भारत में तबाही की भयानक साजिश का खौफनाक खुलासा
इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) के आतंकियों ने देश में तबाही फैलाने के लिए केमिकल्स का प्रयोग करके जहरीली गैस वाले बम तैयार कर लिए थे। दिल्ली पुलिस ने राजस्थान पुलिस के सहयोग से काफी मात्रा में रासायनिक बम बरामद किए हैं।
दो दर्जन से ज्यादा बम ऐसे थे, जिनमें सिर्फ टाइमर लगाना बाकी रह गया था। इसके अलावा आधे तैयार किए गए बम, बम बनाने का सामान और विस्फोटक बरामद किया गया है।
आतंकियों के ठिकाने से इन बमों को बरामद करके निष्क्रिय करने के लिए लेबोरेटरी ले जाया गया है।
आतंकी रेकी कर चुके थे
दिल्ली और राजस्थान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि ये ऐसे बम हैं जिनके फटने से तुरंत ज्यादा जान नहीं जातीं, लेकिन इनसे निकलने वाली जहरीली गैस जहां तक फैलती है, उसकी जद में आने वाले लोगों की जान बाद में भी जा सकती है।
बम में इस्तेमाल केमिकल को देश के बाहर से नहीं लाया गया है, बल्कि भारत में ही कई केमिकल्स को मिलाकर बम तैयार किए गए हैं। दिल्ली पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार वकार व मारूफ ने खुलासा किया है कि आईएम आकाओं ने तबाही के लिए पहली बार केमिकल बम तैयार किए थे।
अब आईएम इनसे तबाही फैलाना चाहता है। इसके लिए आतंकी रेकी कर चुके थे। बस पाकिस्तान में बैठे आकाओं के आदेश का इंतजार किया जा रहा था।
50 से ज्यादा जगहों पर करने थे धमाके
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, देश में 50 से ज्यादा जगहों पर बम धमाके करने की तैयारी थी। षड्यंत्र इतना खतरनाक था कि जानमाल के नुकसान की कल्पना भी नहीं की जा सकती। देश में अफरा-तफरी फैल जाती।
पुलिस अधिकारियों का मानना हैं कि अगर आतंकी अपने मंसूबों में कामयाब हो जाते तो शायद लोकसभा चुनाव ही टल जाते। हो सकता है आईएम की भी यही साजिश हो।
आईएम का इंडिया चीफ तहसीन अख्तर इस खतरनाक साजिश को अंतिम रूप दे रहा था।