{"_id":"0a07dbb0-0d30-11e2-a185-d4ae52ba91ad","slug":"students-plans-self-kidnapping-after-seeing-crime-show","type":"story","status":"publish","title_hn":"पढ़ाई से परेशान छात्र ने किया अपने अपहरण का ड्रामा ","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
पढ़ाई से परेशान छात्र ने किया अपने अपहरण का ड्रामा
लुधियाना/अमर उजाला ब्यूरो
Updated Wed, 03 Oct 2012 01:27 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टीवी पर प्रसारित होने वाले एक क्राइम शो पर अपहरण संबंधी एक एपिसोड देखने के बाद देहरादून के एक 15 वर्षीय लड़के ने खुद ही अपने अपहरण का ड्रामा रचा और देहरादून से लुधियाना पहुंच गया। लुधियाना में पुलिस ने जब सख्ती की तो सारा सच सामने आ गया। पुलिस ने परिजनों को बुलाकर बच्चे को उनके हवाले कर दिया। बताया जाता है कि बच्चे ने पढ़ाई से परेशान होकर यह ड्रामा रचा था।
विज्ञापन
फिरोजपुर रोड पर करीब पंद्रह वर्षीय एक लड़का करीब दस बजे मेडिवेज अस्पताल के हास्टल के सामने खड़ा था। उसने हॉस्टल की लड़कियों से कहा कि उसे देहरादून से अगवा किया गया है और वह किसी तरह अपनी जान बचाकर यहां पहुंचा है। लड़कियों ने इसकी सूचना अस्पताल प्रबंधन को दी। अस्पताल के डायरेक्टर गुरमीत सिंह कुलार ने यह मामला पुलिस कमिश्नर ईश्वर सिंह के ध्यान में लाया।
विज्ञापन
इसी बीच अस्पताल में लड़के को भोजन कराया गया। उसने बताया कि सोमवार की देर शाम तीन युवक देहरादून में घर के बाहर से उसे अगवा कर मारुति वैन में यहां ले आए। किसी तरह वह उनके चंगुल से निकल कर यहां पहुंचा है। इसके बाद थाना सराभा नगर के प्रभारी आलम विजय सिंह मौके पर पहुंचे और लड़के को अपने साथ थाना ले आए। पुलिस को पूछताछ के दौरान लड़के द्वारा बताई बातों पर यकीन नहीं हुआ और सख्ती से पूछताछ की। इस पर बच्चे ने सारा सच उगल दिया।
विज्ञापन
फिर पुलिस ने इस संबंध में देहरादून पुलिस से बात की तो पता चला कि वहां पर एक लड़के के अपहरण का मामला दर्ज है। इसके बाद लड़के के परिजनों को सूचित किया गया। बताया जाता है कि लड़का देहरादून के प्रेमनगर का रहने वाला है। वह स्कूल में मेडिकल स्ट्रीम में प्लस वन का छात्र है। उसकी पढ़ाई में रुचि कम है, लेकिन माता-पिता उसे डाक्टर बनाना चाहते हैं। इसी से परेशान होकर उसने यह ड्रामा रचा।