सुरेंद्र कोली की फांसी पर फिर लगी रोक
सुप्रीम कोर्ट ने निठारी कांड में दोषी पाए गए सुरेंद्र कोली की फांसी पर 29 अक्टूबर तक रोक लगा दी है। मामले में अगली सुनवाई 28 अक्टूबर को होगी।
सुरेंद्र कोली को 12 सितंबर को फांसी दी जानी थी। हालांकि पिछले सप्ताह ऐसी खबरें आईं कि उसे 7 सितंबर से 12 सितंबर के बीच किसी भी दिन फांसी दी जा सकती है। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने सात सितंबर को ही उसकी फांसी पर सात दिनों के लिए रोक लगा दी थी।
सुप्रीम कोर्ट की दो सदस्यीय पीठ ने उस वक्त कोली की फांसी पर रोक संविधान पीठ के उस फैसले के मद्देनजर दिया था, जिसमें मृत्युदंड के दोषियों की पुनर्विचार याचिका पर खुली अदालत में सुनवाई करने को कहा गया था।
कोली को मेरठ जेल में दी जानी है फांसी
सुरेंद्र कोली को मेरठ जेल में फांसी दी जानी है। उसे मेरठ जेल में कड़ी सुरक्षा वाली एक बैरक में रखा गया है। कोली के मामले में वरिष्ठ वकील इंदिरा जयसिंह और अन्य ने सुप्रीम कोर्ट के 24 जुलाई के आदेश पर पुनर्विचार की मांग की थी।
वहीं, गुरुवार को सुरेंद्र कोली से उसकी मां कुंती ने जेल में मुलाकात की। करीब आठ साल से जेल में बंद कोली से वे पहली बार मिलीं।
मेरठ जेल में बेटे से मुलाकात के कुंती ने कहा कि पहले मोनिंदर सिंह पंधेर को फांसी लगनी चाहिए। मेरा बेटा दोषी है तो उसे भी सजा मिले। लेकिन निष्पक्ष जांच के बाद। समय कम है, लेकिन बेटे को बचाने के लिए मैं न्याय की हर चौखट पर जाऊंगी।