नेपाल में आए भूकंप में भारतीय अभिनेता की मौत
नेपाल में आए भूकंप में एक तेलुगू अभिनेता की मौत हो गई। 25 साल के के विजय नेपाल में अपनी टीम के साथ तेलुगू फिल्म 'एतकारम डॉट कॉम' की शूटिंग कर रहे थे।
के विजय की मौत की जानकारी संगीतकार किशन ने दी। किशन ने बताया कि उन्हें विजय के मरने की सूचना सोमवार को मिली। उन्होंने बताया कि विजय भूकंप की चपेट में उस वक्त आ गए, जब वह फिल्म की शूटिंग से लौट रहे थे। जिस कार में विजय अपने साथियों के साथ लौट रहे थे, वह पलट गई।
विजय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके तीन साथी घायल हो गए।
नेपाल में भूकंप से 3300 से अधिक मौतें
विजय तेलुगू फिल्मों में चरित्र अभिनेता के रूप में काम करते थे। आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के रहने वाले विजय फिल्मों में कोरियोग्राफी भी कर चुके थे। किशन ने बताया कि पहले माना जा रहा था कि शूटिंग के लिए नेपाल गई टीम शनिवार को आए भूकंप में सुरक्षित है।
उन्होंने बताया कि टीम शूटिंग के लिए 15 अप्रैल को रवाना हुई थी।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को नेपाल में आए भूकंप में 3300 से अधिक लोगों की मौत हो गई। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.9 थी। नेपाल समेत उत्तर भारत के अधिकांश इलाके भूकंप से प्रभावित हुए थे।