अपने आलीशान होटल बेचेंगे सुब्रत राय!
सहारा प्रमुख सुब्रत राय ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट को सूचित किया कि समूह के न्यूयार्क और लंदन स्थित तीन आलीशान होटलों की बिक्री के लिए लगभग पक्के हो चुके सौदे में कुछ अड़चनें आ गई हैं, जो विफल होने की कगार पर पहुंच गया है।
राय ने जमानत के लिए दस हजार करोड़ रुपये के भुगतान करने के संबंध में इन संपत्तियों को बेचने के लिए दस दिन की और मोहलत मांगी है।
जस्टिस टीएस ठाकुर की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष राय के अधिवक्ता ने कहा कि ब्रूनेई के सुल्तान की ओर से ये संपत्ति खरीदे जाने की खबर एक अंतरराष्ट्रीय अखबार में प्रकाशित होने के बाद होटलों के बाहर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन हुआ है।
उन्होंने कहा कि इस वजह से पिछले तीन दिन में काफी गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। वरिष्ठ अधिवक्ता एस गणेश ने कहा कि इस खबर के कारण होटलों के बाहर बहुत ही उग्र प्रदर्शन हुए हैं और खरीददार इस सौदे पर फिर से विचार कर रहे हैं, जो अब रद्द होने के कगार पर है।
कोर्ट से मांगी दस दिन की मोहलत
अधिवक्ता ने कहा कि इस सौदे को बचाने या फिर इन संपत्तियों में दिलचस्पी दिखाने वाले तीन चार अन्य खरीददारों से बातचीत करने के लिए राय को दस दिन की और मोहलत देने का अनुरोध किया। अधिवक्ता ने अदालत से समय सीमा बढ़ाने के लिए सोमवार को विचार करने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और यह हमारे लिए धक्का है। यह हमारे नियंत्रण से बाहर है। पीठ ने कहा कि वह उनके अनुरोध पर विचार करेगा, यदि इस मामले की सुनवाई करने वाली विशेष पीठ के लिए उस दिन बैठना संभव हुआ।
याद रहे कि शीर्षस्थ अदालत ने एक अगस्त को राय और सहारा समूह के दो निदेशकों को पांच अगस्त से दस दिन के लिए तिहाड़ जेल के सम्मेलन कक्ष का इस्तेमाल करने की अनुमति दी थी ताकि वह संभावित खरीददारों से बातचीत कर सकें। यह समय सीमा 14 अगस्त को 15 दिन के लिए और बढ़ाई गई थी।