बिहार की 'जंग' में भाजपा का नया हथियार-मोदी साड़ी
बिहार के चुनाव में जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की साख दांव पर लगी है तो वहीं बीजेपी भी वो हर मुमकिन कोशिश कर रही है जिससे चुनावी जंग जीती जा सके। इसलिए सूरत से 5 लाख मोदी साड़ी बिहार में भेजी गई हैं। बीजेपी के प्रशंसकों में भी इन साड़ियों का क्रेज दिखाई दे रहा है।
गुजरात के नवसारी से बीजेपी सांसद सीआर पाटिल को बिहार में बीजेपी के चुनावी कैंपेन की कमान सौंपी गई है। पाटिल को उम्मीद है कि मोदी साड़ी बीजेपी की चुनावी जीत में अहम रोल अदा कर सकती है। पाटिल लंबे समय से मोदी के खास लोगों में रहे हैं।
साल 2010 में कोसी बाढ़ पीड़ितों को गुजरात की पूर्व मोदी सरकार द्वारा पांच करोड़ की राहत को पाटिल ने अखबारों में जोर-शोर विज्ञापन किया, जो मोदी और नीतीश के बीच पनपे तनाव की एक वजह बना। अब पांच साल बाद पाटिल में तकरीबन पच्चीस बिहारी टेक्सटाइल ट्रेडरों को मोदी चित्र वाली साड़ी और बैग के लिए मना लिया है।
सिर चढ़कर बोल रहा है मोदी साड़ी का क्रेज
पाटिल की मानें तो ये पीएम मोदी के प्रति टेक्सटाइल व्यापरियों की दीवानगी है जो मोदी साड़ी को बाजार में लाकर बीजेपी की ब्रांडिंग में सहयोग दे रहे हैं। पाटिल ने बताया कि मोदी साड़ियों को मुफ्त में नहीं दिया जा रहा है।
साड़ी व्यापारियों की मानें तो उन्हें मोदी साड़ी बेचने में कोई दिक्कत नहीं आ रही है।
लोगों में मोदी साड़ी के लिए क्रेज है जिससे इन साड़ियों की मांग बनी हुई है। आने वाले चुनाव के बारे में तो नहीं पता लेकिन मोदी साड़ियों का बिजनेस अच्छा हो रहा है।