{"_id":"ec5a2e1a-9b64-11e2-b06d-d4ae52bc57c2","slug":"sunita-williams-took-gita-and-samosas-in-space","type":"story","status":"publish","title_hn":"सुनीता विलियम्स स्पेस में साथ ले गई थीं गीता और समोसे ","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
सुनीता विलियम्स स्पेस में साथ ले गई थीं गीता और समोसे
नई दिल्ली/एजेंसी
Updated Tue, 02 Apr 2013 12:44 PM IST
विज्ञापन
भारतीय अमेरिकी एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स ने कभी सोचा भी नहीं था कि वह अंतरिक्ष में जाएंगी या एक अंतरिक्ष यात्री बनेंगी।
विज्ञापन
लेकिन कई नाकामियों और कई कामयाबियों ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचा दिया। यह खुलासा खुद सुनीता ने किया। आज उन्हें अंतरिक्ष घर जैसा ही लगता है।
वह न केवल अंतरिक्ष में सबसे ज्यादा वक्त बिताने वाली महिला बन गई हैं। बल्कि सबसे ज्यादा सात स्पेस वॉक का रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है।
इन स्पेस वॉक में उन्होंने कुल 50 घंटे 40 मिनट अंतरिक्ष यान से बाहर बिताए। यह भी किसी महिला के लिए एक रिकॉर्ड है।
पांच साल बाद भारत आईं सुनीता ने कहा कि उन्होंने अंतरिक्ष से तो यह देश खूब देखा है, लेकिन अब वह इसे घूमकर देखना चाहती हैं।
सुनीता नेशनल साइंस सेंटर में सोमवार को छात्र-छात्राओं से रू-ब-रू थीं। उन्होंने कहा कि मैं दक्षिण में गई हूं। मेरे पिता अहमदाबाद से थे, इसलिए मैंने भारत का वह हिस्सा देखा है। लेकिन अब हिमालय की तरफ जाना चाहूंगी। मैं पूर्वी भारत देखना चाहूंगी।
अमेरिका के ओहिओ में जन्मीं 47 वर्षीय सुनीता ने कहा कि वह अंतरिक्ष में अपने साथ उपनिषद और गीता भी ले गई थीं।
भारत के लजीज खाने की शौकीन सुनीता ने बताया कि उन्हें समोसे बेहद पसंद हैं और वे अंतरिक्ष में कुछ समोसे साथ ले जाना नहीं भूलीं।