई है। हालांकि जिला प्रशासन का दावा है कि यह मौतें भुखमरी नहीं, बल्कि बीमारियों के चलते हुई हैं।
उत्तर बंगाल इलाके के कई बागानों की तरह यह बागान भी लंबे अरसे से बंद है। एक मजदूर उत्तम विश्वकर्मा ने बताया कि मजदूरों को लंबे अरसे से पूरा राशन नहीं मिल रहा है।
नतीजतन उनको दो जून की रोटी के लाले पड़ गए हैं। इसी वजह से कुपोषण का शिकार हो कर मजदूर दम तोड़ रहे हैं।
सरकार कह रही प्राकृतिक है मौत
दूसरी ओर, जलपाईगुड़ी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (स्वास्थ्य) प्रकाश मिर्धा का दावा है कि यह मौतें प्राकृतिक वजहों से हुई हैं।
उन्होंने कहा कि एक मजदूर की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है। लेकिन राज्य के चाय बागानों में काम की कमी के चलते कई मजदूरों को काम न मिलने के कारण जीवन यापन करना कठिन हो गया है।
इस कारण उनके पास भूखा रहने के अलावा कोई चारा नहीं बचा है।