मोदी को आतंकी संगठन जैश का धमकी भरा खत!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी में शामली के जलालाबाद में स्थित धर्मस्थल के मुख्यद्वार पर पॉलीथिन में मुर्गे की हड्डियां-मांस के साथ आतंकी संगठन जैश के नाम से धमकी भरा पत्र मिलने से सनसनी फैल गई।
पत्र में मोदी को पैगाम देते हुए एक वर्ग विशेष पर ज्यादती और जेलों में बंद करने का आरोप लगाते हुए बदला लेने की चेतावनी के साथ सहारनपुर से कर्फ्यू न हटाने पर स्कूल, थानों और रेलवे स्टेशनों को निशाना बनाने की धमकी भी दी गई है।
उधर, मेरठ जोन के आईजी आलोक शर्मा ने कहा कि शरारती तत्वों ने माहौल खराब करने की कोशिश की है। मामले की जांच कराकर दोषियों पर रासुका लगाई जाएगी। आईजी ने कहा कि लोग अफवाह फैलाने वालों की बातों पर ध्यान न दें।
सहारनपुर से कर्फ्यू हटाने की चेतावनी
बृहस्पतिवार की सुबह धर्मस्थल के मुख्यद्वार पर एक पॉलीथिन लटकी थी। उतारकर देखा गया तो उसमें मुर्गे की चार-पांच हड्डियां-मांस और एक धमकी भरा पत्र मिला। स्कूल की लाइनदार कॉपी के पन्ने पर आतंकी संगठन जैश के नाम से भेजे गए इस पत्र में मोदी के नाम पैगाम से संबोधित करते हुए कहा गया कि जैश के मुजहिदीन इंडिया में आ चुके हैं।
वे गाजा, शामली, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, सहारनपुर, गुजरात, कश्मीर, असम और की जेलों में बंद बेकसूर मुसलमानों का बदला लेंगे। खास तौर से सज्जाद, अजमल, कस्साब आदि के नाम पत्र में लिखे गए हैं।
पत्र में सहारनपुर से 11 बजे तक कर्फ्यू हटाने की चेतावनी देते हुए कहा गया है कि यहां मुसलमानों को कोई तकलीफ पहंची तो स्कूल, थानों और रेलवे स्टेशनों को निशाना बनाएंगे।
कसबे का अमन चैन बिगाड़ने की कोशिश
मामले की सूचना धर्मस्थल कमेटी के पदाधिकारियों को दी गई। पूरे कसबे में यह बात आग की तरह फैल गई। थानाभवन विधायक सुरेश राणा, धर्मस्थल कमेटी के पदाधिकारी समेत कसबे के वर्ग विशेष के सैकड़ों लोग धर्मस्थल में जमा हो गए। एडीएम-एएसपी, एसडीएम, सीओ और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
लोगों ने पुलिस-प्रशासन का विरोध किया और कहा कि पूर्व में भी यहां इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन कसूरवार बच जाते हैं। इस घटना से एक वर्ग विशेष की भावनाएं आहत हुई हैं।
विधायक ने कहा कि पुलिस इस पत्र को गंभीरता से ले और दोषियों का पता लगाकर माहौल में जहर घोलने का काम करने वाले ऐसे लोगों को सजा दी जाए। पूर्व चेयरमैन अशरफ अली ने कहा कि किसी ने कसबे का अमन-चैन बिगाड़ने की कोशिश की है, लेकिन कसबे के लोग ऐसा होने नहीं देंगे।
माहौल खराब करने की कोशिश : एसपी
एसपी दिनेश चंद्र ने कहा कि आतंकी संगठन के नाम से पत्र लिखकर किसी ने माहौल खराब करने की कोशिश की है। धर्मस्थल प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात में धार्मिक भावनाएं भड़काने, धमकाने की धारा में केस दर्ज कर लिया है।