बिना निमंत्रण राहुल के डिनर पर धमके कलमाड़ी!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रमंडल खेलों में करोड़ों रुपये के घोटाले के आरोपी और जेल की हवा खा चुके आरोपी सुरेश कलमाडी सोमवार को सोनिया और राहुल के डिनर में आकर्षण का केंद्र रहे।
भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे कलमाड़ी की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस ने उनसे पीछा छुड़ाने के लिए उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था। मगर पुणे के सांसद कलमाडी कांग्रेस का लगातार पीछा कर रहे हैं।
कांग्रेस के चेहरे पर कालिख!
मंगलवार को दस जनपथ के रात्रि भोज के कार्यक्रम में पार्टी के ज्यादातर सांसदों की नजर उन पर टिक गई। सांसद हैरान थे कि आखिर वह यहां कैसे पहुंच गए। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं करने की बात करने वाले राहुल गांधी को कलमाडी ने बाकायदा नमस्कार भी किया और उन्होंने इसे स्वीकार भी किया।
लोकसभा चुनाव में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर राहुल गांधी कांग्रेस का चेहरा साफ सुथरा करने की कोशिश में जुटे हुए हैं। मगर उनको सफलता नहीं मिल पा रही है। भ्रष्टाचार विरोधी बिलों पर सरकार अध्यादेश लाने पर नाकाम साबित हो रही है।
प्रणब मुखर्जी तैयार नहीं
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी इसके लिए तैयार नहीं माने जा रहे हैं। तो दूसरी तरफ कांग्रेस के दागी नेता पार्टी की छवि दागदार करने में जुटे हुए हैं।
सोनिया और राहुल के रात्रि भोज में ही नहीं कलमाडी पुणे से लोकसभा सीट के लिए टिकट भी मांग रहे हैं।
हाईकमान पर वह इसके लिए दबाव बना रहे हैं। पार्टी के पदाधिकारी भी कलमाड़ी की रात्रि भोज में मौजूदगी से हैरान हैं। पार्टी के एक पदाधिकारी ने संभावना जताई कि शायद कलमाडी को निमंत्रण पत्र नहीं मिला था।
चर्चा में रही कलमाड़ी की मौजूदगी
मगर इसके बावजूद वह भोज कार्यक्रम में प्रवेश करने में सफल हो गए। पार्टी के एक वरिष्ठ महासचिव ने बताया कि अगर कलमाडी को निमंत्रण नहीं मिला और वह कार्यक्रम में पहुंच गए तो ये एक बड़ी सुरक्षा चूक है। इसकी जांच होनी चाहिए।
वहीं पार्टी के एक सांसद ने कहा कि कलमाडी की मौजूदगी रात्रि भोज के दौरान चर्चा का विषय रही। खासकर महाराष्ट्र के कई सांसदों ने इसे लेकर ऐतराज करने की भी सोची। मगर कार्यक्रम खराब होने की आशंका के चलते ऐसा नहीं किया गया।