फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   India News Archives ›   SSC Paper Leaked Again

एसएससी का पर्चा फिर लीक, मेरठ का है मास्टर माइंड

Mon, 10 Nov 2014 03:01 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, हल्द्वानी, अल्मोड़ा, इलाहाबाद
ब्यूरो/अमर उजाला, हल्द्वानी, अल्मोड़ा, इलाहाबाद Updated Mon, 10 Nov 2014 03:01 PM IST
विज्ञापन
SSC Paper Leaked Again

तमाम एहतियात के बावजूद कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की संयुक्त हायर सेकेंडरी लेवल (सीएचएसएल) का पेपर फिर लीक हो गया। हल्द्वानी से 11, अल्मोड़ा से सात, इलाहाबाद से एक और लखनऊ से पांच नकलची पकड़े गए हैं। नकलची छात्रों से पूछताछ में पता चला कि पेपर लीक करने वाला मास्टरमाइंड मेरठ जिले के मवाना का रहने वाला कोचिंग संचालक है। पिछले सप्ताह भी इसी परीक्षा का पेपर लीक होने पर चिट के साथ तीन मुन्नाभाई पकड़े गए थे। सतर्कता के बावजूद मुन्नाभाइयों ने अधिकारियों की सारी तैयारियों पर पानी फेर दिया।

विज्ञापन


हल्द्वानी में एसडीएम हरबीर सिंह ने सीओ जीसी टम्टा के साथ रविवार सुबह डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में छापा मारकर परीक्षा दे रहे मेरठ जिले के मवाना निवासी सौरभ धामा को मोबाइल के साथ पकड़ लिया। इस छात्र के बगल में परीक्षा दे रहे बागपत जिले के बड़ौत खिरनी नेहरू रोड निवासी भानु कुमार पवार को भी पकड़ा, लेकिन वह चिट चबा गया।
विज्ञापन


प्रशासनिक अधिकारियों के पूछने पर पता चला कि मवाना (मेरठ) निवासी कोचिंग संचालक पंकज धामा ने सौरभ को हल किया हुआ पेपर उपलब्ध कराया था। इस मामले में एक अज्ञात व्यक्ति ने शनिवार को ही डीएवी के प्रिंसिपल के पास पत्र भेजकर परीक्षा पेपर लीक होने की जानकारी दी थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


इसके बाद एसडीएम ने क्वींस हायर सेकेंडरी स्कूल में छापा मारकर मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कुरालसी निवासी निर्दोष कुमार, बागपत जिले के मोजिजाबाद नांगल निवासी सन्नी पवार, पट्टी रामपुर घास की मंडी खेकड़ा निवासी बृजमोहन समेत चार लोगों को नकल करते हुए पकड़ लिया। क्वींस स्कूल में शाम की पाली में भी बागपत जिले के चार परीक्षार्थी अंकुर, अविनाश, विनीत और सोनू पकड़े गए। इनमें से एक परीक्षार्थी चिट चबा गया।

वहीं, कक्ष निरीक्षक ने डान बोस्को बेरीपड़ाव में मेरठ के अंकुर को नकल करते हुए पकड़ा। उधर, अल्मोड़ा में नकल करते पकड़े गए सात परीक्षार्थियों में बागपत जिले के चार, मुजफ्फरनगर, सोनीपत और फिरोजाबाद जिले के एक-एक अभ्यर्थी शामिल हैं। इन्होंने लिखित में नकल करने की बात स्वीकारी है। परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम प्रकाश चंद्र ने इसकी सूचना कर्मचारी चयन आयोग के दिल्ली मुख्यालय को भेज दी है।

14 शहरों के 517 केंद्रों पर हुई परीक्षा

SSC Paper Leaked Again

एसएससी की संयुक्त हायर सेकेंडरी लेवल परीक्षा के दूसरे चरण में एक अभ्यर्थी मोबाइल के साथ, दूसरे की जगह परीक्षा देते दो एवं तीन परीक्षार्थी प्रश्नपत्र की हल पर्ची के साथ पकड़े गए। वहीं एसएससी मध्य क्षेत्र की ओर से 14 शहरों के 517 केंद्र्रों पर रविवार को हुई परीक्षा में पंजीकृत 4.55 लाख परीक्षार्थियों में से 60.34 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

