राहुल के लिए सपा नेता से लिया खून, अफसर फंसे
कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के लिए बी निगेटिव खून की व्यवस्था समय से करने के चक्कर में स्वास्थ्य अफसर फंस गए हैं। सपा नेता और पूर्व पार्षद रामनगीना साहनी ने खून देने के बाद स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखा है।
उन्होंने कहा कि एक गरीब के नाम पर खून मांगा गया था और उसे राहुल गांधी के लिए भेज दिया गया। बिना मुझे सही बात बताए खून लेना गंभीर बात है।
मालूम हो कि राहुल गांधी को बिहार चुनाव के लिए गोरखपुर होकर जाना था। उनकी सुरक्षा के मद्देनजर बी निगेटिव खून की व्यवस्था करनी थी। मगर अस्पताल में इस ग्रुप का खून ही नहीं था। इसके बाद ब्लड बैंक की ओर से स्वैच्छिक रक्तदाताओं से संपर्क किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर शिकायत की
शाम को पूर्व पार्षद और सपा नेता रामनगीना साहनी ने खून दे दिया। मगर जब उन्हें यह मालूम हुआ कि उनका खून किसी गरीब को नहीं बल्कि राहुल गांधी के लिए गया है तो उन्होंने नाराज होकर स्वास्थ्य मंत्री को इस संबंध में पत्र लिखकर शिकायत की है।
उन्होंने कहा है कि गरीब के नाम पर खून मांगकर राहुल गांधी को दिया जाना ठीक नहीं है। उन्हें यदि खून की जरूरत थी तो सच बात बतानी चाहिए थी। चूंकि मुझे किसी गरीब को खून देने में आपत्ति नहीं है लेकिन सिर्फ वीआईपी ड्यूटी के लिए खून का इस्तेमाल होना निंदनीय है।