{"_id":"8bdc4786-5171-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"statement-at-death-of-gangrape-victim","type":"story","status":"publish","title_hn":"गैंगरेप पीड़िता की मौत पर किसने क्या कहा...","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
गैंगरेप पीड़िता की मौत पर किसने क्या कहा...
नई दिल्ली/इंटरनेट डेस्क
Updated Sat, 29 Dec 2012 03:53 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली गैंगरेप पीड़िता की मौत से पूरा देश सदमे में है। शायद ही कोई ऐसा शख्स होगा, जिसका दिल इस घटना से ना दहला हो। पीड़िता की मौत पर राजनीतिक हस्तियों ने गहरा दुख प्रकट किया। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से लेकर मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज, बसपा प्रमुख मायावती, लालू यादव आदि ने गैंगरेप पीड़िता की मृत्यु पर शोक जताया।
विज्ञापन
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी
गैंगरेप पीड़िता की मौत पर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि देश की बहादुर लड़की को हमने खो दिया। वह समाज की सच्ची नायक है। स्वाभिमान और जीवन की जंग दोनों ही परिस्थितियों में वह अंतिम समय तक लड़ी। इस वीभत्स अपराध के लिए अपराधियों को जल्द और कड़ी सजा दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। राष्ट्रपति ने कहा कि पूरा देश विलाप कर रहा है, लेकिन हमें शांति कायम रखनी चाहिए और सरकार को न्याय दिलाने के लिए सख्त कदम उठाना चाहिए।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पीड़िता की मौत पर गहरा दुख प्रकट किया है। अपने शोक संदेश में उन्होंने कहा है कि पीड़िता की कुर्बानी को बेकार नहीं जाने दिया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा के लिए अहम कदम उठाए जाएंगे।
विज्ञापन
गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे
गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने गैंगरेप पीड़ित छात्रा की मौत पर शोक जताते हुए कहा कि कानून को कड़ा किए जाने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाएं फिर से नहीं हो सकें। शिंदे ने पत्रकारों से कहा कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाना ही इस 23 वर्षीय छात्रा को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा, 'हमने पीड़िता को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया। सरकार दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।'
मुख्यमंत्री शीला दीक्षित
दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने पीड़िता की मौत पर शोक जताते हुए कहा कि वे इस घटना पर शर्मिंदा हैं। उन्होंने कहा कि लड़की की मौत ने पूरे सिस्टम को हिला दिया है। मुख्यमंत्री ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील के साथ कहा कि पीड़िता के परिवार के साथ हमारी पूरी संवेदनाएं हैं।
गृह राज्यमंत्री आरपीएन सिंह
गृह राज्यमंत्री आरपीएन सिंह ने घटना पर शोक जताते हुए कहा है कि पीड़िता की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले।
महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री कृष्णा तीरथ
महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री कृष्णा तीरथ ने गैंगरेप पीड़ित लड़की की मौत पर गहरा खेद जताया है। कृष्णा तीरथ ने कहा कि लड़की की मौत पर हमारे भीतर दुख है। उन्होंने कहा कि वे इस बारे में गृहमंत्री से बात करेंगी और इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करेंगी। उन्होंने कहा कि अब वक्त है, जब सरकार उन दरिंदों को कड़ी सजा दिलाने में कामयाब हो, जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा कि पूरी कोशिश के बाद आज हम हार गए।
अखिलेश यादव
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गैंगरेप की शिकार लड़की की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। अपने शोक संदेश में उन्होंने पीड़िता की आत्मा की शांति की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े और सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।
मनीष सिसोदिया
आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने गैंगरेप पीड़ित लड़की की मौत पर शोक जताया है। सिसोदिया ने कहा कि वह सबके दिलों में जिंदा रहेगी, क्योंकि उसने पूरे देश को जगाने का काम किया है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की भी अपील की है।
स्मृति ईरानी
भारतीय जनता पार्टी की नेता स्मृति ईरानी ने पीड़ित छात्रा की मौत पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने कहा कि लड़की की मौत कई सवाल खड़े कर गई है, आखिर कब तक ऐसा होता रहेगा और कब तक लड़कियां ऐसे ही मरती रहेंगी।
ममता शर्मा
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ममता शर्मा ने दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उन्हें पीड़िता की मौत से गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने कहा कि लड़की की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें। यह दिन इतिहास में काले शब्दों में लिखा जाएगा। हमें उग्र होने की जरूरत नहीं है, हमें शांति बनाए रखने की जरूरत है। कानून में बड़े बदलाव की जरूरत है।
मीरा कुमार
पीड़िता की मौत पर लोक सभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि पीड़िता की निर्भयता आज महिलाओं के लिए शक्ति का प्रतीक बन चुकी है। हमने एक बहादुर लड़की को खो दिया है। उन्होंने कहा कि उसका साहस हमारे लिए प्रेरणा स्त्रोत है।
सुषमा स्वराज
लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने कहा है कि लड़की की मौत देश के लिए सदमा है। हमें और जागरुक होने की जरूरत है, जिससे की हम अपनी बेटियों को सुरक्षित भविष्य दे सकें। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए कड़े कानून की आवश्यकता बताई।
मायावती
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए कड़े कानून बनाए जाने चाहिएं। उन्होंने कहा कि पीड़िता को इलाज के लिए सिंगापुर ले जाने का फैसला देर से लिया गया। मायावती ने कहा कि केंद्र सरकार को इस घटना को गंभीरता से लेते हुए मौजूदा कानूनों में बदलाव करना चाहिए।
लालू प्रसाद यादव
राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने पीड़ित छात्रा की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि उनकी पार्टी पीड़ित परिजनों के साथ है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में राजधानी दिल्ली समेत बिहार और देश के कई हिस्सों में गैंगरेप की घटनाएं बढ़ी हैं, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि देश की बेटियों के साथ हो रही बलात्कार की घटनाएं शर्मनाक हैं। उन्होंने गैंगरेप के आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग की और कहा कि इस पर यदि कड़ा कानून बनता है तो उनकी पार्टी भी इसके साथ है।
भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी भी दिल्ली गैंगरेप पीड़ित की मौत की खबर सुनकर आहत हुए और अपनी संवेदना जाहिर की।
सुरेश रैना
भले ही उसकी मौत हो गयी हो लेकिन हम उसके इस मौत को जाया नहीं जाने देंगे एक भाई और एक बेटा होने के नाते मैं भी गुस्सा हूँ।
अजिंक्य रहाने
यह सुनकर बहुत परेशान हूँ और बहुत दुख हुआ की बहादुर लडकी जिन्दगी की जंग नहीं जीत पायी, भगवान आपकी आत्मा को शान्ति दें।
युवराज सिंह
दामिनी की मौत की खबर सुनकर बहुत दुखी हूँ भारत की बेटी ईश्वर आपकी आत्मा को शान्ति दें।