ट्रक ऑपरेटरों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी
ट्रक ऑपरेटरों की लगातार चार दिनों से जारी देशव्यापी हड़ताल के कारण देश के विभिन्न इलाकों में सामानों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। हालांकि, सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि वर्तमान टोल सिस्टम को खत्म करने की कोई संभावना नहीं है।
ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने कहा है अनिश्चितकालीन हड़ताल से दूध, सब्जी और दवाइयों की आपूर्ति को अलग रखा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक तमिलनाडु, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, बिहार और उत्तर प्रदेश में सामानों की आपूर्ति प्रभावित हुई है।
ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के अध्यक्ष भीम वाधवा ने कहा कि देश को बाधा रहित (टोल रहित) बनाने के लिए संगठन के सदस्यों शनिवार को जंतर मंतर पर धरना दिया।
सरकार के आगे नहीं झुकेंगे
उन्होंने कहा कि जब तक सरकार कोई व्यावहारिक समाधान नहीं लेकर आती है तब तक हड़ताल जारी रहेगी। हम टोल का भुगतान करने के खिलाफ नहीं है, बल्कि हम इसे वार्षिक आधार पर करने की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह का वादा व्यावहारिक नहीं है। एसोसिएशन का दावा है कि हड़ताल में 87 लाख ट्रक और 20 लाख टेंपो शामिल हैं।
ट्रक ट्रांसपोर्टरों की एक दूसरी संस्था ऑल इंडिया ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन ने हड़ताल से अलग रहने का फैसला किया है।