भाजपा विधायक संगीत सोम को ISIS की धमकी
यूपी के सरधना से भाजपा विधायक संगीत सोम को शनिवार को फिर धमकी भरी कॉल आई। धमकी देने वाले ने खुद को आईएसआईएस (इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया) का आतंकी बताया।
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि दक्षिण अमेरिकी देश चिली से इंटरनेट कॉल के जरिए धमकी दी गई। विधायक ने अधिकारियों से इस मामले की शिकायत करते हुए सरधना थाने में तहरीर दी है। खुफिया विभाग और पुलिस जांच में जुट गई है।
संगीत सोम शनिवार सुबह करीब नौ बजे अपने कैंप कार्यालय (सरधना) में समर्थकों से बात कर रहे थे। तभी विधायक के सीयूजी नंबर पर कॉल आई, जिसे पीए विकास ने रिसीव किया। फोन रिसीव करते ही धमकी मिलने लगी।
साइबर सेल से कराई जा रही हैं जांच
विकास ने फोन विधायक को सौंप दिया। विधायक का कहना है कि धमकी देने वाला
अंग्रेजी और हिंदी में बात कर रहा था और उसने खुद को आईएसआईएस का आतंकी
बताया। विधायक ने भी सख्त लहजे में बोलना शुरू कर दिया।
करीब एक मिनट तक
फोन पर दोनों में कहासुनी हुई, जिसके बाद फोन काट दिया गया। विधायक ने इसकी
जानकारी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को दी।
आईएसआईएस से संगीत सोम को
धमकी मिलने की सूचना पर खुफिया विभाग में खलबली मच गई। प्रारंभिक जांच के
बाद पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दक्षिण अमेरिकी देश चिली से इंटरनेट
कॉल के जरिए विधायक को धमकी दी गई है। इस मामले की जांच साइबर सेल से कराई
जा रही है।
पुलिस सभी बिंदुओं पर पड़ताल में जुटी है। बता दें कि इससे पहले
भी संगीत सोम को दो बार धमकियां मिल चुकी हैं। एक बार जानलेवा हमला हो
चुका है।