'आखिर जांच से क्यों हिचक रहे प्रफुल्ल पटेल?'
भाजपा के नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा है कि प्रफुल्ल पटेल का मन साफ है तो उन्हें एयर इंडिया की ओर से विमान खरीद सौदे में जांच का सामना करने से हिचकना नहीं चाहिए।
पूर्व कैग विनोद राय ने दावा किया है कि पटेल के उड्डयन मंत्री रहते एयर इंडिया ने जो बोइंग विमान खरीदे थे उन्हें बाद में इत्तिहाद एयरलाइंस को पांच गुना कम कीमत पर बेचना पड़ा।
स्वामी ने कहा कि उन्हें राय की विश्वसनीयता पर कोई शक नहीं है। पटेल ही खुद को यह कह कर बचा रहे हैं कि उन्होंने विमान खरीदने का फैसला अकेले नहीं लिया था। अगर ऐसा है तो उन्हें जांच से घबराना नहीं चाहिए।
'मन साफ है तो जांच से क्यों हिचक रहे प्रफुल्ल पटेल'
पूर्व कैग विनोद राय ने कहा था कि इस मामले पर जारी कैग की रिपोर्ट में पटेल का नाम हटाने के लिए उन पर दबाव डाला गया था। पटेल ने ही एयर इंडिया पर दबाव डाल कर बड़ी तादाद में विमान खरीदवाए थे।
राय ने कहा है कि जब कैग की ड्राफ्ट रिपोर्ट नौकशाहों और मंत्रालय के पास पहुंची तो कोहराम मच गया। क्योंकि इसमें विमान खरीदने के गलत फैसले के लेकर पटेल पर उंगली उठाई गई थी। जबकि पटेल ने राय के इस आरोप का खंडन करते हुए कहा कि विमान खरीदने का फैसला एयर इंडिया के बोर्ड ने लिया था।
दरअसल विमान खरीदने का फैसला पी. चिदंबरम की अगुवाई वाले एक अधिकार प्राप्त मंत्रिमंडल समूह ने लिया था। खरीदे जाने वाले विमानों की संख्या भी कैबिनेट की मंजूरी के बाद तय की गई थी।