भारत में बड़े हमले की फिराक में आतंकी!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिडनी और पेशावर में आतंक का खौफनाक मंजर सामने आने के बाद गृह मंत्रालय ने राज्यों से अगले दो महीने तक हर तरीके से अलर्ट रहने को कहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की यात्रा के मद्देनजर खुफिया एजेंसियां पहले से ही सतर्क करने की बात कह चुकी थीं, लेकिन एक दिन पहले सिडनी और फिर पेशावर की घटना के बाद विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
गृह मंत्रालय ने फौरी सलाह जारी करते हुए दिल्ली, अहमदाबाद, मुंबई, हैदराबाद, बंगलूरू और कोलकाता के स्कूलों को सचेत रहने को कहा है। इसके साथ ही मंत्रालय के अधिकारी स्कूलों की सुरक्षा को लेकर एक स्थायी दिशानिर्देश तैयार करने में जुटे हुए हैं।
संभावना है कि बुधवार शाम तक गृह मंत्रालय इस बारे में दिशानिर्देशों को अंतिम रूप दे देगा। माना जा रहा है कि सरकार स्कूलों और शिक्षण संस्थानों से कह सकती है कि वे छात्रों को इसकी ट्रेनिंग दिलवाएं कि अगर इस तरह का कोई हमला होता है, तो इससे कैसे बचा जा सकता है।
आपात स्थिति के लिए अलार्म की व्यवस्था हर स्कूलों में करवाई जाएगी। उन चुनिंदा स्कूलों को अलग से हिदायत दी जाएगी, जिनमें विदेशी राजनयिकों के बच्चे पढ़ते हैं। स्कूलों से कहा गया है कि वे पूरे दिन अपने गेट बंद रखें।
खुफिया एजेंसियों के पास पहले से ही इस बात की सूचना है कि आतंकी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सरकार ने जिला स्तर तक की आपदा प्रबंधन टीम को क्षमता परख कर किसी भी आपात स्थिति से मुकाबले को तैयार रहने को कहा है। दिल्ली में बीते कुछ दिनों से महत्वपूर्ण जगहों पर कमांडों भी तैनात कर दिए गए हैं। अतिसंवेदनशील स्थानों के आसपास यातायात बंद कर दिया गया है।
बॉलीवुड ने भी की पाक में हमले की निंदा
बॉलीवुड हस्तियों ने पाकिस्तानी स्कूल पर आतंकी हमले की निंदा करते हुए कहा कि यह घटना कुत्सित और भयावह है। पाकिस्तान के पेशावर स्थित स्कूल में हुई इस घटना में 130 से अधिक बच्चों की मौत हो गई।
प्रियंका चोपड़ा ने ट्वीट करते हुए कहा, खौफनाक! बच्चों को किस तरह चोट पहुंचाई गई। अर्जुन कपूर ने कहा कि इस घटना की जानकारी मिलते ही वह असहाय महसूस करने लगे।
उन्होंने कहा कि पेशावर में पीड़ित बच्चों और लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। वहीं, पाकिस्तानी अभिनेता-गायक अली जफर ने कहा कि दुखद! यह बच्चों के लिए निश्चित ही दुखद घटना है।
फरहान अख्तर ने कहा कि घटना की जानकारी होने पर उनका दिल टूट गया। उन्होंने ट्वीट में कहा कि यह निश्चित ही बच्चों के लिए दुखद दिन है।
अभिनेत्री संध्या मृदुल ने कहा कि यह दुनिया गलत दिशा में जा रही है। यह स्कूल भगवान के लिए है, जानवरों क्यों किसी बच्चे को मारना चाहते हो।
आर माधवन कहते हैं कि वास्तव में ये कौन लोग थे, किस परिवार से थे, इन्हें कौन पाल रहा है और बच्चों को मारने के लिए कौन उकसा रहा है। रवीना ने कहा कि अल्लाह या ईश्वर रोते-बिलखते बच्चों के परिजनों को कौन जवाब देगा। अभिनेता-निर्देशक रजत कपूर ने भी घटना की निंदा की।
भारत ने बताया मानवता को शर्मसार करने वाला हमला
पाकिस्तान के पेशावर शहर के आर्मी स्कूल पर आतंकी हमले को भारत ने बर्बर और मानवता को शर्मशार करने वाली घटना करार दिया। भारत ने दुनिया की शांति के लिए सबसे बड़ा खतरा बने आतंकवाद को जड़ से कुचलने के लिए विश्व बिरादरी से एकजुट प्रयास की अपील की।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार की इस आतंकी घटना में आतंकवादियों ने सौ से अधिक स्कूली बच्चों, शिक्षकों और स्कूल के स्टाफ की हत्या कर दी।
कायरना और बर्बर हमले की भर्त्सना करते हुए राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी इसे मानवता के खिलाफ वीभत्स अपराध करार दिया। राष्ट्रपति ने विश्व बिरादरी से आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए एकजुट प्रयास करने की अपील की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इसे कायराना और बर्बर हमला करार देते हुए हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवदेना जाहिर की है। पीएम ने बयान जारी कर स्कूली बच्चों की नृशंस हत्या को पागलपन करार देते हुए इसे बर्बर घटना करार दिया।
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे कायराना ओर अमानवीय हमला करार दिया। सिंह ने कहा कि इस वीभत्स और बर्बर हमले ने आतंकवाद के वास्तविक चेहरे को उजागर कर दिया है।