बहादुर बेटी ने बच्ची को बचाया, किडनैपर्स को याद दिलाई नानी
(दाएं नाजिया। बीच में डिंपी और उसकी मां। बाएं नाजिया का साथ देने वाली छात्राएं खुशनुमा और सनोवर)
ग्यारहवीं की एक छात्रा ने उन लोगों के लिए नजीर पेश किया है जो किसी के साथ अपराध होता देख विरोध करने का साहस नहीं कर पाते। पुलिस के लिए भी यह घटना आंखें खोल देने वाली है।
स्कूल से छुट्टी के बाद पैदल घर जा रही कक्षा दो की छात्रा डिंपी को सदरभट्टी-मीरा हुसैनी चौराहे के पास बाइक सवार दो युवकों ने अगवा कर लिया। यह देख नाजिया अकेले ही बच्ची को बचाने के लिए दौड़ पड़ी।
दोनों युवकों को बाइक से गिरा दिया और डिंपी को छुड़ा लिया। उसकी दो साथी छात्रा भी पहुंच गईं। खुद को घिरता देख अपहरणकर्ता भाग निकले। तीन दिनों तक दहशत के कारण नाजिया और डिंपी कालेज नहीं गईं तो प्रिंसिपल ने जानकारी की।
बुधवार को घटना का पता चलने पर कालेज प्रबंधन ने थाने में तहरीर दी है। साथ ही कालेज प्रबंधन 15 अगस्त को बहादुर नाजिया को सम्मानित करेगा।
बच्ची चिल्लाई 'दीदी बचाओ'
यह घटना शनिवार की है। कलेक्ट्रेट स्थित सगीर फातिमा गर्ल्स इंटर कालेज की दोपहर 12:30 बजे छुट्टी हुई। कक्षा दो की छात्रा डिंपी पुत्री अशोक (निवासी छोटी हथाई नाई की मंडी) पैदल ही घर जा रही थी।
जैसे ही वह सदरभट्टी-मीरा हुसैनी चौराहे के बीच पहुंची बाइक सवार दो युवक उसे अगवा कर भागने लगे। बच्ची ने पीछे चल रही कक्षा 11 की छात्रा नाजिया को ‘दीदी बचाओ’ की आवाज लगाई।
इस पर नाजिया बाइक के पीछे दौड़ पड़ी। बाजार में भीड़भाड़ होने के कारण युवक बाइक को दौड़ा नहीं पाए। नाजिया ने युवकों को बाइक से गिरा दिया। मदद को उसकी दो साथी छात्रा खुशनुमा और सनोवर भी पहुंच गई।
वहां खड़े लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही युवक बाइक से भाग निकले। बुधवार को कालेज आई छात्राओं ने प्रिंसिपल को घटना की जानकारी दी। कालेज प्रबंधन ने थाना नाई की मंडी में प्रार्थना पत्र देकर स्कूल के आसपास सुरक्षा की मांग की है।
दहशत में रही नाजिया और डिंपी
नाजिया ने बताया कि डिंपी की पुकार सुनकर उसके होश उड़ गए। वह तुरंत दौड़ पड़ी। ठान लिया था कि डिंपी को मुक्त कराना है। इस घटना के बाद से कई दिनों तक डर लगता रहा। उधर, डिंपी के परिवारजनों ने भी डर के कारण उसे तीन दिन स्कूल नहीं भेजा।
कालेज बहादुर बेटियों का सम्मान करेगा। घटना की पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया गया, जबकि युवकों का हुलिया तक बता दिया गया है।
- हाजी जमीलउद्दीन कुरैशी, कालेज प्रबंधक
यह घटना दिल दहलाने वाली है। बच्चियों ने बुधवार को घटना की जानकारी दी। हमने गुरुवार को सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। नाजिया व साथी दो छात्राओं को 15 अगस्त को सम्मानित किया जाएगा।
- डा. फरहत बानो, प्रधानाचार्य