मुजफ्फरनगर: युवक की हत्या के बाद इलाके में तनाव
यूपी, मुजफ्फरनगर के दतियाना गांव में बुधवार को दिनदहाडे़ मामूली कहासुनी को लेकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गुस्साई भीड़ ने जमकर हंगामा किया और मौके पर पहुंची पुलिस को शव नहीं उठाने दिया।
इसी बीच पुलिस ने गांव के एक मकान से आरोपी को पकड़ लिया। भीड़ ने आरोपी को पुलिस हिरासत से खींचने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। मामला दो समुदायों के बीच होने से गांव में तनाव फैल गया।
वारदात छपार थाने के दतियाना गांव में दोपहर सवा बारह बजे की है। मुनीर आलम (24) पुत्र अमीर आलम की कसौली गांव में रिश्तेदरी में शादी थी।
वह अपने तहेरे भाइयों अफजाल, अकरम, अफगान के साथ बोलेरो से समारोह में शामिल होने के लिए चला था। गांव की गली में खड़ा संजीव उर्फ चोट्टा पुत्र धर्मवीर एक रेहड़ा वाले कबाड़ी को रोककर मारपीट कर रहा था। कार सवार मुनीर ने रास्ते से रेहड़ा हटाने के लिए कबाड़ी को छोड़ने के लिए कहा तो बात आगे बढ़ गई।
पिस्टल निकाल कर मारी गोली
इस पर संजीव ने मुनीर से गाली-गलौज कर दी। इसको लेकर बोलेरो सवारों और संजीव में कहासुनी हो गई। इसी दौरान संजीव ने पिस्टल निकालकर मुनीर के सिर में गोली मार दी और फरार हो गया। मुनीर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना से बोलेरे सवार भाई हक्के-बक्के रह गए। सूचना पर एडीएम प्रशासन इंद्रमणि त्रिपाठी, एसपी सिटी श्रवण कुमार और एसपी देहात आलोक प्रियदर्शी आसपास के थानों के फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेने की कोशिश की तो लोगों ने विरोध कर लाश नहीं उठने दी। भीड़ की मांग थी की पहले आरोपी को कड़ी सजा दी जाए। इसी दौरान पुलिस ने एक सूचना के आधार पर हरवीर के घर पर दबिश देकर आरोपी संजीव चोट्टा को गिरफ्तार कर लिया।
खबर मिलते ही गुस्साई भीड़ आरोपी को छीनने से लिए झपट पड़ी। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और आरोपी को वहां से थाने भिजवाया। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।