सवाल पूछने पर भड़के अभिनेता विजयकांत, पत्रकारों पर थूका
तमिलनाडु में भाजपा गठबंधन के मुख्य घटक डीएमडीके के मुखिया और तमिल फिल्म अभिनेता विजयकांत की एक हरकत उनकी पार्टी सहित एनडीए के लिए शर्मिदंगी की वजह बन गई है।
एक ब्लड डोनेशन कैंप में हिस्सा लेने पहुंचे तमिल फिल्म अभिनेता राज्य की मुख्यमंत्री जयललिता पर पूछे गए एक सवाल पर इस कदर भड़क गए कि पत्रकारों पर ही थूक दिया। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों को अपशब्द भी कहे।
उनकी इस हरकत पर पत्रकार संगठनों का गुस्सा भड़क गया है। चेन्नई पत्रकार एसोसिएशन ने विजयकांत के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उनसे माफी की मांग कर दी है।
दक्षिण के बड़े राज्य तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों से पहले अपने लिए हर तरह की संभावनाओं को टटोल रही है। इसी कड़ी में वहां भाजपा के अहम साझेदार बने हैं डीएमडीके के मुखिया और तमिल फिल्मों के महशूर अभिनेता विजयकांत।
जयललिता पर सवाल पूछने पर चढ़ा पारा
अभिनेता की तमिलनाडु में अच्छी ख्याति है, लेकिन उनके एक कदम ने उनकी छवि पर बट्टा लगाने का काम किया है। दरअसल विजयकांत दो दिन पहले चेन्नई में एक ब्लड डोनेशन कैंप में हिस्सा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी पत्रकार ने उनसे पूछ लिया कि क्या एआईडीएमके फिर से सत्ता में आ सकती है।
इस पर विजयकांत आपा खो बैठे और पत्रकारों की ओर थूक दिया। इसके बाद लगभग चिल्लाते हुए उन्होंने उल्टे पत्रकारों से ही सवाल दाग दिया कि उनकी इतनी हिम्मत नहीं है कि कि वो सीधे जयललिता से ये सवाल पूछ सकें।
विजयकांत की इस हरकत पर चेन्नई पत्रकार एसोसिएशन ने डीएमडीके चीफ से माफी की मांग की है। पत्रकार संघ के प्रेजीडेंट एनबी सेतुरमण ने बयान जारी करते हुए सवाल उठाया कि क्या विजयकांत अपने चैनल कैप्टन टीवी के पत्रकारों पर भी इस तरह थूक सकते हैं। एसोसिएशन ने जल्द से जल्द विजयकांत से बयान जारी कर माफी मांगने की मांग की है। वहीं अभी तक इस संबंध में विजयकांत की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।