कूचबिहार राज्य की मांग के लिए आंदोलन जारी
पश्चिम बंगाल में अलग कूचबिहार राज्य की मांग कर रहे ग्रेटर कूचबिहार पीपुल्स एसोसिएशन (जीसीपीए) की ओर से रविवार को दूसरे दिन भी रेल रोको आंदोलन जारी रहा। आंदोलनकारी न्यू कूचबिहार रेलवे स्टेशन की पटरियों पर धरना दे रहे हैं।
इसकी वजह से देश के बाकी हिस्से से पूर्वोत्तर का रेल संपर्क लगभग ठप हो गया है। कुछ ट्रेनों का रास्ता बदला गया है, तो कुछ को गंतव्य से पहले ही रोक दिया गया है।
रविवार को ही रेल मंत्री सुरेश प्रभु यहां एक पैसेंजर ट्रेन का उद्घाटन करने पहुंचे थे, लेकिन आंदोलन की वजह से कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।
सुबह से ही आंदोलनकारी बैनर पोस्टर लेकर दे रहे धरना
जीसीपीए के हजारों समर्थक रविवार को लगातार दूसरे दिन भी कूचबिहार को अलग
राज्य या केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा देने की मांग को लेकर पटरियों पर
धरना देते रहे। आंदोलनकारी शनिवार सुबह छह बजे से हाथों में पोस्टर और बैनर
लेकर पटरियों पर धरना दे रहे हैं।
उन्होंने बातचीत के लिए केंद्रीय गृह
मंत्रालय के प्रतिनिधियों से मौके पर आने की मांग की है। रेल मंत्री सुरेश
प्रभु ने भी आंदोलनकारियों को रेल पटरी पर धरना न देने की अपील की।
हालांकि
जीसीपीए नेता बंशी बदन बर्मन ने कहा कि कूचबिहार को सी दर्जे के राज्य या
केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा नहीं मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। पूर्वोत्तर
सीमांत रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि आंदोलनकारियों के धरने की वजह से
असम समेत तमाम पूर्वोत्तर राज्य का देश के बाकी हिस्सों से रेल संपर्क ठप
हो गया है।