भारत का बड़ा कूटनीतिक कदम, इस्राइल से फलस्तीन जाएंगी सुषमा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज 17 और 18 जनवरी को फलस्तीन और इस्राइल की यात्रा करेंगी। सुषमा 17 जनवरी को फलस्तीन होते हुए इस्राइल जाएंगी। पश्चिम एशिया की पहली यात्रा के रूप में सबसे पहले फलस्तीन का चयन कर भारत ने बड़ा कूटनीतिक संदेश दिया है।
विदेश मंत्रालय ने भी अपने बयान में इसका जिक्र करते हुए कहा है कि पश्चिम एशिया के पहले दौरे के लिए फलस्तीन का चयन यह दिखाता है कि भारत के लिए इस देश का क्या महत्व है।
फलस्तीन का चयन कर दिया कूटनीतिक संदेश
मालूम हो कि बीते साल राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी पहले इस्राइल और इसके बाद फलस्तीन गए थे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक विदेश मंत्री की इस यात्रा के दौरान दोनों देश द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे। सुषमा इस दौरान रामल्ला में फलस्तीन डिजिटल लर्निंग एंड इनोवेशन सेंटर का उद्घाटन भी करेंगी।
सुषमा की इस्राइल की यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब वहां के विदेश मंत्री बुधवार से भारत की यात्रा पर होंगे। इस्राइल यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के अलावा मुक्त व्यापार अर्थव्यवस्था पर बातचीत होगी।
सुषमा इस दौरान इस्राइल में भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगी। वह फलस्तीन से 17 जनवरी को ही इस्राइल के लिए रवाना हो जाएंगी।