VIDEO: बरेली में मांस फेंकने पर बवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बरेली में एक बार फिर तनाव फैल गया है। शहर के फतेहगंज पश्चिमी इलाके के माली मोहल्ले में बुधवार को एक पुराने धर्म स्थल के पास शरारती तत्वों ने पशु के अवशेष फेंक दिए थे। गुरुवार को मामले ने तूल पकड़ लिया।
भारी संख्या में जुटकर लोग अवशेष फेंकने वालों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें हटाने के लिए लाठीचार्ज किया, जिसके बाद भीड़ उग्र हो गई और पथराव करने लगी। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई।
पुलिस ने भीड़ को तितरबितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। खबर है कि इलाके में हालात तनावपूर्ण हैं। पुलिस को हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी है।
बुधवार को फेंका गया था अवशेष
दरअसल धर्मस्थल के पास पशु का अवशेष फेंके जाने का मामला एक दिन पुराना है। बुधवार को माली मोहल्ले में एक पुराने धर्मस्थल के पास पशु का अवशेष पाया गया था, जिसके बाद आसपास के लोगों ने थाने पहुंच कर नारेबाजी की और धरना दिया।
भाजपा समेत कई हिंदूवादी संगठनों के नेता भी धरने में शामिल थे। विरोध में कस्बे का बाजार भी बंद रहा। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया था कि शरारती तत्वों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वाकये के 24 घंटे बाद भी अवशेष फेंकने वालों को गिरफ्तार नहीं किया गया। पुलिस की लापरवाही से नाराज लोगों ने गुरुवार का फिर प्रदर्शन शुरु कर दिया।
उनका कहना था कि पुलिस ने दोषियों को एक दिन में पकड़ने की बात कही थी, लेकिन एक दिन बाद भी उन्हें पकड़ा नहीं जा सका, जबकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवशेष फेंकने वालों को तीन दिन में पकड़ने का आश्वासन दिया गया था।
वहीं भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य तेजस्वरी सिंह और अजय जेटली ने कहा कि मामले में पूछताछ करने पर एसएसपी ने उनके साथ अभद्रता की।