सुषमा ने की थी इस्तीफे की पेशकश, मोदी ने ठुकराया
पूर्व आईपीएल प्रमुख ललित मोदी की मदद को लेकर मचे हंगामे में घिरी सुषमा स्वराज ने एक सप्ताह पहले ही देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस्तीफे की पेशकश की थी। पर आरआरएस के हस्तक्षेप के बाद उनके इस्तीफे को ठुकरा दिया गया था।
पर इस खबर के आने के बाद सुषमा स्वराज ने इस्तीफे की पेशकश से इनकार किया है। ऐस दावा विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने किया है।
गौरतलब है रविवार को टाइम्स नाऊ चैनल ने ललित मोदी को एक देश से दूसरे देश की यात्रा करने में सुषमा स्वराज की भूमिका को लेकर एक ईमेल चलाया था। साथ ही इस मुद्दे पर सुषमा स्वराज को ईमेल भेजकर एक सप्ताह पूर्व उनसे जवाब भी मांगा था।
इसके तुरंत बाद ही विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने तुरंत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और इस मामले के बारे में विस्तार से बताया। इस बात की पुष्टि सरकार में उच्च पदों पर बैठे लोगों ने आईएएनएस से की है।
'उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है'
सूत्रों ने बताया कि इसके एक दिन बाद ही भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के लोगों ने बैठकर इस मुद्दे पर बात की और आगे की रणनीति तैयार की।
सूत्रों ने बताया कि इस मुद्दे पर सुषमा स्वराज ने साफ कह दिया था कि वो इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं। वह नहीं चाहती हैं कि इस वजह से केंद्र सरकार को शर्मशार होना पड़े। इस पर आरआरएस ने उनसे कहा कि वह इस्तीफा न दें, क्योंकि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है।
इस मुद्दे भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह, गृहमंत्री राजनाथ सिंह और आरएसएस नेता इंद्रेश कुमार विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के समर्थन में आगे आ गए हैं।
इस मामले का सबसे पहले ब्रिटिश न्यूजपेपर संडे टाइम्स ने प्रकाशित किया था। उसके बाद समाचार चैनलों पर यह खबर बहुत तेजी से प्रसारित की जाने लगी।