क्या जशोदाबेन की वजह से एसपीजी चीफ को हटाया गया?
केंद्र सरकार ने एक अप्रत्याशित फैसले में एसपीजी चीफ के दुर्गा प्रसाद को मंगलवार को हटा दिया था। वह नेपाल दौरे पर प्रधानमंत्री के साथ थे। उन्हें दौरे के बीच में ही पद से हटाए जाने की जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री की सुरक्षा में लगे आला आधिकारी को हटाए जाने का ये पहला मामला माना जा रहा है।
कयास ये भी लगाया जा रहा है कि एसपीजी चीफ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पत्नी जशोदाबेन द्वारा दायर किए गए आरटीआई आवेदन के कारण हटाया गया। जशोदाबेन ने सोमवार को सूचना के अधिकार के तहत आवेदन करके पूछा था कि उन्हें दी जा रही सुरक्षा का आदेश किसने दिया? उन्हें अपनी सुरक्षा का ब्योरा मांगा और सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों की तैनाती के आदेश की कॉपी की मांग की थी।
जशोदाबेन ने कहा था कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या उनके ही सुरक्षा गार्डों ने कर दी थी। इसके चलते उन्हें अपने सुरक्षा गार्डों से भय महसूस होता है। इसलिए सरकार उन्हें उनकी सुरक्षा में लगे हर गार्ड की तैनाती के आदेश की कॉपी दे।
एसपीजी चीफ ने कयासों को बताया गलत
जशोदाबेन के आवेदन के दूसरे दिन ही एसपीजी चीफ के दुर्गा प्रसाद को हटा दिया गया। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री, पूर्व प्रधानमंत्री और उनके परिजनों की सुरक्षा की जिम्मेदारी एसपीजी की ही होती है।
प्रधानमंत्री की पत्नी होने के नाते प्रोटाकॉल के तहत एसपीजी ही उन्हें सुरक्षा प्रदान करती, हालांकि मेहषाणा की पुलिस ने उन्हें सुरक्षा प्रदान कर रही है। जशोदाबेन की सुरक्षा में 10 जवान तैनात हैं, जो 5-5 के समूह में दो शिफ्टों में काम करते हैं।
हालांकि जब दुर्गा प्रसाद से पूछा गया कि क्या उन्हें जशोदाबेन के आवेदन के कारण हटाया गया तो उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है। दुर्गा प्रसाद ने कहा कि उनका कार्यकाल दो नवंबर में ही पूरा हो चुका था।
मोदी के साथ नेपाल दौरे पर हैं एसपीजी चीफ
प्रसाद ने बताया कि उन्हें सेवा विस्तार दिया गया था। वे दो नवंबर को ही अपना कार्यकाल पूरा कर चुके थे। उन्होंने इस बात से भी इनकार किया उन्हें पद से हटाए जाने के बाद जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि एसपीजी चीफ के पद से जुड़े फैसले उनकी जानकारी में लिए गए।
प्रसाद ने कहा कि नेपाल से लौटने के बाद वे अपना पद छोड़ेंगे। प्रसाद के पद से हटने के बाद जब तक नए चीफ की नियुक्ति नहीं होती, तब तक सबसे वरिष्ठ अधिकारी को ये पद सौंपा जाएगा। प्रसाद 1981 बैच के आईपीएस ऑफिसर हैं और दो नवंबर, 2011 को एसपीजी चीफ का पद संभाला था। प्रसाद के हटने बाद एसएस चतुर्वेदी ये पद संभाल सकते हैं।