जल्द ही केरल में ट्रांसजेंडर चलाएंगे स्पेशल जी-टैक्सी
समाज की मुख्यधारा में अपनी जगह बनाने के लिए कठिन प्रयास कर रहे ट्रांसजेंडर के लिए केरल में जल्द ही जी-टैक्सी की शुरुआत की जाएगी।
समाज में ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रति नजरिये में बदलाव लाने के लक्ष्य के साथ देश में पहली ट्रांसजेंडर नीति का अनावरण करने के बाद अब राज्य सरकार जेंडर टैक्सी को शुरू करने के लिए तैयार है।
इसके तहत ट्रांसजेंडर टैक्सी के मालिक भी होंगे और इसे संचालित भी करेंगे।
महिलाओं के लिए है शी-टैक्सी
महिलाओं के लिए शी-टैक्सी के बाद ट्रांसजेंडरों की आजीविका के लिए बेहतर साधन उपलब्ध कराने के लिए और समाज में उनके साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार को खत्म करने के लिए जी-टैक्सी कार्यक्रम की शुरुआत की जा रही है।
अगर सब कुछ योजना के अनुसार हुआ तो इस वर्ष मार्च में इसकी शुरुआत हो जाएगी। राज्य के सामाजिक न्याय मंत्री एम के मुनीर ने बताया कि जी-टैक्सी ट्रांसजेंडर नीति के व्यावहारिक अमल की दिशा में सरकार के पहले कदम का हिस्सा है जिसकी शुरुआत पिछले साल नवंबर में की गई थी।