'छोटा राजन के साथ भारत सरकार के विशेष संबंध'
पूर्व दिल्ली पुलिस कमिश्नर नीरज कुमार ने दावा किया है कि भारत सरकार के छोटा राजन के साथ विशेष संबंध हैं। छोटा राजन को पिछले साल नवंबर में बाली से भारत लाया गया था। कुमार ने यह दावा दिल्ली साहित्य समारोह के सत्र के दौरान एक पत्रकार अविरूक सेन के साथ किया।
सेन के सवाल के जवाब में कुमार ने कहा, ‘इसका संक्षिप्त उत्तर हैं- हां यह है।’ कुमार ने यह बात फिर दोहराई जब सत्र का संचालन कर रही मधु त्रेहन ने कहा कि यह तथ्य है या सिर्फ अफवाह थी।
दिल्ली पुलिस के पूर्व शीर्ष अधिकारी ने अपने संस्मरण ‘डायल डी फॉर डॉन’ में दावा किया था कि उन्होंने जून 2013 में दाऊद इब्राहिम का फोन रिसीव किया था।
सभी उम्मीद छोटा राजन पर नहीं होनी चाहिए
कुमार ने लिखा था कि 1993 मुंबई बम विस्फोट के बाद उनकी भगोड़े डॉन से तीन
बार अलग-अलग मौके पर बात हुई थी। पिछले साल प्रकाशित हुई किताब भी अपने उस
खुलासे के लिए खबरों में रही थी जिसमें कहा गया था कि 1990 के दशक में एक
समय दाऊद आत्मसमर्पण करना चाहता था।
एक सवाल के जवाब में कुमार ने कहा कि
दाऊद को पकड़ने के क्रम में सभी उम्मीद छोटा राजन पर नहीं टिकनी चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘कहने को एक उम्मीद है लेकिन हमें सभी उम्मीद छोटा राजन पर
नहीं रखनी चाहिए।’
छोटा राजन दाऊद का साथी है और वर्तमान में दिल्ली की
तिहाड़ जेल में बंद है। सत्र के दौरान कुमार ने अपने कैरियर के दौरान अंसल
प्लाजा गोलीबारी और मंडल आयोग विरोध प्रदर्शन समेत विवादित मुद्दे पर भी
चर्चा की।