छात्र ने गलती से लिख दिया ऐसा शब्द, पुलिस के भी उड़े होश
ब्रिटेन के लंकाशायर में एक दस वर्षीय मुस्लिम छात्र का यह लिखना कि वह आतंकी घर में रहता है, सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का सबब बन गया।
पुलिस ने जब मौके पर पहुंची और छात्र से पूछताछ की तो पता चला कि अंग्रेजी में उसने ‘टेरेस्ड’ की जगह ‘टेररिस्ट’ घर लिख दिया था।
मिरर की खबर के मुताबिक, छात्र लंकाशायर के एक्रिंगटन प्राइमरी स्कूल का छात्र है। वह अपने लैपटॉप में टेरेस्ड हाउस (सीढ़ीदार घर) लिखना चाह रहा था और इसकी जगह टेररिस्ट हाउस (आतंकी घर) लिख बैठा।
गलत स्पेलिंग लिखने से बना भ्रम
शिक्षक को जैसी ही यह जानकारी मिली, उसने पुलिस को सूचित किया। खबर मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सचेत हो गईं।
पुलिस की एक टीम छात्र के घर पहुंची और उससे पूछताछ की। छात्र के लैपटॉप को भी खंगाला गया। मामला साफ होने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। गौरतलब है कि ब्रिटेन में बीत साल जुलाई से यह कानून बनाया गया है कि शिक्षक छात्रों के चरमपंथी व्यवहार के बारे में अधिकारियों को सूचित करें।
हालांकि पुलिस की कार्रवाई से अभिभावक सकते में हैं। उनके मुताबिक, शिक्षक को पुलिस तक बात पहुंचाने से पहले स्पेलिंग सुधारने की ओर ध्यान देना चाहिए था।