एसएससी मध्य क्षेत्र की ओर से पहले चरण की परीक्षा में बरेली, अलीगढ़, मेरठ सहित कई अन्य केंद्रों पर नकलची पकड़े जाने के बाद आयोग की ओर से दूसरे चरण में कड़ी निगरानी की गई। रविवार को इलाहाबाद के आईपीईएम इंटरनेशनल स्कूल में एक परीक्षार्थी मोबाइल के साथ पकड़ा गया। वहीं आगरा और लखनऊ में तीन परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र की हल पर्ची के साथ पकड़ा गया। लखनऊ के सीडी गर्ल्स इंटर कॉलेज चिनहट में दो परीक्षार्थी प्रश्नपत्र की हल पर्ची के साथ मिले। आगरा के एक केंद्र पर भी परीक्षार्थी प्रश्नपत्र की हल पर्ची लेकर आया था।

एसएससी मध्य क्षेत्र के निदेशक जेपी गर्ग ने बताया कि इलाहाबाद में आईपीईएम इंटरनेशनल स्कूल में एक छात्र को मोबाइल के साथ पकड़ा गया। केंद्र पर मोबाइल जैमर लगा होने के कारण वह पकड़ में आ सका। वाराणसी और पटना के केंद्रों पर भी एक-एक परीक्षार्थी को दूसरे की जगह नकल करते पकड़ा गया।

माफिया जेल में, पुलिस बेखबर

SSC Paper Leaked Again

यूपी के पुलिस अधिकारियों की लापरवाही का आलम देखिए कि नकल माफिया कोर्ट में समर्पण कर जेल चला गया, लेकिन पुलिस को डेढ़ महीने तक कोई भनक ही नहीं लगी। उसने बुढ़ाना में एक साल पूर्व रेलवे भर्ती परीक्षा के प्रश्न-पत्र लीक करने के मामले में सरेंडर किया था। अब पुलिस उसे रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
 
बागपत का मूल निवासी और हाल में मेरठ के पल्लवपुरम में रह रहा अरविंद राणा पुत्र ब्रह्मपाल शातिर नकल माफिया है। उसके खिलाफ कई राज्यों में महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षाओं के प्रश्न-पत्र लीक कराने के मामले दर्ज हैं। मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में भी अरविंद राणा के खिलाफ वर्ष 2013 में रेलवे भर्ती परीक्षा का प्रश्न-पत्र लीक करने के दो मुकदमे (313/13 व 316/13) दर्ज हैं। इनमें मुकदमा अपराध संख्या 313/13 में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जबकि 316/13 में छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा गया था। दोनों ही मामलों में मुख्य आरोपी अरविंद राणा फरार चल रहा था।

इसके साथ ही उसके खिलाफ गाजियाबाद, दिल्ली और अन्य कई जनपदों में भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक कराने के मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमों को लगाया गया था, लेकिन वह पुलिस की तमाम कवायद को गच्चा देकर कोर्ट में सरेंडर कर जेल चला गया। अरविंद राणा ने 26 सितंबर को बुढ़ाना रेलवे भर्ती परीक्षा प्रश्नपत्र लीक के मुकदमों में सरेंडर किया था, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया था, तभी से अरविंद राणा जेल में ही है। एसपी देहात आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि नकल माफिया अरविंद के कोर्ट में सरेंडर करने की जानकारी मिली है। उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।

जेल में रहकर चला रहा नेटवर्क
मुजफ्फरनगर। हाल ही में मेरठ में एसएससी भर्ती परीक्षा का प्रश्न-पत्र लीक किया गया था। पुलिस जांच में इस मामले में भी अरविंद राणा का नाम ही सामने आ रहा है, जबकि करीब डेढ़ माह से अरविंद जेल में ही है। ऐसे में साफ है कि जेल जाने के बाद भी अरविंद का नेटवर्क कमजोर नहीं पड़ा है। वह वहीं से नेटवर्क को सुचारु तरीके से चलाकर अपने काम को अंजाम दे रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed