{"_id":"fe342c86-301a-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"sp-gets-into-poll-mode-releases-list-of-55-candidates-for-lok-sabha-election","type":"story","status":"publish","title_hn":"सपा के ऐलान ने मचाई दिल्ली में सनसनी","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
सपा के ऐलान ने मचाई दिल्ली में सनसनी
नई दिल्ली/ब्यूरो
Updated Sat, 17 Nov 2012 12:41 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश में सपा के लोकसभा उम्मीदवारों की पहली सूची के ऐलान से दिल्ली में सियासी हलचल मच गई है। यूपीए सरकार को बाहर से समर्थन दे रही सपा ने अचानक उम्मीदवारों का ऐलान कर मध्यावधि चुनाव की आशंका को फिर से बढ़ा दिया है।
विज्ञापन
सपा के सियासी दांव से कांग्रेस के मैनेजरों में सियासी सिरहन पैदा हो गई है, जबकि पार्टी को एक बार फिर सफाई देनी पड़ी है कि देश में चुनाव तय समय में ही होंगे और यूपीए सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। यूपीए सरकार को गिरने से बचाने में सपा की अभी तक अहम भूमिका रही है।
विज्ञापन
सपा यूपीए सरकार की सबसे बड़ी पालनहार कहलाती है। मगर उसके लखनऊ से एक साथ पचास से ज्यादा उम्मीदवार के ऐलान के सियासी निशाने से कांग्रेस खुद को चोटिल मान रही है। पार्टी के मैनेजरों को आशंका है कि सपा दोहरी राजनीतिक तैयारी कर रही है।
विज्ञापन
एक तरफ यूपीए सरकार से सांठगांठ कर उत्तर प्रदेश से आर्थिक पैकेज का दांव खेल रही है तो दूसरी तरफ खुद की चुनावी जमीन तैयार कर 2014 के चुनाव में सबसे मजबूत बनने की कसरत जारी रखे हुए है। कांग्रेस को सबसे ज्यादा डर इस बात का है कि कहीं पार्टी मध्यवाधि चुनाव करवाने के लिए मन तो नहीं बना रही है।
कांग्रेस के एक रणनीतिकार ने कहा कि सपा ने इतनी जल्दी उम्मीदवारों का ऐलान ऐसे कर दिया है जैसे कि एक महीने बाद लोकसभा चुनाव होने हों। दूसरी तरफ कांग्रेस ने औपचारिक तौर पर सपा के टिकटों के ऐलान पर ज्यादा कुछ बोलने से परहेज किया है।
कांग्रेस प्रवक्ता राशिद अल्वी ने कहा कि सपा ने एक राजनीतिक दल के नाते अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया है। इससे कांग्रेस का कोई लेना देना नहीं है। मध्यावधि चुनाव के ऐलान पर अल्वी ने कहा कि तय समय में ही चुनाव होगे और यूपीए सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी।