{"_id":"8709df9e-5c06-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"start-process-to-end-tension-on-loc","type":"story","status":"publish","title_hn":"सीमा पर तनाव कम करने की चल रही है कसरत","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
सीमा पर तनाव कम करने की चल रही है कसरत
नई दिल्ली/गुंजन कुमार
Updated Fri, 11 Jan 2013 09:19 PM IST
विज्ञापन
नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर बढ़ रहे तनाव को कम करने के मकसद से भारत और पाकिस्तान के मिलिट्री आपरेशन के महानिदेशकों (डीजीएमओ) की हो रही लगातार बातचीत के बीच फ्लैग मीटिंग का भी फैसला लिया गया है। हालांकि पाकिस्तान की ओर से इस मीटिंग की पेशकश का अब तक कोई जवाब नहीं आया है। साथ ही भारत और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के बीच हॉटलाइन को भी पूरी तरह खोल कर रखा गया है।
विज्ञापन
रक्षा मंत्री एके एंटनी ने भी शुक्रवार को साफ कर दिया है कि डीजीएमओ की बातचीत सहित सभी उपायों के नतीजों के बाद ही सरकार फैसला लेगी। सेना के उच्चपदस्थ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि फ्लैग मीटिंग एलओसी के नजदीक किसी भी सेक्टर में की जा सकती है।
विज्ञापन
दोनों देशों के बीच हुए करार के मुताबिक जिस देश को मीटिंग की पेशकश करनी होती है वह अपने इलाके से एक खास झंडा दिखाता है। अगर सीमा पार से भी झंडा दिखाकर प्रतिक्रिया व्यक्त की जाती है तो यह माना जाता है कि पाकिस्तान इसके लिए राजी है। लेकिन अब तक पाकिस्तान ने भारत की ओर से की गई इस पेशकश का जवाब नहीं दिया है।
विज्ञापन
अधिकारी के मुताबिक उड़ी में सोमवार और मंगलवार को यात्रियों की बस कारवां-ए-अमन भी गई है। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले सोमवार-मंगलवार को भी यह सेवा चालू रहेगी। गौरतलब है कि उड़ी-चक्का दा बाग बस सेवा हफ्ते में सिर्फ सोमवार और मंगलवार को ही चलती है।
बुधवार से शुक्रवार तक ट्रकों के आने जाने की व्यवस्था की गई है। इसी तरह पुंछ-रावलकोट बस सेवा सिर्फ सोमवार को चलती है और हफ्ते के बाकी दिन यह रास्ता व्यापारियों के लिए खुला होता है। खास बात यह है कि शनिवार और रविवार को यह दोनों रास्ते बंद रहते हैं।