स्वदेशी जागरण मंच की बहिष्कार सूची में देसी ब्रांड भी
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सहयोगी संगठन स्वदेशी जागरण मंच ने विदेशी उत्पादों की जो लिस्ट बनाई है उसमें बड़ी गलती सामने आई है। स्वदेशी जागरण मंच ने विदेशी ब्रांड की श्रेणी में कुछ भारतीय ब्रांडों का नाम भी शामिल कर दिया है।
द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, स्वदेशी जागरण मंच ने विदेशी उत्पादों के बहिष्कार के लिए बनाई सूची में उन भारतीय ब्रांडों को शामिल कर दिया है जिनके नाम बोलने-लिखने में विदेशी जैसे लगते हैं।
इस लिस्ट में शामिल भारतीय कंपनियों के नाम हैं पीटर इंग्लैंड जो कि आदित्य बिड़ला ग्रुप की कंपनी है। इसी प्रकार अन्य ब्रांड वान ह्यूसन, अलेन सॉली, लुई फिलिप, रेमंड और कलर प्लस नामके ब्रांड और कंपनियां है जिनके मालिक भारतीय हैं।
कंपनियों ने की गलती सुधार की मांग
स्वदेशी जागरण मंच की इस गलती पर कई कंपनियों ने सुधार करने की मांग की है। रेमंड की ओर से कहा गया है कि कलर प्लस एक पूर्ण रूप से भारतीय कंपनी है जो 1993 में गठित की गई थी और बाद में रेमंड ने इसे खरीद लिया था। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा है उन्होंने स्वदेशी जागरण मंच से इस पर बात की है और उन्हें गलती के सुधार का इंतजार है।
जबकि आदित्य बिड़ला ग्रुप ने इस मामले पर कुछ कहने से इनकार किया है। स्वदेशी जागरण मंच की ओर से इस मामले पर मंच के राष्ट्रीय सहसंयोजक अश्वनी महाजन ने कहा है कि कुछ देशी ब्रांडों के नाम गलती से जोड़ दिए गए हैं जिन्हें जल्द हटाया जाएगा।
गौरतलब है कि स्वदेशी जागरण मंच ने लोगों को स्वदेशी चीजों को लेकर जागरूक करने के लिए हजारों जोगों को पर्चे बांट चुके हैं।