नसबंदी कांड: बढ़ रहा है मौत का आंकड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिलासपुर जिले के पेंड्रा और गोरैला में विभिन्न नसबंदी शिविरों में अब तक 18 बैगा महिलाओं के ऑपरेशन करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
बुधवार को पेंड्रा से दो बैगा महिलाओं को बिलासपुर के छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस (सिम्स) में भर्ती कराया गया था। जहां इनमें से एक की मृत्यु हो गई थी। बैगा संरक्षित जनजाति है।
मुख्यमंत्री रमन सिंह ने गुरुवार को बिलासपुर में अस्पताल का दौरा करने के बाद पूरे मामले की न्यायिक जांच कराने की घोषणा कर दी है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि इस घटना में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
बिलासपुर आने से पहले मुख्यमंत्री ने रायपुर में ही एक उच्चस्तरीय बैठक ली थी, जिसमें स्वास्थ्य मंत्री अमर अग्रवाल भी शामिल हुए थे। फिलहाल लग रहा है कि अमर अग्रवाल पर से संकट के बाद छंट गए हैं, लेकिन जांच के निष्कर्ष तय करेंगे कि अमर अग्रवाल का इस्तीफा होता है या नहीं।
अमर अग्रवाल छत्तीसगढ़ में भाजपा की बुनियादी जमावट करने वाले लख्खीराम अग्रवाल के बेटे हैं। मुख्यमंत्री रमन सिंह के राजनीतिक कैरियर में लख्खीराम अग्रवाल का बड़ा हाथ रहा है।
ऑपरेशन करने वाला डॉक्टर गिरफ्तार
बिलासपुर नसबंदी शिविर मामले में ऑपरेशन करने वाले डॉ. आरके गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है। डॉ. गुप्ता को इस मामले में मुख्य आरोपी बनाया गया है। डॉ. गुप्ता ने कहा कि उन्हें बलि का बकरा बनाया जा रहा है जबकि असली कारण घटिया दवाओं की आपूर्ति है। आपरेशन में कोई खामी नहीं थी।
वहीं खाद्य और औषधि प्रशासन की टीम ने दवा बनाने वाली कंपनी महावर फार्मा पर छापे मारकर जहां उनका कार्यालय सील कर दिया, वहीं महावर फार्मा को बैन कर दिया गया है।
यह अंदेशा जाहिर किया जा रहा है कि महावर फार्मा की बनाई हुई दवा सिप्रोसिन-500 के कारण नसबंदी शिविर में आपरेशन कराने वाली महिलाओं की मौतें हुई हैं।
गुरुवार को हैदराबाद अपोलो के करीब 16 डॉक्टरों की टीम ने बिलासपुर के अपोलो अस्पताल जाकर प्रभावितों की हालत का जायजा लिया। अब तक मौतों के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है लेकिन यह माना जा रहा है कि दो स्तर पर चूक हुई है।
1. आपरेशन के पहले और बाद के उपायों में लापरवाही हुई है।
2. इस्तेमाल की गई कुछ दवाएं घटिया या अमानक स्तर की रही होंगी।
बिलासपुर पहुंची महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ओझा ने कहा है कि मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को पूरे मामले की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।
वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि अपराध में दर्ज धाराएं सही नहीं हैं। अपराध की गंभीरता को देखते हुए हत्या संबंधी धाराएं लगानी चाहिए।