छत्तीसगढ़ में नक्सली हमले में STF के सात जवान शहीद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छत्तीसगढ़ में एक बार फिर नक्सलियों ने पुलिसकर्मियों को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। राज्य के सुकमा जिले में शनिवार को माओवादियों के साथ हुई गोलीबारी में सात पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
यह मुठभेड़ जिले के सबसे ज्यादा नक्सल प्रभावित पिडमेल-पोलमपल्ली इलाके में दोपहर के आसपास हुई। नक्सल विरोधी अभियान के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आरके विज ने बताया, ‘मुठभेड़ में हमारे सात जवान शहीद हुए हैं और कम से कम 10 घायल हुए हैं।’
अधिकारियों ने बताया कि राज्य पुलिस के विशेष दस्ते (एसटीएफ) का जिले के डोरनापाल-चिंतागुफा इलाके में हथियारों से लैस माओवादियों से सामना हुआ। इस दौरान हुई मुठभेड़ में पुलिस को बड़ा नुकसान पहुंचा। बताया जाता है कि इस इलाके में पहले भी नक्सलियों की ओर से कई पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों को निशाना बनाया जा चुका है।
अधिकारियों ने बताया कि घायल जवानों को इलाज के लिए हेलीकाप्टर के जरिये जगदलपुर पहुंचाया गया है। ज्यादातर जवान गोली लगने से घायल हुए हैं। ज्यादा जानकारी की प्रतीक्षा है।
गत दिसंबर में भी कर दी थी 13 जवानों की हत्या
विज ने बताया कि नक्सलियों की घेरेबंदी और खोज अभियान के लिए मौका-ए-वारदात पर सीआरपीएफ जवानों की दो टुकड़ियां भेजी गई हैं। शहीद पुलिसकर्मियों की पहचान प्लाटून कमांडर- शंकर राव, हेड कांस्टेबल- रोहित सोढ़ी, मनोज बघेल, कांस्टेबल- मोहन वीके, राजकुमार मरकाम, किरन देशमुख और राजमन टेकम के तौर पर हुई है।
मालूम हो कि छत्तीसगढ़ का सुकमा जिला राज्य के सबसे ज्यादा नक्सल प्रभावित इलाकों में से एक है। यहां अक्सर नक्सली सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाते रहते हैं।
छत्तीसगढ़ में हाल के बड़े नक्सली हमले
02 फरवरी, 2015 : कांकेर जिले में मुठभेड़, दो पुलिसकर्मी शहीद
02 दिसंबर, 2014 : सुकमा जिले में सीआरपीएफ के 14 जवान शहीद
11 मार्च, 2014 : बस्तर की दरभा घाटी में 15 सुरक्षाबलों समेत 16 की मौत
25 मई, 2013 : दरभा घाटी में कांग्रेस नेताओं के काफिले पर हमला, कई नेताओं समेत 29 की मौत
19 अगस्त, 2011 : बीजापुर में 11 पुलिसकर्मी शहीद
29 जून, 2010 : नारायणपुर के दौराई में सीआरपीएफ के 26 जवान शहीद
6 अप्रैल, 2010 : दंतेवाड़ा जिले में 76 सीआरपीएफ जवान शहीद