किसने कहा कि पीएम कर रहे हैं दो बड़ी गलतियां?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार भले ही एक साल पूरे होने के मौके पर जश्न मना रही हो, मगर ब्रिटेन की चर्चित पत्रिका ‘द इकोनॉमिस्ट’ ने पीएम को ‘वन मैन बैंड’ करार देते हुए उनकी एक तस्वीर भी छापी है, जिसमें मोदी कई वाद्य यंत्रों के साथ नजर आ रहे हैं।
पत्रिका ने कहा कि मोदी दो बड़ी भूल कर रहे हैं। एक तो यह कि वह सोचते हैं कि कड़वे फैसले के लिए इंतजार किया जा सकता है और दूसरी यह कि वह सोचते हैं कि मोदी अकेले बदलाव ला सकते हैं। उनकी सोच अब भी गुजरात के मुख्यमंत्री जैसी है। अगर वह देश में बड़ा बदलाव चाहते हैं तो उन्हें अब कोई नई धुन बजानी होगी।
भाजपा सरकार की रफ्तार बेहद धीमी
पीटीआई के मुताबिक द इकोनॉमिस्ट ने मोदी सरकार की खिंचाई करते हुए कहा है कि साल भर पहले अच्छे दिन का वादा करके सत्ता में आई भाजपा सरकार की रफ्तार बेहद धीमी है।
पत्रिका ने कहा है कि भारत के तीस साल के इतिहास में पहली बार भाजपा को स्पष्ट जनादेश मिला, मगर पीएम ने जितने अधिकार अपने हाथों में रखे उतने शायद ही किसी दूसरे पीएम ने कभी रखे हों। जबकि मुश्किल यह है कि भारत बदलाव चाहता है और ‘वन मैन बैंड’ के पास बहुत से काम हैं।
पत्रिका ने कहा है कि इसमें कोई संदेह नहीं कि भारत को एक विकसित राष्ट्र बनना चाहिए और आगामी कुछ सालों में यह दुनिया में सबसे बड़ी आबादी वाला देश और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बना जाएगा। मगर पीएम मोदी को भ्रम है कि भारत को आर्थिक शक्ति बनने की अगुवाई बस एक ही इंसान कर सकता है, वह हैं खुद नरेंद्र दामोदार दास मोदी।