और बढ़ सकती है इनकम टैक्स में छूट
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने अर्थव्यवस्था में सुधार होने पर ज्यादा टैक्स छूट का वादा किया है।
जेटली ने कहा है कि सरकार ज्यादा टैक्स वाली व्यवस्था के पक्ष में नहीं है। पिछली सरकार की ओर से ज्यादा टैक्स लगाने की वजह से महंगाई में इजाफा हुआ।
जेटली ने कहा, 1947 के बाद पहली बार किसी सरकार ने सभी वर्गों के करदाताओं को 50,000 रुपये की भारी-भरकम छूट दी है। यह टैक्स छूट निम्न आय से लेकर उच्च आय वर्ग तक के सभी करदाताओं को दी गई है।
'सरकार का खजाना भरा होता तो ज्यादा छूट मिलती'
एक न्यूज चैनल पर आयोजित कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने कहा कि अगर सरकार का खजाना और भरा होता तो वह इससे भी ज्यादा टैक्स छूट मुहैया कराती। भविष्य में अगर सरकार के पास ज्यादा पैसा होगा तो वह और ज्यादा टैक्स छूट देगी।
उन्होंने कहा कि इस छूट की वजह से करदाता ज्यादा खर्च और बचत करेंगे। इससे मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर को बढ़ावा मिलेगा, जिसमें पिछले दो साल से नकारात्मक वृद्धि दर दर्ज हो रही है।