पश्चिम बंगाल: शिक्षकों ने छात्र को बेरहमी से पीटा, मौत
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के एक आवासीय स्कूल में अनुशासनहीनता के आरोप में शिक्षकों ने कथित तौर पर एक छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिसके चलते मंगलवार को उसकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने स्कूल के हेडमास्टर और वार्डन को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना मुर्शिदाबाद के डाक बंगला मोड़ पर स्थित अल-इस्लामिया स्कूल की है। इस घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
पुलिस के मुताबिक आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले 12 साल के शमीम मलिक ने सोमवार शाम को स्कूल के बाहर अपने माता-पिता से मुलाकात की थी। उसके बाद स्कूल के हेडमास्टर हलीफ शेख और वार्डन लिटन शेख ने उसकी बेरहमी से पिटाई की। गंभीर हालत में छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई।
हेडमास्टर और वार्डन को गिरफ्तार कर लिया गया
उसके बाद स्कूल के हेडमास्टर हलीफ शेख और वार्डन लिटन शेख ने उसकी बेरहमी से पिटाई की। गंभीर हालत में छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक सी सुधाकर ने बताया कि शिकायत के आधार पर हेडमास्टर और वार्डन को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपियों को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया था, जहां से दोनों आरोपियों को तीन दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
छात्र के माता-पिता का आरोप है कि बिना अनुमति के स्कूल के बाहर उनसे मुलाकात करने की वजह से उसकी पिटाई की गई। शमीम की मां शमीना बीबी ने बताया कि हमने उसके लिए कुछ सामान खरीदा था। वह उस सामान लेने आया था। उन्होंने कहा कि हम अपने बच्चे के लिए न्याय चाहते हैं।
पिता जुल्हास मलिक ने आरोप लगाया कि स्कूल के शिक्षकों ने पूरे मामले पर लीपापोती करने का प्रयास किया। अस्पताल में बच्चे की हालत बिगड़ने पर ही घरवालों को इसकी सूचना दी गई। वहीं, शिक्षकों का दावा था कि वह बीमार पड़ गया था, लेकिन बाद में पता चला कि उसकी बेरहमी से पिटाई हुई है।