'अगला चुनाव भी हारने के लिए तैयार रहे कांग्रेस'
अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने विकास के मामले में कांग्रेस को नकारात्मक राजनीति से बाज आने की नसीहत दी है। चैंबर ऑफ इंडियन माइक्रो, स्मॉल एंड मीडियम इंटरप्राइजेज के वार्षिक दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने मोदी सरकार के आर्थिक एजेंडे के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया।
नकवी ने कहा कि छोटी-छोटी घटनाओं को असहिष्णुता से जोड़ने वाली कांग्रेस को यह समझना होगा कि गरीबों, कमजोर तबकों और युवाओं के विकास में अड़ंगा लगाना देश की समृद्धि के प्रति असहिष्णुता है। कांग्रेस को सकारात्मक राजनीति करने या अगले चुनाव में भी करारी हार झेलने के लिए तैयार रहने की चेतावनी भी दी।
नकवी ने जीएसटी सहित आर्थिक सुधारों से जुड़े महत्वपूर्ण बिलों को संसद में पारित न होने देने के लिए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि कांग्रेस ने देश की प्रगति पर पलीता लगाने को अपना जन्मसिद्ध अधिकार मान लिया है। उसे पता होना चाहिए कि आर्थिक सुधारों के जरिए ही देश के गरीबों, कमजोर तबकों और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा किए जा सकेंगे।
बिलों को लटकाए रखना चाहती है कांग्रेस
इस क्रम में डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, मुद्रा योजना, हर परिवार का
बैंक खाता, जीवन बीमा जैसी कई योजनाएं लागू की गईं। ऐसा लगता है कि मोदी
सरकार के कामकाज से कांग्रेस को भविष्य का भय सता रहा है।
नकवी ने कहा
कि यही कारण है कि कांग्रेस संसद में आर्थिक सुधारों से जुड़े बिलों को
लटकाए रखना चाहती है।
उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने सड़क निर्माण, रेलवे
विकास, विद्युत योजनाओं और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास में 2015-2016 में
1,28,168 करोड़ रुपये खर्च किए जो पिछले वर्ष की तुलना 29.3 प्रतिशत अधिक
है।