फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   India News Archives ›   story of detective geeta and supercop badrish

जासूस गीता और इंस्पेक्टर बदरीश की सनसनीखेज सत्यकथा

Tue, 14 May 2013 03:35 PM IST
नई दिल्ली/इंटरनेट डेस्क
नई दिल्ली/इंटरनेट डेस्क Updated Tue, 14 May 2013 03:35 PM IST
विज्ञापन
story of detective geeta and supercop badrish

राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित स्पेशल सेल के तेज-तर्रार इंस्पेक्टर बदरीश दत्त और उनकी लिव इन पार्टनर गीता शर्मा की लाश शनिवार की सुबह गुड़गांव के आरडी सिटी के एक फ्लैट में मिलने के बाद दिल्ली पुलिस हैरान रह गई।

विज्ञापन


जिस फ्लैट में लाश मिली थी वह गीता का था। जांचकर्ताओं ने बताया था कि इंस्पेक्टर की बाईं कनपटी पर गोली लगी थी, जबकि गीता की दाहिनी कनपटी पर।

पुलिस का पहले कहना था कि गीता ने पहले इंस्पेक्टर की सर्विस रिवाल्वर से उसे गोली मारी और फिर अपनी जान दे दी। लेकिन पोस्टमार्टम के बाद पूरी कहानी पलट गई है।
विज्ञापन


पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है कि इंस्पेक्टर ने गीता की हत्या के बाद खुद को गोली मारी है।

अब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ये पता कर रही है कि गीता शर्मा किस-किस के संपर्क में थी। इस बात की भी जांच की जा रही है कि वह दूसरे देशों के लिए काम तो नहीं कर रही थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


कौन थी गीता शर्मा?
मूल रूप से मुंबई की रहने वाली गीता दस साल से आरडी सिटी में रह रही थी। वह दिल्ली में प्राइवेट डिटेक्टिव एजेंसी चलाती थी। तलाकशुदा गीता के माता-पिता अब भी मुंबई में रहते हैं, जबकि बेटा सिंगापुर में है।

कैसे बने थे बदरीश और गीता के बीच संबंध
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार, बदरीश दत्त वर्ष 1991 में दिल्ली पुलिस में बतौर सब-इंस्पेक्टर भर्ती हुए थे।

ट्रेनिंग के बाद उनकी पहली तैनाती जनकपुरी थाने में हुई। यहां तैनात रहते हुए उनके महिला गीता शर्मा से संबंध बन गए थे। इसके बाद बदरीश की शादी हुई।

इसके बाद भी उनके संबंध बने रहे। फिलहाल वे गीता के साथ लिव इन में उसके गुड़गांव स्थित फ्लैट में रह रहे थे।

पत्नी के साथ ठीक नहीं थे संबंध
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के तेज-तर्रार इंस्पेक्टर रहे बदरीश दत्त की पत्नी ने मार्च महीने में उनके खिलाफ स्पेशल सेल के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की थी।

बताया जा रहा है कि बदरीश दत्त के पत्नी से संबंध ठीक नहीं थे। इस कारण इंस्पेक्टर ने कुछ समय पहले उसके फरीदाबाद सेक्टर 17 स्थित घर के बिजली और पानी के कनेक्शन तक कटवा दिए थे।

कॉल डिटेल्स निकालते थे बदरीश
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, इंस्पेक्टर दत्त कोटद्वार, उत्तरांचल के रहने वाले थे। उनकी पत्नी छोटी बेटी के साथ फरीदाबाद के अशोका एन्क्लेव में रहती है।

इंस्पेक्टर दत्त मोबाइल सर्विलांस और फोन टेपिंग में माहिर थे। वे अपनी पत्नी की भी कॉल डिटेल निकाल लेते थे।

उसके ज्यादा फोन करने को लेकर दोनों का झगड़ा हो गया था। दोनों का कोर्ट में तलाक का केस चल रहा था। इंस्पेक्टर पत्नी पर संदेह करते थे।

कई हफ्ते तिहाड़ जेल में रही थी गीता
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, कई महीने पहले गृह मंत्रालय को शिकायत मिली थी कि कोई महिला फर्जी टेलीफोन एक्सचेंज चलाती है और लोगों की कॉल डिटेल निकालती है।

गृह मंत्रालय के आदेश पर दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा को तफ्तीश सौंपी गई।

अपराध शाखा ने मार्च महीने में गीता के भीकाजी कामा प्लेस स्थित कार्यालय में दबिश दी थी। बताया जा रहा है कि इंस्पेक्टर बदरीश, दबिश के वक्त गीता के साथ थे।

अपराध शाखा ने गीता को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि इंस्पेक्टर दत्त के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए थे। गीता कई सप्ताह जेल में रही थी।

इस पर इंस्पेक्टर बदरीश ने उससे संबंध खत्म कर लिए थे। इसके बाद महिला ने तिहाड़ जेल की डायरी में लिखा था कि इंस्पेक्टर बदरीश दत्त से उसके अच्छे संबंध थे।

गिरफ्तार होने के बाद वह उससे न तो मिलने आया और न ही फोन पर बात की थी। फिलहाल वह जमानत पर थी।

बसपा नेता हत्या मामले में गीता से हुई थी पूछताछ
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अरबपति कारोबारी और बसपा नेता दीपक भारद्वाज की हत्या के मामले में भी पुलिस ने गीता से पूछताछ की थी।

तफ्तीश में पता लगा था कि गीता कारोबारी दीपक भारद्वाज और उसके छोटे बेटे नीतेश भारद्वाज से बात करती थी।

दीपक और नीतेश की कॉल डिटेल से यह खुलासा हुआ था। दक्षिण जिला पुलिस ने महिला से कई दौर की बात की थी। तफ्तीश में ये भी पता लगा था कि महिला, नीतेश कुंज फार्म हाउस में काफी आती-जाती थी।

हालांकि बाद में पुलिस ने कारोबारी की हत्या के मामले में उसके छोटे बेटे नीतेश और एक वकील को गिरफ्तार किया था।

काम निकलवाने के लिए बढ़ाई थी घनिष्ठता

बदरीश के करीबियों की मानें तो पत्नी से रिश्तों में कड़वाहट और गीता से कुछ समय से चल रही खटपट के कारण वे अंदर ही अंदर बेहद तनाव में थे।

गीता ने बदरीश से नजदीकी बढ़ाने के बाद उनका इस्तेमाल भी शुरू कर दिया था।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मामलों की शिकायत मिलने पर फिलहाल, बदरीश पर डिपार्टमेंटल इंक्वायरी चल रही थी।

पत्नी रूचि को मालूम था सब कुछ
पत्नी रुचि के अनुसार, उन्हें इस बात की जानकारी थी कि उनके पति पहले मुंबई आते जाते रहते थे और वह महिला भी मुंबई रहती थी जो बाद में गुड़गांव में रहने लगी।


उन्होंने बताया कि उनकी शादी 1999 में हुई थी। शादी के दो तीन साल बाद ही उनके रिश्ते बिगड़ गए थे और बात तलाक तक जा पहुंची।

वो तलाक नहीं चाहती थीं क्योंकि उनकी शादी को 14 साल बीत चुके थे और उनकी एक आठ साल की बेटी भी है।

उनके मुताबिक, पिछले कुछ समय से कोर्ट में काउंसलिंग के दौरान ऐसा लग रहा था कि उनके पति उनके पास वापस लौट आएंगे पर वो नहीं जानती थी कि अब वो कभी नहीं लौटेंगे।

रुचि के मुताबिक, उन्होंने बदरीश को समझाने की काफी कोशिश की थी।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed